वीडियो में बहू को पीटते नजर आए हैदराबाद हाईकोर्ट के पूर्व जज, दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज
विभिन्न अपराधों से पीड़ित जनता को न्याय की किरण दिखाने वाले जज ने ही ऐसा काम किया है कि न्याय व्यवस्था से भरोसा उठ जाए। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में हैदराबाद हाईकोर्ट के पूर्व जज अपनी बहू के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
शुक्रवार को सामने आए इस वीडियो में पूर्व जज नूटी राममोहन राव और उनके परिवार के लोग बहू सिंधु शर्मा के साथ मारपीट करते नजर आए। बता दें कि कुछ महीने पहले ही सिंधु ने हैदराबाद के सेंट्रल क्राइम स्टेशन में दुर्व्यवहार की शिकायत दर्ज कराई थी।
26 अप्रैल को पूर्व जज, उनकी पत्नी, बेटे और नौकर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया था। सिंधु द्वारा जारी एक वीडियो में पूर्व जज का बेटा वशिष्ठ सिंधु के साथ मारपीट करना दिखाई दे रहा है। वहीं, पूर्व जज सिंधु का हाथ पकड़े हुए थे।
सिंधु ने शुक्रवार को नामपल्ली फैमिली कोर्ट में अधिकारियों को इस बाबत बताया था। हालांकि, अधिकारी कह रहे हैं कि सिंधु ने उन्हें मारपीट का वीडियो होने की बात कही थी, लेकिन अब कह रहे हैं कि उन्हें वीडियो नहीं मिला है।
जांच के लिए हाजिर होने का नोटिस जारी
आरोपियों के खिलाफ धारा 498ए, 323 और 406 के तहत मामला दर्ज किया गया है और इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने कुछ समय पहले राव की पत्नी लक्ष्मी और बेटे वशिष्ट को जांच के लिए हाजिर होने का नोटिस भी जारी किया था।
सिंधु ने कहा कि मेरे पास मारपीट के कई वीडियो हैं, लेकिन मैंने कभी इन्हें उजागर नहीं किया, क्योंकि बच्चों के भविष्य को देखते हुए मैं पति के साथ ही रहना चाहती थी। सिंधु ने वीडियो तब जारी किए, जब उसके पति ने तलाक का नोटिस भेजकर नामपल्ली फैमिली कोर्ट में हाजिर होने को कहा।
सोमवार को होगी सुनवाई
पुलिस ने नामपल्ली क्रिमिनल कोर्ट से राव और उनके परिवार के खिलाफ सर्च वारंट जारी करने की अनुमति मांगी है। सोमवार को मामले की सुनवाई होगी। हाईकोर्ट ने दोनों बच्चों की कस्टडी सिंधु को सौंपने के आदेश दिए हैं। इससे पहले दोनों बच्चे राव और उसके परिवार के पास ही रह रहे थे।