चार रैलियों से हरियाणा 'कवर' करेंगे पीएम मोदी, राजनाथ-शाह की 12-12 रैली, राहुल-सोनिया की भी सभाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव का रण शुरू हो चुका है और सभी पार्टियों ने एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया है। प्रदेश में 90 विधानसभा सीटें हैं और भाजपा ने 75 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भाजपा ने रविवार को दिग्गज स्टार प्रचारकों की सूची और उनकी रैलियों का कार्यक्रम जारी किया है, जिसके अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में चार रैलियां करेंगे।
उनकी पहली रैली 14 अक्तूबर को बल्लभगढ़ में होगी, वहीं दूसरी और तीसरी रैली 15 अक्तूबर को क्रमश: दादरी और थानेसर में होगी। उनकी चौथी और अंतिम रैली 18 अक्टूबर को हिसार में होगी। पीएम मोदी इन रैलियों के जरिए हरियाणा विधान सभा की 90 सीटों को कवर करेंगे।
अगले 13 दिनों तक हरियाणा में रैलियां और रोड शो होंगे। रैली में सभी विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी भी शामिल होंगे। पार्टी पहले ही अपने 40 स्टार प्रचारकों की ड्यूटी लगा चुकी है।
मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां
प्रधानमंत्री के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह की 12—12 रैलियां होंगी। पीएम मोदी के हरियाणा दौरे से पहले गृहमंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह दो दिन हरियाणा जाएंगे। उनका पहला दौरा नौ अक्तूबर को होगा, जिसमें वे कैथल में पुंडरी, गुहला-चीका और कैथल विधानसभाओं की एक संयुक्त रैली करेंगे।
वहीं, 14 अक्तूबर को टोहाना में रतिया, टोहाना, नरवाना विधानसभाओं के लिए रैली करेंगे। वहीं, पंचकूला में पंचकूला, कालका विधानसभा की रैली होगी और दोपहर बाद करनाल में करनाल, इंद्री, असंध और नीलोखेड़ी विधानसभाओं के लिए रैली करेंगे। शाह शाम चार बजे बादशाहपुर पहुंचेंगे, जहां गुरुग्राम, पटौदी और बादशाहपुर के लिए रैली करेंगे।
नड्डा और योगी भी उतरेंगे प्रचार अभियान में
हरियाणा विधानसभा चुनाव में अधिक से अधिक सीटों पर विजय हासिल करने के लिए सिर्फ पीएम मोदी ही रैलियां नहीं करेंगी, बल्कि पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी चुनाव की रैलियों को संबोधित करेंगे।
नड्डा 11 अक्तूबर को चार रैलियां करेंगे। सुबह 11 बजे डबवाली में, दोपहर 12:45 बजे रानिया में, करीब दो बजे कालांवाली में और शाम चार बजे पटौदी में रैली करेंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ 11 अक्टूबर को कालका, नारायणगढ़, जुलाना, सोनीपत में रैलियों को संबोधित करेंगे। वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर 14 अक्टूबर को शाहाबाद व थानेसर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
सोनिया-राहुल और मायावती की भी रैलियां
हरियाणा विधानसभा चुनावों में पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका के अलावा सभी दिग्गज नेताओं की रैलियां होंगी। कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने बताया कि नई दिल्ली की बैठक में तय तारीख और समय के अनुसार रैलियां होंगी।
इधर, बसपा सुप्रीमो मायावती 16 और 18 अक्टूबर को रैलियां करेंगी। 16 को दो रैली और 18 को भी दो रैलियों को वे संबोधित करेंगी। इन दो रैलियों के जरिए प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों के लिए अपील की जाएगी।