{"_id":"5bbe7d16867a55281e3ffb2e","slug":"gujarat-violence-notice-of-human-rights-commission-to-chief-secretary-and-dgp","type":"story","status":"publish","title_hn":"गुजरात हिंसा : मुख्य सचिव और डीजीपी को मानवाधिकार आयोग ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
गुजरात हिंसा : मुख्य सचिव और डीजीपी को मानवाधिकार आयोग ने नोटिस जारी कर मांगा जवाब
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद
Updated Thu, 11 Oct 2018 03:58 AM IST
विज्ञापन
गुजरात राज्य मानवाधिकार आयोग ने बुधवार को उत्तर भारतीयों पर हमले और पलायन की घटनाओं के बाद मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है। आयोग ने 20 दिनों में जवाब देने को कहा है। आयोग की अध्यक्ष जस्टिस (रिटायर्ड) अभिलाषा कुमारी ने कहा कि सूबे में उत्तर भारतीयों के खिलाफ हिंसा हो रही है। उन्हें धमकाया और मारा-पीटा जा रहा है। आयोग ने मुख्य सचिव जेएन सिंह और डीजीपी शिवानंद झा को यह बताने के लिए कहा है कि उन्होंने राज्य में शांति बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर क्या ठोस कदम उठाए हैं।
विज्ञापन
बेरोजगारी का समाधान हिंसा नहीं : येचुरी
माकपा ने गुजरात में उत्तर भारतीयों पर हो रहे हमलों की निंदा की है। पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा गुजरात हिंसा खराब हालात की ओर संकेत कर रही है। जो भी हो रहा है, वह बहुत गंभीर है। हिंसा, नफरत और मारपीट से बेरोजगारी और आर्थिक समस्याओं का हल नहीं निकाला जा सकता। वहीं, पार्टी की केंद्रीय समिति ने बयान जारी कर कहा कि हिंसा की वजह से हजारों कामगारों और उनके परिवार को जान बचाने के लिए पलायन करना पड़ा। गुजरात की भाजपा सरकार हिंसा को रोकने की बजाय इसे बढ़ावा दे रही है।
विज्ञापन
अल्पेश आज रखेंगे उपवास
कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर बृहस्पतिवार को एक दिन का सद्भावना उपवास रखेंगे। गुजरात हिंसा के लिए खुद और उनके संगठन ठाकोर सेना पर लगे आरोपों के झूठा बताते हुए उन्होंने प्रवासी मजदूरों को उपवास में शामिल होने का न्योता दिया है। अल्पेश के सहयोगी मुकेश भारवाड़ ने बताया कि हमारा उद्देश्य लोगों तक यह संदेश पहुंचाना है कि हम किसी के भी खिलाफ नहीं है। हम गुजरात में शांति और भाईचारा चाहते हैं।
विज्ञापन