तूफान अम्फान के खतरनाक संकेत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद संभाली कमान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तूफान अम्फान गंभीर रूप लेता प्रतीत हो रहा है। 20 मई को बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के तटों से टकराने वाले इस तूफान की तीव्रता को लेकर मौसम विभाग के कान खड़े हो गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खुद कमान संभाल ली है। सोमवार को उन्होंने एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। समझा जा रहा है कि दो दिन बाद भारत के कुछ राज्यों में तबाही मचाने वाले इस तूफान को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को मोर्चा संभालने के लिए कहा जा सकता है।
इसमें सेना और अर्ध सैनिक बलों की सहायता लिए जाने के निर्देश हो सकते हैं।
प्रधानमंत्री की तरफ से बुलाई गई इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे। इस तूफान को लेकर केन्द्र सरकार ने पश्चिम बंगाल और उड़ीसा राज्य सरकार को सतर्क कर दिया है।
राज्यों को जारी संदेश में कहा गया है कि तूफान अम्फान दक्षिणी बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्सों और मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद है।
सुपर साइक्लोन में बदलने के संकेत
मौसम विभाग ने तूफान के सुपर साइक्लोन में बदलने के संकेत दिए हैं। इसके कारण चक्रवाती तूफान से भयानक जानमाल का नुकसान होने की आशंका है। ऐसे में समझा जा रहा है कि केंद्र सरकार दोनों राज्य सरकारों को प्रभावित क्षेत्रों से लाखों लोगों को तूफान के आने से पहले सुरक्षित स्थान पर ले जाने का सुझाव दे सकती है।
इसके अलावा कई तरह के सुरक्षा उपायों को अपनाने के लिए कहा जा सकता है। बताते हैं तूफान 185-190 किमी की गति से राज्य के तटों से टकरा सकता है और भारी बारिश होने की आशंका है।