NHRC में पहली बार कोई नेता होगा शामिल, बीजेपी उपाध्यक्ष बनेंगे सदस्य
बीजेपी उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग एनएचआरसी के सदस्य बनेंगे, केंद्र सरकार ने ऐसा फैसला किया है। यह पहला मौका है जब किसी नेता इस आयोग का सदस्य मनोनीत किया जाएगा। जिस पद पर खन्ना की नियुक्ति होगी, वह दो साल से खाली पड़ा है।
इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक केंद्र सरकार ने खन्ना के नाम पर मुहर लगा दी है। खन्ना अभी जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के पार्टी प्रभारी हैं। वह इसी साल अप्रैल तक राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। बता दें कि एनएचआरसी के सदस्यों का चयन एक उच्च स्तरीय कमेटी करती है, जिसमें प्रधानमंत्री, लोकसभा स्पीकर, केंद्रीय गृह मंत्री, दोनों सदनों के विपक्ष के नेता और राज्य सभा के अध्यक्ष शामिल होते हैं।
सूत्रों के मुताबिक सरकार ने पिछले महीने सदस्य का नाम तय करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की थी, जिसमें कई लोगों के नाम पर विचार किया गया था। आखिरकार खन्ना के नाम पर सहमति बनी।
''बीजेपी उपाध्यक्ष को सदस्य बनाना कानूनन ठीक नहीं''
आयोग के एक पूर्व सदस्य ने सरकार के इस निर्णय का विरोध किया है। कानूनन सिर्फ भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश को ही एनएचआरसी का अध्यक्ष चुना जाता है। इसमें चार सदस्य पूर्ण कालिक होते हैं, जिसमें सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश, उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश और दो ऐसे सदस्यों को शामिल किया जाता है जिन्हें मानवाधिकार से संबंधित जानकारी हो।
पूर्व सदस्य ने बताया कि "एक राजनीतिक पृष्ठभूमि से संबंधित व्यक्ति को आयोग के सदस्य के रूप में शामिल करना अपने आप में ही कई सवाल खड़े करता है।"