Jet Airways: पूर्व मालिक नरेश गोयल के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मामला दर्ज, घर पर छापा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन (मनी लॉन्ड्रिंग) के एक मामले में जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल और कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जेट एयरवेज के संस्थापक नरेश गोयल को घंटों पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार रात उन्हें हिसासत में लिया गया था।
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि गोयल के खिलाफ हाल ही में मुंबई पुलिस द्वारा दर्ज की गई प्राथमिकी को संज्ञान में लिए जाने के बाद मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक कानून (पीएमएलए) के तहत एयरलाइंस के पूर्व चेयरमैन के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि ईडी ने बुधवार को मुंबई में गोयल के परिसरों पर छापा मारा और मामला दर्ज करने के बाद उनसे पूछताछ भी की।
बता दें कि एक ट्रैवल कंपनी ने गोयल और उनकी पत्नी अनीता गोयल के खिलाफ 46 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था और एफआईआर दर्ज कराई थी। इसी एफआईआर का संज्ञान लेते हुए ईडी ने गोयल दंपती और जेट एयरवेज के खिलाफ केस दर्ज किया है।
इससे पहले भी ईडी ने फेमा के तहत गोयल दंपती और उनके सहयोगियों के घरों पर छापा मारा था। इस मामले में पिछले साल सितंबर में भी ईडी के अधिकारियों ने गोयल से आठ घंटे तक लगातार पूछताछ की थी।