बंगाल में गरजेंगे गृहमंत्री अमित शाह, शनिवार और रविवार की रैली बदलेगी सियासी समीकरण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक बार फिर पश्चिम बंगाल में गरजेंगे। जानकारी के अनुसार शाह शनिवार और रविवार को पश्चिम बंगाल में दो रैलियों को संबोधित करेंगे। आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर वह और भी कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। बता दें कि पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, शाह शुक्रवार की रात कोलकाता पहुंचेंगे। वह शनिवार से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। सबसे पहले वह शनिवार को मायापुर में इस्कॉन मंदिर जाएंगे और वहां पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद वह ठाकुरनगर क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद शाह शनिवार की शाम पार्टी के सोशल मीडिया टीम के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पूर्व भाजपा अध्यक्ष रविवार को हावड़ा के डुमुरजाला में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दिन वह अरविंदों भवन और बेलूर मठ का भी दौरा करेंगे। सूत्रों का कहना है कि शाह बेलूर में रविवार को एक जूट मिल के कर्मचारी के घर दोपहर का भोजन करेंगे।
बता दें कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य की 42 में से 18 सीटें जीती थीं। इसके बाद से भाजपा वहां की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस की सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बेदखल करने के लिए पार्टी एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री इस सिलसिले में लगातार राज्य का दौरा कर रहे हैं।
रैली में हो सकता है कुछ आश्चर्यजनक
प्रदेश भाजपा के एक नेता ने कहा कि शनिवार सुबह शाह इस्कॉन, मायापुर जाएंगे। इसके बाद वह उत्तरी 24 परगना स्थित ठाकुरनगर जाएंगे, जो मतुआ समुदाय का गढ़ है। दिन में बाद में, वह पार्टी के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ के साथ एक बैठक करेंगे। उनके कुछ अन्य कार्यक्रम भी हैं।
भाजपा की चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए शाह पार्टी के नेताओं के साथ एक बैठक भी करेंगे। भाजपा नेता ने बताया कि रविवार को वह अरविंदो भवन जाएंगे। इसके बाद वह भारत सेवाश्रम संघ जाएंगे। वहां से वह हावड़ा रवाना होंगे, जहां वह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद, शाम में वह बेलूर मठ जाएंगे। भाजपा सूत्रों के मुताबिक हावड़ा में शाह की रैली में कुछ आश्चर्यजनक राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है।
प्रदेश भाजपा प्रमुख दिलीप घोष ने कहा कि हमारी पार्टी में तृणमूल कांग्रेस के जिन नेताओं के शामिल होने की संभावना है उनकी सूची सोशल मीडिया पर घूम रही है। मैं सिर्फ यही कह सकहा हूं कि रविवार को कई आश्चर्यजनक चीजें देखने को मिलेंगी। राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
तृणमूल कांग्रेस के अंदर बढ़ रही बगावत
राज्य में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के अंदर बढ़ती बगावत के बीच शाह की यह यात्रा हो रही है। उल्लेखनीय है कि राज्य में कई मंत्री एवं तृणमूल कांग्रेस के विधायक अपनी पार्टी तथा राज्य सरकार के कामकाज के खिलाफ खुल कर बोल रहे हैं।
इस बीच, ये अटकलें भी तेज हो गई हैं कि कैबिनेट मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके एवं तृणमूल कांग्रेस विधायक राजीब बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस से निष्कासित विधायक बैशाली डालमिया और उत्तरपारा विधायक प्रबीर घोषाल भी शाह की यात्रा के दौरान भगवा पार्टी का दामन थाम सकते हैं।