उत्तराखंड, गुजरात नदी-नाले उफान पर, मध्यप्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के कई राज्यों में इस वक्त भारी बारिश हो रही है। जिससे लोगों को बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं सड़क के गड्ढे जान के लिए आफत बन रहे हैं तो कहीं बाढ़ का पानी लोगों के घरों में भर चुका है। भारी बारिश से मुंबई का तो बुरा हाल है ही। साथ ही मध्य प्रदेश, ओडिशा और उत्तराखंड के कई इलाकों में भी हालात सामान्य नहीं हैं।
मध्य प्रदेश में बारिश से बुरा हाल
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की बात करें तो यहां जुलाई में अब तक 196.7 मिमी बारिश हो चुकी है। शहर के कई हिस्सों में तो आधा फीट तक पानी भर गया है। मौसम विभाग ने भोपाल, उज्जैन, इंदौर, होशंगाबाद और सागर में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
गुजरात में बारिश से बढ़ा खतरा
ऐसा ही कुछ हाल गुजरात का भी है। यहां सात जिलों में नदी नाले उफान पर हैं। जिससे लोगों की जान को खतरा बढ़ता जा रहा है। सोमवार को राज्य के सोमनाथ जिले के गिर गढड़ा में 364 मिमी बारिश हुई। यहां ट्रैक पर पानी आ जाने से एक ट्रेन फंस गई। इस दौरान करीब 95 लोगों की जान खतरे में पड़ गई थी। जिन्हें बाद में बचा लिया गया।
सुरक्षा के मद्देनजर गुजरात में एनडीआरएफ की 15 टीमों के साथ ही एयरफोर्स को भी अलर्ट पर रखा गया है। इसके अलावा यहां नवासरी, अमरेली, जूनागढ़ और सूरत में 500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। वहीं उना, भावसागर और वलसाड में अभी तेज बारिश हो रही है। इससे यातायात पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है।
दिल्ली में भी झमाझम बारिश
देश के कई इलाकों में तो मानसून ने समय पर दस्तक दे दी थी। लेकिन एक दिल्ली ही ऐसा शहर था जहां बारिश की बूंद के लिए लोग तरस रहे थे। लेकिन बीते कुछ दिनों से दिल्ली में भी बारिश ने दस्तक दे दी है। यहां सोमवार को सफदरगंज, लोधी रोड और पालम समेत कई इलाकों में जोरदार बारिश देखने को मिली। इस कारण कई इलाकों में लोग घंटों जाम में फंसे रहे।
उत्तराखंड में बारिश से बुरा हाल
उत्तराखंड में भी बारिश अपने उफान पर है। यहां चमोली में बादल फट गया जिससे कई घरों और दुकानों को नुकसान पहुंचा है। पानी भर जाने से करीब 10 गाड़ियां भी बह गईं। इसके अलावा ऋषिकेश के गंगोत्री और यमुनोत्री को जोड़ने वाले हाईवे पर भी लैंडस्लाइड हुआ है।
सोमवार रात से हो रही भारी बारिश के बाद यमुनोत्री धाम में भारी तबाही हुई है। यहां कई भवनों सहित गर्म कुंड और पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से जानकी चट्टी के तटीय इलाकों पर मौजूद कुछ भवन बह गए हैं और कुछ क्षतिग्रस्त हो गए हैं। किसी जन हानी की सूचना नहीं है।
ओडिशा में 50 मिमी बारिश
ओडिशा के 12 जिलों में रविवार से सोमवार तक औसतन 50 मिमी बारिश हुई है। राजधानी भुवनेश्वर, कटक और पुरी में भी जनजीवन प्रभावित रहा।
केरल में बारिश ने ली 12 लोगों की जान
केरल में भी लोगों को भारी बारिश से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां बारिश के चलते सड़क और रेल परिवहन प्रभावित रहा। अभी तक महज एक हफ्ते के अंदर ही यहां 12 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मंगलवार को कोंकण गोवा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, गुजरात, कर्नाटक के तटीय क्षेत्र और केरल के अलग अलग हिस्सों में अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इसके अलावा उत्तराखंड, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में भी तेज बारिश की आशंका जताई है।