{"_id":"63535edb957fd773e57f61cc","slug":"diwali-celebration-in-us-kamala-harris-gave-party-to-indians-said-diwali-is-a-universal-concept","type":"story","status":"publish","title_hn":"Diwali Celebration in US: उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भारतवंशियों को दी पार्टी, बोलीं- दिवाली वैश्विक त्योहार","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
Diwali Celebration in US: उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने भारतवंशियों को दी पार्टी, बोलीं- दिवाली वैश्विक त्योहार
Sat, 22 Oct 2022 08:39 AM IST
सुरेंद्र जोशी
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वॉशिंगटन
Published by: सुरेंद्र जोशी
Updated Sat, 22 Oct 2022 08:39 AM IST
सार
दिवाली के मौके पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का सरकारी निवास रंगीन रोशनी और दीयों से सजाया गया था। मेहमानों को पानीपुरी के अलावा पारंपरिक मिठाइयां और कई तरह के भारतीय व्यंजन परोसे गए।
विज्ञापन
कमला हैरिस ने मनाई दिवाली
- फोटो : वीडियो ग्रैब
विस्तार
अमेरिका में भी दिवाली धूमधाम से मनाई जा रही है। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अपने निवास पर भारतवंशियों के साथ जश्न मनाया। कमला हैरिस ने अपने सरकारी निवास 'द नैवल ऑब्जर्वेटरी' पर 100 से ज्यादा अनिवासी भारतीयों को आमंत्रित किया। इस मौके पर हैरिस ने कहा कि दिवाली एक वैश्विक त्योहार और विचार है, यह संस्कृतियों से परे है।
विज्ञापन
दिवाली के मौके पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का सरकारी निवास रंगीन रोशनी और दीयों से सजाया गया था। मेहमानों को पानीपुरी के अलावा पारंपरिक मिठाइयां और कई तरह के भारतीय व्यंजन परोसे गए। इस मौके पर अपने संक्षिप्त भाषण में हैरिस ने कहा कि यह अंधकार पर प्रकाश की जीत से प्रेरित होने और अंधकार के क्षणों में रोशनी फैलाने का पर्व है।
विज्ञापन
चेन्नई में अपने दादा-दादी के साथ बचपन में दिवाली मनाने के बीते दिनों को याद करते हुए हैरिस ने कहा कि दिवाली एक परंपरा है। उन्होंने कहा कि इस मौके पर मैं सोचती हूं कि हम हमारे देश और दुनिया में बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। ऐसे मौके पर दिवाली का त्योहार हमें अंधकार के दिनों में रोशनी लाने की हमारी शक्ति के महत्व को रेखांकित करता है।
विज्ञापन
बॉलीवुड के गीतों पर युवा नर्तकियां थिरकीं
कार्यक्रम में युवा नर्तकियों के एक समूह ने 'जय हो' और 'ओम शांति' जैसी लोकप्रिय बॉलीवुड हिट गीतों पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में अमेरिका के विभिन्न भागों से आए मेहमानों को हैरिस और सेकंड जेंटलमैन डगलस इमहॉफ (हैरिस के पति) ने दीपावली की बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर आतिशबाजी भी कई गई। हैरिस ने भी फुलझड़ियां चलाईं।
कार्यक्रम में बाइडन-हैरिस प्रशासन के कई भारतीय अमेरिकी सदस्य, जिनमें सर्जन जनरल डॉ विवेक मूर्ति, राष्ट्रपति की विशेष सलाहकार नीरा टंडन और उनके भाषण लिखने वाले विनय रेड्डी मौजूद थे। भारत में अमेरिका के पूर्व राजदूत रिच वर्मा भी शरीक हुए। विदाई के वक्त मेहमानों को विशेष रूप से तैयार मोमबत्तियां दी गईं। उन पर उपराष्ट्रपति हैरिस के कार्यालय का प्रतीक चिंह उभरा हुआ था।
इंडियास्पोरा के संस्थापक एम आर रंगास्वामी ने इस मौके पर कहा, दिवाली वास्तव में अमेरिकी संस्कृति का मुख्य हिस्सा बन गई है। एशियाई अमेरिकियों, मूलनिवासी हवाई और प्रशांत द्वीप वासियों पर राष्ट्रपति के सलाहकार आयोग के सदस्य अजय जैन भूटोरिया ने कहा, यह एक यादगार दिवाली उत्सव था, उपराष्ट्रपति हैरिस और इमहॉफ को धन्यवाद।
बाइडन सोमवार को मनाएंगे दिवाली
फ्लोरिडा में 'मार-ए-लागो' निवास में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारतवंशियों को दिवाली पार्टी दी। राष्ट्रपति जो बाइडन और उनकी पत्नी डॉ. जिल बाइडन ने दिवाली समारोह के लिए सोमवार को व्हाइट हाउस में भारतवंशियों को आमंत्रित किया है। वहीं, विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन 26 अक्तूबर को विदेश मंत्रालय में राजनयिक समुदाय के साथ एक और दिवाली समारोह का आयोजन कर रहे हैं। वॉशिंगटन में भी दिवाली के मौके पर हमेशा की तरह जाने-माने सांसद शामिल हो रहे हैं।