शॉपिंग को हो जाइए तैयार क्योंकि खुल गया है यहां पहला 'तैरता बाजार'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अगर आप पश्चिम बंगाल जा रहे हैं तो वहां के तैरते बाजार से शॉपिंग करना न भूलिएगा। थाइलैंड के फ्लोटिंग मार्केट की तर्ज पर बने इस बाजार का उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने किया। यह बाजार दक्षिणी कोलकाता के पाटुली इलाके की एक झील पर बनाया गया है जिसे अब आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।
24,000 वर्ग किलोमीटर में फैले हुए इस बाजार में नावों पर फल, सब्जियों, अनाज, इत्यादि के अलावा मांस, मछली, तेल और चाय की खरीद-फरोख्त की जा सकेगी। जिसकी खरीददारी करने के लिए ग्राहक एक ओर से प्रवेश कर के दूसरी तरफ से आसानी से निकल सकेंगे। यहां 100 से भी ज्यादा नावों पर यह बाजार लगाया जा रहा है। फ्लोटिंग मार्केट का यह कॉन्सेप्ट थाईलैंड और सिंगापुर जैसे शहरों में पहले से है, कोलकाता के लोगों के लिए यह अपनी तरह का पहला और अनोखा अनुभव है।
लागत की बात करें तो इस मार्केट को बनाने में लगभग नौ करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। यह बाजार सुबह 6 से रात के 9 बजे तक खुला रहेगा, मार्केट को लेकर आसपास के लोगों में काफी उत्साह है। इस अनोखे फ्लोटिंग मार्केट को बनाने की पीछे कोलकाता मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (केएमडीए) की मंशा ईएम बाईपास के चौड़ीकरण के दौरान विस्थापित होने वाले फेरीवालों को दोबारा बसाना है।
भारत में और भी हैं तैरते बाजार
इस मार्केट के बारे में आपको जानकर थोड़ी हैरानी तो जरूर हुई होगी। लेकिन आपको यह जानकर और भी आश्चर्य होगा कि यह भारत का पहला तैरता बाजार नहीं है। इसके अलावा दो और राज्यों में नाव के सहारे आजीविका कमाने का काम जोरों-शोरों पर चलता है।
डल झील की सब्जी मंडी जो चलती है नाव पर
कश्मीर की खूबसूरती से तो आप सभी भली भांति परिचित होंगे, यहां की डल झील कश्मीर की जान मानी जाती है। यह खूबसूरत झील राज्य के सौंदर्य को बढ़ाने के अलावा कई लोगों को रोजगार भी देती है। इस झील पर सुबह पांच बजे से सात बजे तक नाव पर सब्जियां बेची जाती हैं। ये सब्जियां झील के किनारे ही उगाई जाती हैं।
केरल में भी है तैरता मॉल
केरल के बैकवाटर (बड़ी झील) में भी नाव पर एक तैरता मॉल है जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। इस नाव पर त्रिवेणी सुपर स्टोर लिखा है जिसे आम लोग फ्लोटिंग मॉल भी कहते हैं। इस नाव में आपको अनाज से लेकर टीवी सेट तक सबकुछ मिलता है वो भी सब्सिडी वाली दरों पर।