Haryana: चुनाव आयोग ने कांग्रेस के आरोपों को किया खारिज; कहा- यह पूरी तरह दुर्भावनापूर्ण और निराधार
चुनाव आयोग ने आगे बताया कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में पूरी मतगणना प्रक्रिया नियमों के अनुसार उम्मीदवारों और पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में चल रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों में यहां कांग्रेस आगे थी, लेकिन 10 बजते-बजते बाजी पलट गई और भाजपा ने कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया। इसके बाद कांग्रेस चुनाव आयोग पहुंच गई। वहीं, अब आयोग ने कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है। चुनाव आयोग ने कहा कि कांग्रेस के आरोप "गैरजिम्मेदाराना, निराधार और दुर्भावनापूर्ण हैं। आरोपों को साबित करने के लिए कांग्रेस के पास कोई रिकॉर्ड नहीं है।
अपने जवाब में, चुनाव आयोग ने कहा कि वोटों की गिनती संबंधित मतगणना केंद्रों पर चुनाव संचालन नियमों के नियम 60 के अनुसार और वैधानिक और नियामक व्यवस्था का पालन करते हुए की जा रही है। इस प्रक्रिया को नामित अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। साथ ही चुनाव आयोग ने कांग्रेस के महासचिव जयरा रमेश से कहा कहा कि नतीजों को वेबसाइट पर अपडेट करने में देरी के गलत आरोप को साबित करने के लिए रिकॉर्ड पर कुछ भी नहीं है।
चुनाव आयोग ने आगे बताया कि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में पूरी मतगणना प्रक्रिया नियमों के अनुसार उम्मीदवारों, पर्यवेक्षकों और सूक्ष्म पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में चल रही है।
कांग्रेस ने क्या लगाए थे आरोप
हरियाणा में बाजी पलटने के बाद कांग्रेस ने चुनाव आयोग से शिकायत की है कि सुबह नौ बजे से 11 बजे के बीच हरियाणा के नतीजों को बेवसाइट पर अपलोड करने में देरी की गई है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि नतीजों को अपडेट करने की धीमी गति के चलते नई-नई कहानियां गढ़ी जा रही हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से कहा कि हरियाणा चुनावों के सटीक आंकड़े जारी करने के निर्देश जारी किए जाएं।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि लोकसभा चुनावों की तरह हरियाणा में फिर से चुनाव आयोग की वेबसाइट पर रुझानों को अपलोड करने की गति धीमी है। हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग हमारे सवालों का जवाब देगा। 10-11 राउंड के नतीजे जारी हो चुके हैं। लेकिन चुनाव आयोग की वेबसाइट पर केवल 4-5 राउंड ही अपडेट किए गए हैं। यह प्रशासन पर दबाव बनाने की एक रणनीति है। उन्होंने कहा कि निराश होने की जरूरत नहीं है। खेल खत्म नहीं हुआ है। माइंड गेम खेले जा रहे हैं। जनादेश मिलने जा रहा है। कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है।
पवन खेड़ा ने भी दिया था ये बयान
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि चुनाव आयोग के आंकड़ों के जरिये गिने गए राउंड की वास्तविक संख्या और टेलीविजन पर दिखाए जा रहे राउंड की संख्या में अंतर है। चुनाव आयोग के आंकड़े पीछे हैं। अभी भी चौथे या पांचवें राउंड का डाटा दिखाया जा रहा है। जबकि 11 राउंड की गिनती हो चुकी है। हमारे महासचिव संचार ने चुनाव आयोग को ट्वीट कर पूछा है कि क्या हरियाणा में स्थानीय प्रशासन पर दबाव बनाकर डाटा अपलोडिंग में देरी की जा रही है? जबकि जम्मू-कश्मीर में हर राउंड की गिनती के साथ लाइव डाटा अपलोड किया जा रहा है।
शहजाद पूनावाला ने साधा कांग्रेस पर निशाना
वहीं, इन आरोपों को लेकर भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुबह 8.30-9 बजे पवन खेड़ा जलेबियां बांट रहे थे। 11-11.30 आते-आते इनके(कांग्रेस) प्रवक्ता चुनाव आयोग को गरियाने लगे। 12 बजे आते-आते जयराम रमेश देश की संस्था पर सवाल उठाने लगे और 2 बजे आते-आते देश की जनता के विवेक पर भी सवाल उठाने का काम कांग्रेस पार्टी जरूर करेगी। चाहें हरियाणा हो या जम्मू-कश्मीर, जनता ने कांग्रेस पार्टी को एक संदेश साफ-साफ दे दिया है कि पहलवान, जवान, नौजवान और किसान सभी पीएम मोदी का सम्मान करते हैं और राहुल गांधी की नफरत की दुकान है और इसलिए हरियाणा में जनता ने राहुल गांधी की मोहब्बत की तथाकथित दुकान को बंद कर दिया। पीएम मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में हमारी तीसरी बार सरकार बन रही है... ये ऐतिहासिक विजय है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.