Big News: अवैध खनन की जांच में ईडी ने जब्त किए 2.12 करोड़ कैश; मनी लॉन्ड्रिंग केस में फारूक अब्दुल्ला को समन
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध खनन के मामले में हरियाणा, चंडीगढ़ और झारखंड में आठ स्थानों पर छापेमारी की। ईडी ने बुधवार को एक बयान में कहा कि मंगलवार को अवैध खनन के मामले में तिरुपति रोडवेज कंपनी, गुरप्रीत सिंह सभरवाल, लखमीर सिंह सभरवाल, प्रदीप गोयल, मोहित गोयल और अन्य के परिसरों पर तलाशी ली गई। छानबीन के दौरान 2.12 करोड़ रुपये नकद, चल-अचल संपत्तियों के कागजात और बैंक लॉकर मिले हैं। ईडी ने कहा कि मौके से मिला कैश, डिजिटल उपकरण और संपत्तियों के कागजात को जब्त कर लिया गया है। पंचकूला के रत्तेवाली गांव में अवैध खनन के मामले में ईडी ने यह कार्रवाई की।
सूत्रों के मुताबिक हरियाणा पुलिस ने पंचकूला के रत्तेवाली में अवैध खनन के मामले में एक एफआईआर दर्ज की थी। इस एफआईआर पर ईडी ने जांच शुरू की तो पता चला कि तिरुपति रोडवेज ने तय सीमा से बाहर जाकर रेत और बजरी का अवैध खनन किया। इससे हरियाणा सरकार को करीब 35 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। ईडी को जांच के दौरान यह भी पता चला कि अवैध खनन से उत्पन्न आय को आरोपियों ने चल-अचल संपत्तियों में निवेश किया। ईडी के हाथ कई संपत्तियों के कागजात लगे हैं। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच अभी चल रही है।
ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में फारूक अब्दुल्ला को किया तलब
वहीं, ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को बृहस्पतिवार को जम्मू-कश्मीर स्थित कार्यालय में पेश होने को कहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 86 वर्षीय राजनेता को जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) में अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में बुलाया गया है। इस मामले में श्रीनगर लोकसभा सीट से सांसद के खिलाफ ईडी ने 2022 में आरोपपत्र दायर किया था। ईडी का आरोपपत्र 2018 में सीबीआई की ओर से दायर आरोपपत्र पर आधारित है।
ओडिशा में खनन क्षेत्र में 9 लाख करोड़ रुपये का घोटाला: भाजपा
विपक्षी भाजपा ने बुधवार को 2000-2014 के बीच ओडिशा के खनन क्षेत्र में करीब 9 लाख करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की। भाजपा के जयनारायण मिश्रा ने दावा किया कि खनन अनियमितताओं का कुल मूल्य 8,97,443 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा, ऐसा संदेह है कि खनन में 'भ्रष्टाचार' मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की जानकारी में और उनकी देखरेख में हुआ। मिश्रा के आरोप को बीजेडी के वरिष्ठ नेता और विधायक बद्रीनारायण पात्रा ने खारिज कर दिया। कहा, लोगों को गुमराह करने और आगामी चुनाव से पहले लाभ हासिल करने के लिए इस तरह के बयान देना उनकी (विपक्ष की) आदत है।
भारतीय तटरक्षक बल के साथ संयुक्त अभ्यास 'सहयोग काइजिन' में भाग लेने के लिए जापानी तटरक्षक जहाज 'यशिमा' बुधवार को चेन्नई पहुंच गया। यह चार दिनों तक यहां रुकेगा। भारतीय तटरक्षक के प्रतिनिधिमंडल ने इसका औपचारिक स्वागत किया। याशिमा के कमांडिंग ऑफिसर, कैप्टन युइची मोटोयामा ने चेन्नई में आईसीजी क्षेत्रीय मुख्यालय में तटरक्षक क्षेत्र पूर्व के टीएम कमांडर, महानिरीक्षक डॉनी माइकल से मुलाकात की। रक्षा विज्ञप्ति के अनुसार संयुक्त अभ्यास 12 जनवरी को चेन्नई के तट पर आयोजित किया जाएगा।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने महाराष्ट्र के अहमदनगर में एसजेवीएन के पवन ऊर्जा संयंत्र की स्थापना में अनियमितताओं के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के इस उपक्रम (पीएसयू) को कथित रूप से हुए 191 करोड़ रुपये के नुकसान के मामले में चेन्नई की ‘सीमेंस गेम्सा रिन्यूएबल पॉवर’ और एसजेवीएन के तीन सेवानिवृत्त अधिकारियों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सीबीआई ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद दिल्ली, गाजियाबाद, गुरुग्राम, पंजाब के पटियाला जिले के सामना और चेन्नई में सात स्थानों पर आरोपियों के परिसरों में तलाशी ली, जिससे कुछ दस्तावेज बरामद हुए।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि एजेंसी ने एसजेवीएन लिमिटेड (जिसे पहले सतलुज जल विद्युत निगम के नाम से जाना जाता था) के तीन सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारियों – आरके अग्रवाल (कार्यकारी निदेशक), संजय उप्पल (मुख्य महाप्रबंधक) और एके जिंदल (उप महाप्रबंधक) के अलावा ‘पॉवर एंड एनर्जी कंसल्टेंट्स’ के प्रतिनिधि विनीत शर्मा तथा सीएम जैन और चेन्नई की ‘गेम्सा विंड टर्बाइन प्राइवेट लिमिटेड’ (जिसे अब सीमेंस गेम्सा रिन्यूएबल पावर प्राइवेट लिमिटेड के नाम से जाना जाता है) के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ‘सीमेंस गेम्सा रिन्यूएबल पावर’ से इस संबंध में प्रतिक्रिया मांगी गई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
सीबीआई ने आरोप लगाया है कि ‘पॉवर एंड एनर्जी कंसल्टेंट्स’ ने पवन ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के लिए जो रिपोर्ट सौंपी थी, उसमें गड़बड़ियां थीं। एफआईआर के मुताबिक, आरोपियों ने महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले के खिरविरे/कोंभलाने में स्थित एसजेवीएनएल के पवन ऊर्जा संयंत्र की स्थापना के लिए निविदा निर्देशों के अनुसार उपकरण और सामग्री की उचित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की।
पॉलीकैब पर छापे में 1,000 करोड़ रुपये की बेहिसाब बिक्री का दावा
आयकर विभाग ने हाल ही में पॉलीकैब समूह (एक प्रमुख वायर, केबल समूह) पर छापे के बाद लगभग 1,000 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकद बिक्री का पता लगाया है। सीबीडीटी और आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने एक बयान में कहा, पिछले साल 22 दिसंबर को समूह के खिलाफ तलाशी शुरू करने के बाद 4 करोड़ रुपये से अधिक की बेहिसाब नकदी जब्त की गई और 25 से अधिक बैंक लॉकरों पर रोक लगा दी गई। इसमें कहा गया है कि महाराष्ट्र में मुंबई, पुणे, औरंगाबाद और नासिक, गुजरात में दमन, हलोल और दिल्ली में कुल 50 परिसरों को कवर किया गया था। सीबीडीटी, जो आयकर विभाग का प्रशासनिक निकाय है, ने कहा कि समूह के कुछ अधिकृत वितरक भी तलाशी में शामिल थे। सीबीडीटी के बयान में समूह का नाम नहीं बताया गया, लेकिन आधिकारिक सूत्रों ने इसकी पॉलीकैब इंडिया लिमिटेड होने की पुष्टि की। पॉलीकैब इंडिया ने इससे पहले दिन में स्टॉक एक्सचेंज को एक स्पष्टीकरण जारी कर मीडिया में चल रही कंपनी की ओर से कर चोरी की रिपोर्टों को अफवाहें करार दिया।
मणिपुर कुंबी विधानसभा क्षेत्र के चार लोग बुधवार को लापता हो गए। पुलिस के मुताबिक बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों से सटे पहाड़ी शृंखलाओं के पास जलाऊ लकड़ी इकट्ठा करने गए थे। चारों की पहचान दारा सिंह, इबोम्चा सिंह, रोमेन सिंह और आनंद सिंह के रूप में हुई। पुलिस सूत्रों ने कहा कि उन्हें आतंकवादियों की बंदी बनाए जाने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है और केंद्रीय बलों से मदद मांगी गई है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और जवाबी कार्रवाई करते हुए हमलावरों को गोलीबारी बंद करने पर मजबूर कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि रुक-रुक कर गोलीबारी अभी भी जारी है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
शिंदे सरकार पूरा करेगी अपना कार्यकाल, स्पीकर के फैसले पर बोले फडणवीस
शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायकों की अयोग्यता मामले में महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर का फैसला आने के बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सीएम एकनाथ शिंदे को बधाई दी। फडणवीस ने कहा कि सीएम शिंदे के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। भाजपा नेता ने कहा कि उन्होंने फैसला आने के बाद शिंदे और अन्य कैबिनेट सहयोगियों को बधाई दी। फडणवीस ने कहा कि जब 2022 में भाजपा और शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने सरकार बनाई, तो संवैधानिक और कानूनी मानदंडों का पूरी तरह से पालन किया गया और यही कारण है कि सरकार मजबूत और स्थिर थी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी शिवसेना में टूट को लेकर याचिकाओं पर अपने फैसले में स्पष्ट रूप से कहा कि इस सरकार को बर्खास्त करने के लिए कोई आदेश जारी करने की आवश्यकता नहीं है। लेकिन कुछ लोग जानबूझकर गलतफहमी फैला रहे हैं और राजनीतिक माहौल को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।
राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग (एनसीएम) के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा ने बुधवार को कहा कि देश में सभी अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं और किसी को डरने की जरूरत नहीं है। एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल की मुसलमानों को राम मंदिर उद्घाटन अवधि के दौरान यात्रा करने से बचने की सलाह पर उन्होंने यह बयान दिया। अजमल की टिप्पणी के संबंध में पूछे जाने पर लालपुरा ने कहा कि इस देश में सभी अल्पसंख्यक सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारा देश है। यहां हर कोई सुरक्षित है, चाहे वह किसी भी धर्म का हो। ऐसा कोई कारण नहीं है कि हम डरें या इस कारण यात्रा न करें। हमें देश में एकजुट होकर रहना चाहिए। लालपुरा ने कहा कि भारत दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है, जहां अल्पसंख्यक सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं और उन्हें आगे बढ़ने का सबसे ज्यादा मौका दिया जाता है।
अनुच्छेद-370 को निरस्त करने के केंद्र सरकार के 2019 के फैसले की वैधता को बरकरार रखने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ कुछ राजनीतिक दलों ने पुनर्विचार याचिकाएं दायर की गई हैं। ये याचिकाएं सीपीआई (एम), नेशनल कॉन्फ्रेंस, जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, अवामी नेशनल कॉन्फ्रेंस, मुजफ्फर इकबाल खान और जम्मू-कश्मीर पीपल्स मूवमेंट शामिल हैं। इनमें कहा गया है कि अनुच्छेद-370 को खत्म नहीं किया जा सकता, लिहाजा सुप्रीम कोर्ट को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने अनुच्छेद-370 को निरस्त करने के केंद्र के फैसले को 11 दिसंबर को बरकरार रखा था। पीठ ने सर्वसम्मत से माना था कि अनुच्छेद-370 एक अस्थायी प्रावधान था।
संविधान पीठ ने अनुच्छेद-370 खत्म करने का आदेश देने की राष्ट्रपति की शक्तियों को भी बरकरार रखा था। अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि अनुच्छेद-370 असीमित संघवाद की विशेषता थी न कि संप्रभुता की। कोर्ट ने यह भी माना था कि भारतीय संविधान के सभी प्रावधानों को लागू करने के लिए जम्मू-कश्मीर की सहमति की आवश्यकता नहीं थी।
अग्रिम जमानत आदेश की अनदेखी कर आरोपी को रिमांड पर भेजने से शीर्ष अदालत नाराज
सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात पुलिस के उन अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई, जिन्होंने शीर्ष अदालत की दी अंतरिम अग्रिम जमानत की अनदेखी करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया था। कोर्ट ने मजिस्ट्रेट को भी नहीं बख्शा, जिन्होंने याचिकाकर्ता को रिमांड पर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने 8 दिसंबर, 2023 को उस व्यक्ति को अग्रिम जमानत दी थी। कोर्ट ने यह भी पाया कि मजिस्ट्रेट ने रिमांड आदेश में अंतरिम आदेश का उल्लेख तक नहीं किया था। चार दिनों की रिमांड अवधि को अवैध हिरासत करार देते हुए जस्टिस बीआर गवई और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ ने गुजरात सरकार के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, सूरत के पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त, वेसू पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर को अवमानना नोटिस जारी किया। अदालत ने सूरत के अतिरिक्त मुख्य मजिस्ट्रेट को भी नोटिस जारी किया, जिन्होंने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बावजूद याचिकाकर्ता को पुलिस हिरासत में भेज दिया था। याचिकाकर्ता टीआर शाह के वकील ने कहा कि 8 दिसंबर को पारित सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम अग्रिम जमानत आदेश के बावजूद, उन्हें 12 दिसंबर को एक नोटिस दिया गया था जिसमें उन्हें पुलिस हिरासत आवेदन के जवाब में मजिस्ट्रेट के सामने उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया था। मजिस्ट्रेट ने उन्हें 16 दिसंबर तक चार दिनों के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।
झारखंड के पलामू में मंगलवार को भाजपा विधायक पुष्पा देवी के वाहन पर हमला करने के आरोप में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि 40 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, कुछ वाहन चालकों ने विधायक के वाहन पर हमला किया था। उस वाहन से पुष्पा देवी और उनके पति मनोज कुमार भुइयां यात्रा कर रहे थे।
ओडिशा में आईईडी विस्फोट समेत कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल एक लाख इनामी महिला नक्सली उंगी माडवी उर्फ रोशनी (20) ने बुधवार को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। सुकमा जिले की उंगी, 2016 से सीपीआई (माओवादी) की सक्रिय सदस्य थी। मलकानगिरी के एसपी नितेश वाधवानी ने कहा कि उंगी पर ओडिशा में कम से कम 48 केस दर्ज हैं।
अमेजन ने बुधवार को कहा कि वह अपने प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियो में कर्मचारियों की छंटनी करेगा। प्राइम वीडियो और अमेजन एमजीएम स्टूडियो के वरिष्ठ उपाध्यक्ष माइक हॉपकिंस ने इसकी पुष्टि की। कहा, हमने अपने निवेश को बढ़ाते हुए कुछ क्षेत्रों में निवेश को कम करने या बंद करने के अवसरों की पहचान की है। कंपनी अगले सप्ताह के अंत तक अमेरिका और अन्य क्षेत्रों में प्रभावित कर्मचारियों को सूचित कर देगी।
एक राष्ट्र, एक चुनाव को लेकर गठित समिति को इस संबंध में 5, 000 से अधिक सुझाव मिले हैं। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समिति के संयोजक हैं। पिछले हफ्ते, उच्च-स्तरीय समिति ने जनता से सुझाव मांगे थे। अब तक 5,000 से अधिक ईमेल प्राप्त हुए हैं। समिति सुझाव मांगने के लिए जारी सार्वजनिक नोटिस में कहा था कि वह 15 जनवरी तक प्राप्त सुझावों पर विचार करेगी।
झारखंड में सुरक्षाबलों ने बुधवार को एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने पांच किलो की आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद की और उसे निष्क्रिय कर दिया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हेसाबंद और जोजोहातु गांव के बीच जंगल में नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी का पता लगाया था।
झारखंड के सिंहभूमि जिले में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को कहा, बदमाशों ने वारदात को मंगलवार रात अंजाम दिया, जिसमें नेल्सन भेंगरा की मौत हो गई। उसका प्रतिबंधित सीपीआई (माओवादियों) से संबंध था। हालांकि, मृतक के परिजनों ने कहा कि भेंगरा ने नक्सलियों से नाता तोड़ लिया था और वह गार्ड का काम कर रहा था।
डब्ल्यूएचओ ने भारत में लॉन्च किया परंपरागत चिकित्सा मॉड्यूल
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोगों के वर्गीकरण को लेकर भारत में अपने परंपरागत चिकित्सा मॉड्यूल-2 आईसीडी 11 को लॉन्च किया। बुधवार को नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आयुष व महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. मुंजपरा महेंद्रभाई ने इसे लॉन्च किया। डब्ल्यूएचओ ने बताया कि सदस्य देशों के जरिए इसे लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसमें आयुर्वेद, सिद्ध और यूनानी चिकित्सा पर आधारित रोगों से संबंधित डाटा और शब्दावलियों को शामिल किया है। केंद्रीय आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा, यह माड्यूल भविष्य में जनस्वास्थ्य की रणनीति तैयार करने का आधार बनेगा, जिन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लागू किया जाएगा।
बदायूं में आज होंगे सुपुर्द-ए-खाक
पश्चिम बंगाल की राजधानी में बुधवार को महान संगीतकार उस्ताद राशिद खान को उनके हजारों प्रशंसकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके पार्थिव शरीर को यहां सरकारी सांस्कृतिक परिसर, रवींद्र सदन में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उन्हें आखिरी विदाई दी गई। इस मौके पर उनके परिजन और करीबी रिश्तेदारों के साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी मौजूद थीं। गायिका उषा उथुप, गायक पंडित अजय चक्रवर्ती, उनकी बेटी और गायिका कौशिकी चक्रवर्ती भी उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करने रवींद्र सदन पहुंचे थे। श्रद्धांजलि के बाद उनके पार्थिव शरीर को संगीतकार के आवास ले जाया गया। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं के रहने वाले थे। उन्हें बृहस्पतिवार को वहां सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने प्रख्यात संगीतकार राशिद खान के निधन पर बुधवार को शोक जताया। संघ ने कहा कि वह एक ऐसी महान आत्मा थे, जो रामपुर-सहसवान घराने की परंपरा को नई ऊंचाइयों पर ले गए। संघ के प्रचार प्रमुख, सुनील आंबेकर ने सोशल मीडिया में कहा, उस्ताद राशिद खान हिंदुस्तानी परंपरा में एक महान शास्त्रीय संगीतकार थे। हम इस महान आत्मा के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं।