विडंबनाः पहले निपाह, फिर बाढ़ और अब कोरोना वायरस ने टाली केरल के जोड़े की शादी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहले निपाह वायरस, फिर केरल में आई बाढ़ और अब कोरोना वायरस के चलते केरल के युवा जोड़े को तीसरी बार अपनी शादी टालनी पड़ी। एरान्हीपालन के रहने वाले प्रेमचंद्रन (26) और सैंड्रा संतोष (23) बचपन के मित्र हैं और इस रविवार को उनकी शादी होनी थी, लेकिन इलाके में लगी पाबंदियों के चलते उन्हें समारोह टालने पर मजबूर होना पड़ा। सबसे पहले दोनों की शादी 20 मई, 2018 को तय हुई थी। लेकिन मई में राज्य में निपाह वायरस फैलने के कारण इसे टाल दिया गया।
निपाह के चलते कोझिकोड़ व मलाप्पुरम जिले में 17 लोगों की जान गई थी। निपाह से निजात मिलने के बाद जोड़े ने 2019 में ओणम त्योहार के दौरान शादी तय की, लेकिन अगस्त में आई भीषण बाढ़ के कारण परिवारों ने इस साल 20 मार्च को शादी करने का फैसला किया। लेकिन इस बार कोरोना वायरस उनके जीवन में खलनायक बनकर आया। हालांकि इसके बावजूद यह युवा जोड़ा इसे सकारात्मक नजरिये से देख रहा है और अब इस साल सितंबर में शादी करने का फैसला किया है।
ठाणे में मास्क पहनकर रचाई शादी
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए सामाजिक दूरी को महत्व देते हुए ठाणे के एक जोड़े ने मास्क पहनकर शादी रचाई। समारोह में केवल नजदीकी रिश्तेदार शामिल हुए और उन सभी ने भी मास्क पहन रखे थे। दूल्हा रूपेश यादव पेशे से वकील हैं, जबकि दुल्हन बनीं प्रियंका आईटी कंपनी में कार्यरत हैं। दोनों की शादी पहले 22 मार्च को होनी थी, लेकिन पीएम मोदी की जनता कर्फ्यू की अपील पर दोनों ने शुक्रवार को शादी करने का फैसला किया।
पति के हाथ पर मिली क्वारंटीन मुहर, दंपती को राजधानी से उतारा
पति के हाथ पर होम क्वारंटीन की मुहर मिलने के बाद राजधानी ट्रेन से सहयात्रियों ने जोड़े को नीचे उतार दिया। यह मुहर कोरोना के संदिग्ध मामलों में लगाई जाती है। रेलवे ने बताया, दिल्ली का रहने वाला जोड़ा शनिवार सुबह बंगलूरू-दिल्ली राजधानी ट्रेन में सिकंदराबाद से चढ़ा था। सुबह करीब 9.45 मिनट पर जब ट्रेन तेलंगाना के काजीपेट पहुंची, तो एक सहयात्री ने उस वक्त पति के हाथ पर क्वारंटीन की मुहर देखी जब वह हाथ धो रहा था। इसके बाद अन्य यात्रियों ने टीटीई को जानकारी दी। ट्रेन को थोड़ी देर रोका गया और दंपती को अस्पताल ले जाया गया। काजीपेट में डिब्बे को पूरी तरह से सैनिटाइज करने के बाद एसी बंद किया गया। करीब 11 बजे ट्रेन दिल्ली को रवाना हुई।