दिल्ली: सोमवार तक पांच लाख से ज्यादा कोरोना टेस्ट संभव, जांच में सबसे आगे निकली राजधानी
- रविवार तक दिल्ली में कुल 4,98,416 कोरोना टेस्ट हुए
- प्रति दस लाख की आबादी पर 26,232 टेस्ट करने वाला इकलौता प्रदेश
- हर घर के सर्वे के काम में अब भी नहीं आई अपेक्षित तेजी, समय से सर्वे पूरा होने पर संदेह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली में कोरोना संक्रमण की जांच करने के लिए छह जुलाई तक हर घर का सर्वे पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए लगभग 55 हजार कर्मियों के जरिये हर जिले में एक हजार से 1500 टीमें बनाकर सर्वे करने की बात कही गई थी। लेकिन खबर है कि अभी कई जिलों में इसके लिए पर्याप्त टीमों का गठन भी नहीं हो पाया है। शनिवार को इसके लिए गठित टीमों ने केवल 600 टेस्ट किए थे। इस तरह इस योजना के समय से पूरा होने में संदेह पैदा हो गया है।
हालांकि, इसी बीच सभी कंटेंमेंट जोन में हर घर सर्वे का काम पूरी गति के साथ चल रहा है। प्रतिदिन लगभग 20 हजार तक टेस्ट किए जा रहे हैं। इस रणनीति को अपनाने के बाद राजधानी दिल्ली अब टेस्ट के मामले में पूरे देश में सबसे आगे हो गई है। रविवार को भी 20,080 टेस्ट किए गए हैं। इसके पहले शनिवार को 19,180, शुक्रवार को 21,144, गुरुवार को 17,305 और बुधवार को 19,059 टेस्ट किए गए थे।
राजधानी में अब तक कुल मिलाकर 4,98,416 टेस्ट किए जा चुके हैं। इस हिसाब से रोजाना लगभग 20 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं, सोमवार तक यह आंकड़ा पांच लाख के पार चला जाएगा। प्रति दस लाख की आबादी पर 26,232 टेस्ट कर राजधानी इस मामले में सबसे ऊपर पहुंच गई है। जांच में इस तेजी का श्रेय एंटीजन टेस्टिंग को मिली इजाजत को जाता है। उसके पहले राजधानी में लगभग पांच हजार टेस्ट ही रोज किए जा रहे थे।
लगातार बढ़ रही कंटेंमेंट जोन की संख्या
तेज टेस्टिंग से रोजाना तीन से चार हजार कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं। यही कारण है कि अब राजधानी में कंटेंमेंट जोन की संख्या भी बढ़ती जा रही है। राजधानी के विभिन्न इलाकों में अब तक कुल (Cumulative) 508 क्षेत्रों को कंटेंमेंट जोन घोषित किया जा चुका है। लेकिन जिन क्षेत्रों में कोरोना के मामले सामने आने बंद हो गए हैं, उन्हें डीकंटेन भी किया जा रहा है। अब तक कुल 87 क्षेत्रों को डीकंटेन किया जा चुका है। इस प्रकार रविवार को 421 कंटेंमेंट जोन शेष रह गए हैं।
इनमें 175 कंटेंमेंट जोन 21 जून के बाद घोषित किए गए हैं जो यह साबित करते हैं कि जैसे-जैसे टेस्ट की संख्या बढ़ाई जा रही है, अलग-अलग क्षेत्रों से कोरोना के मामले सामने आ रहे हैं, और उसी गति से कंटेंमेंट जोन की संख्या भी बढ़ रही है।
इस समय कोरोना की स्थिति
राजधानी में 28 जून तक कोरोना के कुल मामलों की संख्या 83,077 तक पहुंच चुकी है। इनमें पिछले चौबीस घंटे में सामने आए 2,889 मामले भी शामिल हैं। दिल्ली के लिए राहत की बात यह है कि कोरोना के नए मामलों की संख्या ठीक लोगों की संख्या से कम है। पिछले चौबीस घंटों में 3,306 लोग कोरोना संक्रमण से ठीक भी हो चुके हैं। राजधानी में कोरोना से होने वाली मौतों की संख्या 2,623 तक पहुंच चुकी है। इसमें पिछले चौबीस घंटों में होने वाली मौतों की संख्या (65) भी शामिल है।