तृणमूल का विस्तार: अभिषेक बनर्जी का एलान- 20 साल नहीं बनेंगे मंत्री, देशभर में बढ़ाएंगे आधार
तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में लगातार तीसरी बार जीत से उत्साहित होकर पूरे देश में अपने विस्तार की मंशा जताई है। पार्टी एक माह में अपनी पूरी योजना पेश करेगी।
विस्तार
तृणमूल कांग्रेस ने अब पूरे देश में अपना आधार बढ़ाने का इरादा जताया है। पार्टी की संस्थापक व बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस का उद्देश्य पूरे देश में आधार (फुटप्रिंट) बढ़ाना है, एक महीने में योजना सामने रखी जाएगी
अभिषेक ने सोमवार को मंशा जताने के साथ ही एलान किया, 'मैं अगले 20 वर्षों तक कोई सार्वजनिक पद या मंत्री पद ग्रहण नहीं करना चाहता, तृणमूल कांग्रेस को आगे बढ़ाने पर ध्यान देना चाहता हूं।'
महासचिव बनाने से भाजपा क्यों परेशान?
तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक ने कहा कि टीएमसी जहां भी अपना आधार बढ़ाएगी, वह भाजपा को चुनौती देगी। उन्होंने सवाल किया, 'तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में मेरी नियुक्ति से भाजपा क्यों परेशान है? यदि परिवार के केवल एक व्यक्ति के राजनीति में आने की अनुमति संबंधी विधेयक संसद में पारित हुआ तो मैं इस्तीफा दे दूंगा।' अभिषेक ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी पार्टी हर उस राज्य में भाजपा से सीधे मुकाबला करना चाहती है जहां पर उसका आधार बन रहा है।
देशभर से एक लाख ई-मेल मिले
डायमंड हार्बर सीट के सांसद अभिषेक बनर्जी ने आगे स्पष्ट किया कि वह अगले 20 साल तक कोई सार्वजनिक पद या मंत्री पद नहीं संभालना चाहते और केवल अपनी पार्टी की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे। सांसद ने कहा कि विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस द्वारा भाजपा को हराने के बाद हमें समूचे देश से एक लाख ई-मेल मिले हैं। हम हर उस राज्य में भाजपा से मुकाबला करेंगे जहां पर तृणमूल कांग्रेस का जनाधार बन गया है।