Gujarat: पुलिस ने कनाडा भेजा पिछले साल हुई मौतों का अपडेट, चोरी-छिपे अमेरिका जाते वक्त गई थी चार लोगों की जान
पुलिस के अनुसार, मृतक जगदीश, उसकी पत्नी और उनके दो बच्चों की कनाडा से अमेरिका जाते वक्त अत्यधिक ठंड के कारण मौत हो गई थी। गुजरात के तीन एजेंट उन्हें अवैध रूप से बॉर्डर पार करा रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
विस्तार
गुजरात पुलिस ने कनाडा पुलिस को गुजरात के चार नागरिकों के मौत की जांच के लिए अवगत कराया, जो पिछले साल उत्तरी अमेरिकी देश से चोरी छिपे एजेंटों की मदद से अमेरिका में घुसने की कोशिश कर रहे थे। शुक्रवार को गुजरात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक एक परिवार के ही सदस्य थे और वह गांधीनगर के डींगुचा गांव के रहने वाले थे।
यह है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, मृतक जगदीश, उसकी पत्नी और उनके दो बच्चों की कनाडा से अमेरिका जाते वक्त अत्यधिक ठंड के कारण मौत हो गई थी। गुजरात के तीन एजेंट उन्हें अवैध रूप से बॉर्डर पार करा रहे थे, जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। मामले की जांच कर रहे अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त चैतन्य मांडलिक ने कहा कि कनाडा के सुरक्षा लाइजन अधिकारी कुछ दिनों पहले नियमित प्रक्रिया के दौरे पर उनके दफ्तर आए थे। हमने डींगुचा मामले में चर्चा की थी। हमने जनवरी 2022 में मामले में आरोपी तीनों एजेंट योगेश पटेल, भावेश पटेल और दर्शन चौधरी को गिरफ्तार किया था।
बाकी सात लोगों को अमेरिकी सेना ने पकड़ा
मांडलिक ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि आरोपी पहले भी सात लोगों को कनाडा से अमेरिका भेज चुका है। चार लोगों की हुई मौत के वक्त आरोपी 11 लोगों को बॉर्डर पार करने के लिए बर्फ पर चलने के लिए मजबूर किया था। इस वजह से उनकी मौत हो गई थी। हालांकि, अमेरिका की सेना ने बाकी सात लोगों को सीमा पार करते ही पकड़ लिया था।