05:53 PM, 26-Feb-2021
पांच राज्यों में चुनाव: कहां कितनी सीटें
05:46 PM, 26-Feb-2021
इन तारीखों में होंगे विधानसभा चुनाव
चुनाव आयोग ने चार राज्यों (पश्चिम बंगाल, असम, केरल और तमिलनाडु) और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों का एलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ ने बताया कि केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में सभी सीटों पर एक ही चरण में छह अप्रैल को मतदान होगा। असम में तीन चरणों में मतदान होगा। यहां पहला चरण 27 मार्च, दूसरा एक अप्रैल और तीसरा छह अप्रैल को होगा। पश्चिम बंगाल में इस बार आठ चरणों में मतदान होगा। यहां पहला चरण 27 मार्च को, दूसरा एक अप्रैल, तीसरा छह अप्रैल, चौथा 10 अप्रैल, पांचवां 17 अप्रैल, छठा 22 अप्रैल, सातवां 26 अप्रैल और सातवें चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। चारों राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में मतगणना एक साथ दो मई को होगी।
05:34 PM, 26-Feb-2021
बंगाल में आठ चरणों में होगा मतदान
पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में विधानसभा चुनाव संपन्न होगा। पिछले विधानसभा में सात चरण थे। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को पांच जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर होगा। दूसरे चरण का मतदान एक अप्रैल को चार जिलों की 30 विधानसभा सीटों पर होगा। तीसरे चरण का चुनाव छह अप्रैल को 31 विधानसभा सीटों पर होगा। चौथे चरण का मतदान 10 अप्रैल को 44 विधानसभा सीटों पर होगा। पांचवें चरण का मतदान 17 अप्रैल को 44 विधानसभा सीटों पर होगा। छठे चरण में 22 अप्रैल को 43 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा। सातवें चरण में 26 अप्रैल को 36 विधानसभा सीटों पर और अंतिम व आठवें चरण में 29 अप्रैल को 35 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा।
05:26 PM, 26-Feb-2021
केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में एक ही चरण में छह अप्रैल को चुनाव
केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में छह अप्रैल को एक ही चरण में सभी सीटों पर चुनाव होंगे। केरल की खाली पड़ीं मल्लपुरम संसदीय सीट और कन्याकुमारी संसदीय सीटों के लिए भी छह अप्रैल को चुनाव होगा।
05:20 PM, 26-Feb-2021
असम में तीन चरणों में होगा चुनाव
असम में तीन चरणों में चुनाव होगा। पहले चरण का मतदान 27 मार्च को होगा। नामांकन की अंतिम तारीख नौ मार्च और नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 10 मार्च रहेगी। दूसरे चरण का मतदान एक अप्रैल को 39 सीटों पर होगा। नामांकन की अंतिम तारीख 12 मार्च और नामांकन वापसी की अंतिम तारीख 17 मार्च रखी गई है। तीसरे चरण में छह अप्रैल को 40 सीटों पर मतदान होगा। नामांकन की अंतिम तारीख 19 मार्च और नामांकन वापसी 22 मार्च तक होगी।
05:13 PM, 26-Feb-2021
तारीखें घोषित होते ही लागू होगी आदर्श आचार संहिता
अरोड़ा ने कहा कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान होने के साथ यहां आदर्श आचार संहिता (मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट) लागू हो जाएगी।
05:08 PM, 26-Feb-2021
बढ़ाई गई है मतदान केंद्रों की संख्या
अरोड़ा ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से सभी राज्यों में लगभग 30 फीसदी मतदान केंद्र बढ़ा दिए गए हैं। चुनावों के दौरान कुल 824 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल, असम और पुडुचेरी में 2.7 लाख मतदान केंद्रों पर 18.68 करोड़ लोग अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। संवेदनशील केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी।
05:06 PM, 26-Feb-2021
सभी चुनाव अधिकारियों को लगेगी वैक्सीन
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि सभी चुनाव अधिकारियों को कोरोना वायरस का टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोग के अधिकारियों को चुनाव से पहले वैक्सीन लगाई जाएगी और इस दौरान कोरोना दिशानिर्देशों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
05:04 PM, 26-Feb-2021
मतदान का समय एक घंटा अधिक रहेगा, डोर-टू-डोर प्रचार की इजाजत
सुनील अरोड़ा ने कहा कि उम्मीदवार को प्रचार के लिए डोर टू डोर कैंपेन की इजाजत होगी। लेकिन, इसमें उम्मीदवार को मिलाकर पांच से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव की तरह ही इन चुनावों में भी मतदान का समय एक घंटा अधिक रहेगा। उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन नामांकन की सुविधा होगी।
05:02 PM, 26-Feb-2021
सीएपीएफ बल की होगी तैनाती
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनावों के दौरान पर्याप्त सीएपीएफ बल तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। सभी महत्वपूर्ण, संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की गई है और पर्याप्त संख्या में सीएपीएफ की तैनाती की जाएगी।