Election Commission: त्रिपुरा में मतदान बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने कसी कमर, 'मिशन-929' पर करेगा काम
वरिष्ठ नागरिकों और विकलांग व्यक्तियों के लिए मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर और अलग कतार जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। इसके अलावा विशेष सुरक्षा उपाय भी सुनिश्चित किए जाएंगे।
विस्तार
त्रिपुरा में इसी साल की शुरुआत में होने वाले चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग ने कमर कस ली है। मतदान को 90 प्रतिशत से ऊपर ले जाने के लिए आयोग मिशन-929 पर काम करने जा रहा है। इसके लिए 929 मतदान केंद्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि 2018 के विधानसभा चुनाव में इन बूथों पर 89 प्रतिशत से कम मतदान दर्ज किया गया था। अब मतदान बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान के अलावा, चुनाव अधिकारी वरिष्ठ नागरिकों और विकलांग व्यक्तियों से मिलेंगे और उनसे वोट डालने की अपील करेंगे।
विकलांगों के लिए विशेष व्यवस्था
चुनाव अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों और विकलांग व्यक्तियों के लिए मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर और अलग कतार जैसी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा, इसके अलावा, विशेष सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे ताकि मतदाता अपना वोट डाल सकें। उन्होंने कहा, इन प्रयासों का लक्ष्य 92 प्रतिशत मतदान हासिल करना है। उन्होंने बताया, शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए आयोग 'मिशन जीरो पोल वायलेंस' पर भी काम कर रहा है।
केंद्रीय बलों की 50 कंपनियां पहुंचीं
चुनाव आयोग के अधिकारी ने बताया, चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की गई है। मिशन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया, चुनाव संबंधी तैनाती के लिए केंद्रीय बलों की लगभग 50 कंपनियां पहले ही राज्य में भेजी जा चुकी हैं। अतिरिक्त 50 और कंपनियां तैनात की जाएंगी।