Big News: गुजरात कैडर के आईपीएस वी चंद्रशेखर CBI के संयुक्त निदेशक नियुक्त, कैबिनेट की नियुक्ति समिति का फैसला
कार्मिक मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने पांच साल की अवधि के लिए सीबीआई के संयुक्त निदेशक पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है।
विस्तार
गुजरात-कैडर के आईपीएस अधिकारी वी चंद्रशेखर को मंगलवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) में संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, 2000 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारी चंद्रशेखर ने केंद्रीय जांच एजेंसी में पुलिस अधीक्षक और उप महानिरीक्षक के रूप में भी काम किया था। आदेश में कहा गया है कि कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने पांच साल की अवधि के लिए सीबीआई के संयुक्त निदेशक पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी है।
सीएम एकनाथ शिंदे ने मुंबई में भूटान नरेश से की मुलाकात
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को मुंबई में भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात की। राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे। सरकारी बयान में कहा गया है कि सीएम शिंदे ने भारत की यात्रा पर आए भूटान नरेश से कहा कि महाराष्ट्र हिमालयी राष्ट्र के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग देगा। सीएम शिंदे ने बैठक के दौरान कहा कि हर साल भूटानी पर्यटक महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में विश्व प्रसिद्ध अजंता-एलोरा की गुफाओं को देखने आते हैं। साथ भी महाराष्ट्र के लोगों के लिए भूटान लोकप्रिय गंतव्य है। वहीं, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दक्षिण मुंबई स्थित राजभवन में 43 वर्षीय राजा वांगचुक से अलग से मुलाकात की। भूटान नरेश तीन नवंबर से आठ दिवसीय भारत यात्रा पर हैं।

केरल के वायनाड में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़
केरल के वायनाड जिले में पुलिस और माओवादियों के बीच मंगलवार रात मुठभेड़ शुरू हो हुई। पुलिस सूत्र ने बताया कि थलप्पुझा थाना क्षेत्र में जंगल में गोलीबारी हुई। केरल पुलिस की विशेष टीमों ने पड़ोसी कोझिकोड जिले में दिन में पकड़े गए एक माओवादी समर्थक से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था। ऑपरेशन के दौरान माओवादियों ने राज्य पुलिस के विशेष कमांडो बलों, स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) और थंडरबोल्ट स्क्वाड पर गोलीबारी की। सूत्र ने बताया, बलों ने जवाबी कार्रवाई की।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के पहले चरण में मंगलवार को मिजोरम की सभी 40 व छत्तीसगढ़ की 20 सीटों पर वोट डाले गए। मिजोरम में 80.05% एवं छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा के बीच 76.26% मतदान हुआ।
- मिजोरम में चुनाव शांतिपूर्ण रहा... 2018 में 81.5% मतदान हुआ था।
- छत्तीसगढ़ के सुकमा में मतदान के दौरान केंद्रीय बलों व नक्सलियों में झड़प की घटनाएं हुईं। इसमें पांच जवान घायल हुए हैं।
- नगालैंड की तापी सीट पर हुआ उपचुनाव : 96.25% वोट पड़े।
कर चोरी में शराब कारोबारी सोम समूह के कई ठिकानों पर छापे
शराब के निर्माण और बिक्री के क्षेत्र में बड़े खिलाड़ी सोम समूह के ठिकानों पर आयकर विभाग ने छापे मारे हैं। मंगलवार को आधिकारिक सूत्रों ने बताया समूह के खिलाफ कर चोरी की जांच के सिलसिले में यह तलाशी अभियान चलाया गया है। दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में समूह के 40 से 45 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। मध्य प्रदेश में समूह के बड़े संयंत्र हैं। आयकर विभाग ने यहां मुख्य रूप से भोपाल और पड़ोसी रायसेन जिले में विभिन्न ठिकानों पर छापे मारे हैं। देश में शराब कारोबार के क्षेत्र में सोम समूह प्रमुख स्थान रखता है। इसका अपना बॉटलिंग प्लांट है। यह समूह शराब के निर्माण के साथ ही उसकी मार्केटिंग, बॉटलिंग, लेबलिंग और वितरण में शामिल है।
विदेशी स्रोतों से निवेश
दरअसल, आयकर विभाग को जानकारी मिली थी कि समूह में कुछ विदेशी स्रोतों समेत कई अन्य स्रोतों से निवेश किया गया है। विभाग इन्हीं आरोपों के संबंध में समूह के खिलाफ जांच कर रहा है।
आतंकी पन्नू की धमकी के बाद पंजाब और दिल्ली हवाईअड्डों पर बढ़ी सुरक्षा
खालिस्तान समर्थक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी के बाद एअर इंडिया अलर्ट पर है। इसके एअर इंडिया के विमानों में यात्रा करने वाले यात्रियों को राष्ट्रीय राजधानी व पंजाब के हवाईअड्डों पर दो बार जांच से होकर गुजरना पड़ेगा। साथ ही अस्थायी हवाईअड्डा प्रवेश पास के अलावा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (आईजीआईए) की टर्मिनल इमारत में आगुंतकों का प्रवेश 30 नवंबर तक के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो ने इस संबंध में परिपत्र जारी किया है। सूत्रों ने बताया कि आईजीआईए और पंजाब में हवाईअड्डों पर एअर इंडिया की उड़ानों के लिए ‘सेकेंडरी लैडर पॉइंट चेक’ किया जाएगा।
पनीरसेल्वम पर अन्नाद्रमुक का नाम झंडे, चिह्न इस्तेमाल करने पर रोक
मद्रास हाईकोर्ट ने मंगलवार को अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेता ओ पनीरसेल्वम (ओपीएस) को पार्टी के नाम, झंडे, चिह्न और लेटरहेड का उपयोग करने से रोक दिया। जस्टिस एन सतीशकुमार ने अन्नाद्रमुक महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री एडप्पादी के पलानीस्वामी (ईपीएस) की ओर से दायर एक याचिका पर ओपीएस के पार्टी से जुड़ी इन चीजों के इस्तेमाल पर अंतरिम रोक लगाई।
डूबने से हुई राउरकेला की पूर्व सहायक जिलाधिकारी की मौत
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में राउरकेला की पूर्व सहायक जिलाधिकारी सुष्मिता मिंज की विसरा रिपोर्ट से संकेत मिला है कि उनकी मौत डूबने से हुई, जबकि मिंज के परिवार का आरोप है कि उनकी हत्या की गई। रिपोर्ट के बारे में राउरकेला के पुलिस अधीक्षक मित्रभानू महापात्रा ने बताया, हमें उनकी विसरा रिपोर्ट प्राप्त हुई है और हम उसकी जांच कर रहे हैं। रिपोर्ट में इस बात का जिक्र है कि मौत डूबने की वजह से हुई है।
विधायिका का गलत इस्तेमाल कर रही केरल सरकार: आरिफ
केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने मंगलवार को राज्य सरकार पर विधायिका का उपयोग गलत उद्देश्यों के लिए करने और विभिन्न मुद्दों पर उन्हें अंधेरे में रखने का आरोप लगाया। खान यहां सुप्रीम कोर्ट की हालिया टिप्पणी पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। राज्य सरकारों और राज्यपालों के मिलकर काम करने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से उन्हें ऐसा करना चाहिए लेकिन, जब विधायिका का उपयोग अन्य उद्देश्यों के लिए किया जाता है तो क्या किया जाना चाहिए। उन्होंने पूछा कि आप अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर कानून पारित करते हैं। फिर क्या करें? आप चाहते हैं कि मैं ऐसी बात के लिए सहमति दे दूं जहां स्पष्ट है कि उन्होंने अपने अधिकार का उल्लंघन किया है।
40 साल तक पीटोसिस नामक बीमारी से जूझती रही: जीनत अमान
बीते जमाने की मशहूर अभिनेत्री जीनत अमान 40 वर्षों से पीटोसिस नामक आंखों की बीमारी से जूझ रही थीं। इसके चलते उन्हें दाहिनी आंख की सर्जरी करानी पड़ी। अब जाकर उनकी दृष्टि स्पष्ट हुई। अभिनेत्री ने कहा, यह ऐसा सच था, जिसे मैं टालती गईं। वर्षों से इस बीमारी के कारण मेरी पलक बहुत अधिक झुक गई और मुझे चीजें धुंधली दिखाई देती थीं। छोटे बेटे जहान और दोस्त कारा ने उन्हें 19 मई को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया था। अमान ने कहा कि अब वह धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं और उनकी दृष्टि में काफी सुधार हुआ है।
ओडिशा में भ्रष्टाचार मामलों में दो अधिकारी समेत तीन दोषी करार
ओडिशा में राज्य सतर्कता विभाग द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार और जालसाजी के मामलों में मंगलवार को दो सरकारी अधिकारियों और एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को दोषी ठहराया गया। सतर्कता विभाग ने एक बयान में कहा कि दोषियों में स्कूल शिक्षक नागेश कुमार महाकुड, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता लीलावती मोहंता और राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा (सेवानिवृत्त) शामिल हैं। बालासोर की एक अदालत ने महाकुड को एक साल और मोहंता को दो साल की कैद की सजा सुनाई। दोनों पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।