फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   entry of provocative statements now in the karnataka elections 2023

Karnataka Elections: चुनाव में 'जहरीले सांप' और 'विषकन्या' की एंट्री, क्या बदलेगा नफा-नुकसान का गणित?

Jitendra Bhardwaj जितेंद्र भारद्वाज
Updated Fri, 28 Apr 2023 06:28 PM IST
विज्ञापन
सार
Karnataka Elections: कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ये शब्द साफ तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के इशारे पर सोनिया गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ बोले गए हैं। भाजपा नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी ने नेहरू गांधी परिवार को अपशब्द कहने की आदत बनाई हुई है...
loader
entry of provocative statements now in the karnataka elections 2023
Karnataka Election- Mallikarjun Kharge and Basanagouda Patil Yatnal - फोटो : Agency (File Photo)

विस्तार

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भी 'जहरीले सांप' और 'विषकन्या' जैसे बयानों की एंट्री हो चली है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है कि जब राजनीतिक दलों के नेताओं ने एक-दूसरे के शीर्ष नेतृत्व को लेकर तीखी टिप्पणी की हैं। इन बयानों का नफा-नुकसान भी रहा है। कर्नाटक चुनाव में उक्त बयानों पर दोनों ही दल, यानी कांग्रेस और भाजपा एक दूसरे पर हमलावर हैं। कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि चुनाव में जनता उन्हें (भाजपा) सबक सिखाएगी तो भाजपा नेता भी ऐसी ही बात कर रहे हैं।



कर्नाटक विधानसभा के चुनाव प्रचार में गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी को 'जहरीला सांप' कहा था। जैसे ही इस मामले ने तूल पकड़ा, खरगे ने सफाई देते हुए कहा कि यह बात उन्होंने पीएम मोदी के लिए नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा के लिए कही था। अगले ही दिन कर्नाटक में भाजपा विधायक बासनगौड़ा पाटिल यतनाल ने कोप्पल में आयोजित एक जनसभा में कांग्रेस पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को 'विषकन्या' कह दिया। इसके बाद कांग्रेस पार्टी, भाजपा पर हमलावर हो गई। बता दें कि ऐसे ही बयानों की वजह से गत दिनों कांग्रेस सांसद एवं पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की सांसदी जा चुकी है। उन्हें 'मोदी सरनेम' मामले में सूरत की अदालत ने दो साल की सजा सुनाई है। इसके चलते उन्हें लोकसभा सदस्यता से हाथ धोना पड़ा है।

यह भी पढ़ें: Politics: खरगे के जहरीले सांप वाले बयान पर सतीश पूनिया का पलटवार, कहा- वोट की ताकत से विरोध करेगी जनता

सोनिया को बताया 'चीन और पाकिस्तान का एजेंट'

कांग्रेस पार्टी ने कहा, कर्नाटक विधानसभा चुनाव में आगामी हार से बौखलाई भाजपा अब घिनौनी राजनीति पर उतर आई है। मर्यादा और राजनीतिक शुचिता को ताक पर रख कर भाजपा नेता और मोदी के पसंदीदा, बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने सोनिया गांधी को 'विषकन्या' कह दिया। इतना ही नहीं, यतनाल ने सोनिया गांधी को 'चीन और पाकिस्तान का एजेंट' बता दिया। कांग्रेस पार्टी की नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ये शब्द साफ तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के इशारे पर सोनिया गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ बोले गए हैं। भाजपा नेतृत्व और प्रधानमंत्री मोदी ने नेहरू गांधी परिवार को अपशब्द कहने की आदत बनाई हुई है। खुद पीएम मोदी ने सोनिया गांधी को 'कांग्रेस की विधवा' के साथ साथ 'जर्सी गाय' तक कहा था। पिछले दिनों पीएम मोदी ने भाजपा के स्थापना दिवस पर कांग्रेस को निशाना बनाते हुए कहा था, कुछ लोग कह रहे हैं कि मोदी तेरी कब्र खुदेगी। पवन खेड़ा की गिरफ़्तारी पर कांग्रेसी नेताओं द्वारा यह आपत्तिजनक नारा लगाया गया था। मोदी के अलावा भाजपा नेताओं ने जनता के बीच कई बार इस नारे का ज़िक्र किया था।

हर बार सोनिया गांधी को टारगेट करती है भाजपा

श्रीनेत के मुताबिक, सोनिया गांधी न सिर्फ चुनी हुई सांसद हैं, बल्कि इस देश के लिए शहीद हुए एक पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी भी हैं। उनके खिलाफ इन अशोभनीय शब्दों को कर्नाटक कभी माफ नहीं करेगा। आज नरेंद्र मोदी के चरित्र और मर्यादा की परीक्षा होगी। यदि प्रधानमंत्री में रत्ती भर भी शालीनता या मर्यादा है, तो उन्हें बसंगौडा पाटिल यतनाल को तत्काल भाजपा से निकालना होगा। अन्यथा, यह साफ है कि सोनिया गांधी के खिलाफ यतनाल द्वारा की जा रही भद्दी और अपमानजनक टिप्पणी, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के इशारे पर की जा रही है। छतीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, सोनिया गांधी को विषकन्या कहा जा रहा है, अब इस बयान पर मोदी-शाह क्या कहेंगे। भाजपा नेता हर बार सोनिया गांधी को टारगेट करते हैं। ऐसे में अब भाजपा का चाल, चरित्र, चेहरा सबके सामने है।  

यह भी पढ़ें: कर्नाटक चुनाव: राहुल गांधी बोले- कांग्रेस को मिलेंगी कम से कम 150 सीटें, कलबुर्गी में 50 हजार रोजगार देंगे

अतीत के ऐसे बयानों से किसे हुआ नफा-नुकसान

गत लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी के लिए 'चौकीदार चोर है' शब्दों का इस्तेमाल किया था। चुनाव में पीएम मोदी ने इसे पलट दिया। उन्होंने राहुल के शब्दों को भाजपा के फायदे में बदल दिया। 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के लिए नरेंद्र मोदी ने बनारस में हुई एक चुनावी जनसभा में कहा था कि कांग्रेस पार्टी 125 साल की बुढ़िया है। उन्होंने वोटरों से अपील की थी कि वे 30 साल की युवा भाजपा को वोट दें। परिणाम, भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। 2004 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने विदेशी बहू का मुद्दा उठाया। भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने विदेशी मूल के मुद्दे पर कहा था, यदि सोनिया गांधी देश की प्रधानमंत्री बनती हैं, तो मैं सिर मुंडा कर, सफेद वस्त्र धारण करूंगी और धरती पर सोऊंगी। उस चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था।

'मौत का सौदागर' और ‘चाय वाला’ भी

2007 के दौरान गुजरात चुनाव में सोनिया गांधी ने नरेंद्र मोदी को 'मौत का सौदागर' कह दिया था। मोदी ने इस बयान को खूब भुनाया। नतीजा, उस चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी। कांग्रेस पार्टी को 182 में से 59 सीटों पर संतोष करना पड़ा। 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने नरेंद्र मोदी को 'चाय वाला' कहा था। इसके बाद मोदी ने उस बयान को देशभर में इतना भुनाया कि भाजपा, केंद्र की सत्ता तक पहुंच गई। दस साल से केंद्र की सत्ता में रही कांग्रेस पार्टी को महज 44 सीटें मिली। 2017 में गुजरात चुनाव में भी मणिशंकर अय्यर ने मोदी को 'नीच इंसान' कह दिया था। यहां भी कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed