News Update: पौधे से प्राप्त साइटिसिन छुड़वा सकता है धूम्रपान; गोवा में धर्मांतरण के आरोप में पादरी गिरफ्तार
अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स स्थित सेंट्रो नेशनल डी इन्टॉक्सिकेशियंस (सीएनआई) के शोधकर्ताओं ने यह अध्ययन किया है, जिसे मेडिकल जर्नल एडिक्शन में प्रकाशित किया गया। अध्ययन करीब छह हजार से ज्यादा धूम्रपान करने वालों पर किया गया, जिसमें आठ अलग-अलग तरह के परीक्षण करने के बाद शोधकर्ताओं ने विश्लेषण किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पौधे से प्राप्त साइटिसिन नामक यौगिक धूम्रपान की लत को छुड़वा सकता है और लोगों को निकोटिन रिप्लेसमेंट थेरेपी की आवश्यकता भी नहीं पड़ती है। अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स स्थित सेंट्रो नेशनल डी इन्टॉक्सिकेशियंस (सीएनआई) के शोधकर्ताओं ने यह अध्ययन किया है, जिसे मेडिकल जर्नल एडिक्शन में प्रकाशित किया गया। अध्ययन करीब छह हजार से ज्यादा धूम्रपान करने वालों पर किया गया, जिसमें आठ अलग-अलग तरह के परीक्षण करने के बाद शोधकर्ताओं ने विश्लेषण किया। शोधकर्ताओं का कहना है कि साइटिसिन अन्य प्लसीबो की तुलना में धूम्रपान बंद करने की संभावना को दो गुना से अधिक बढ़ा देता है।
प्रधानमंत्री मोदी का कोई विकल्प नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा कि जिस तरह से पीएम ने काम किया और लोगों के लिए विभिन्न योजनाएं लागू कीं उनका कोई विकल्प नहीं है। पवार ने सोमवार को पुणे में भीमा कोरेगांव युद्ध की 206वीं वर्षगांठ पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। इससे पहले, उन्होंने यहां विजय स्तंभ (जय स्तंभ) पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
गोवा में धर्मांतरण के आरोप में पादरी डिसूजा गिरफ्तार
धर्मांतरण के आरोप में सोमवार को उत्तरी गोवा से एक पादरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने फाइव पिलर चर्च के पादरी डोमनिक डिसूजा के खिलाफ एफआईआर में मैजिक रेमेडीज एक्ट की धाराएं भी शामिल की हैं। पुलिस उपाधीक्षक जिवबा दलवी ने बताया कि डिसूजा की पत्नी और उत्तरी गोवा के सियोलिम में स्थित चर्च के अज्ञात सदस्यों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पादरी के खिलाफ कुल आठ मामले दर्ज थे।
राहुल रसगोत्रा ने आईटीबीपी के नए महानिदेशक का कार्यभार संभाला
वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राहुल रसगोत्रा ने सोमवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के नए महानिदेशक का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। मणिपुर कैडर के 1989 बैच के पुलिस अधिकारी रसगोत्रा को उनके पूर्ववर्ती अनीश दयाल सिंह ने पदभार सौंपा। सिंह को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है।
कार्यभार संभालने से पहले नए आईटीबीपी महानिदेशक को लोधी रोड स्थित बल के मुख्यालय में सैनिकों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 28 दिसंबर को आईटीबीपी प्रमुख के रूप में रसगोत्रा की नियुक्ति के आदेश जारी किए थे।
राजस्थान में डीजी-आईजी सम्मेलन 5 से
देशभर के पुलिस प्रमुख 5-7 जनवरी के दौरान राजस्थान की राजधानी जयपुर में जुटेंगे। 58वें अखिल भारतीय वार्षिक डीजी-आईजी सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हो सकते हैं। इस वर्ष पुलिस के शीर्ष अधिकारियों के इस सम्मेलन में सीमाओं को मजबूत करने, साइबर अपराध, डेटा प्रशासन, आतंकवाद विरोधी चुनौतियों, जेल सुधार, वामपंथी उग्रवाद या नक्सलवाद और नशीले पदार्थों की तस्करी सहित पुलिसिंग और राष्ट्रीय सुरक्षा के तमाम पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।
यह सम्मेलन चिह्नित विषयों पर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर के पुलिस और खुफिया अधिकारियों को शामिल करते हुए व्यापक विचार-विमर्श की रणनीति का हिस्सा है। राजस्थान में नई सरकार के गठन के बाद जयपुर में होने वाला यह पहला बड़ा राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। इसका आयोजन जयपुर के झालाना स्थित राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा।
भारत न्याय यात्रा को लेकर राज्य प्रमुखों के साथ कांग्रेस की बैठक
लोकसभा चुनाव और पार्टी नेता राहुल गांधी की भारत न्याय यात्रा पर चर्चा के लिए कांग्रेस 4 जनवरी को राष्ट्रीय राजधानी में पार्टी की राज्य इकाई के प्रमुखों और विधायक दल के नेताओं की बैठक करेगी। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे। कांग्रेस ने पिछले महीने राहुल गांधी की 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से मुंबई तक भारत न्याय यात्रा घोषणा की थी। पिछले साल उनकी भारत जोड़ो यात्रा के बाद यह राहुल की दूसरी यात्रा होगी। लोकसभा चुनाव की संभावना अप्रैल-मई में है और इसके पहले विपक्षी गठबंधन इंडिया के दलों के बीच सीट साझाकरण समझौते जैसा कठिन काम पूरा किया जाना है। इंडिया गठबंधन की कुछ पार्टियों ने कांग्रेस से बड़ा दिल दिखाने का आग्रह किया है।
जोधपुर में पाकिस्तानी सीमा के पास होगी अपाचे की तैनाती
भारतीय सेना पश्चिमी रेगिस्तान में पाकिस्तान से लगती सीमा के पास अपनी लड़ाकू क्षमता बढ़ाने की तैयारी में जुटी है। इसी क्रम में जोधपुर के एक सैन्य स्टेशन पर छह अपाचे लड़ाकू हेलिकॉप्टर तैनात करने वाली है। सैन्य अधिकारियों ने बताया, अनुबंध के तहत अमेरिका से हेलिकॉप्टर फरवरी-मार्च में हिंडन एयरबेस पहुंचने शुरू होंगे और इसके बाद इन्हें ऑपरेशन के लिए जोधपुर स्थित सैन्य स्टेशन पर तैनात किए जाने की संभावना है।
गुजरात में तीन बच्चों संग ट्रेन से कटकर पिता ने दी जान
गुजरात के बोटाड जिले में एक व्यक्ति ने अपनी दो बेटियों और एक बेटे के साथ ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक वीएस गोले ने बताया कि घटना रविवार शाम साढ़े छह बजे निंगाला और आलमपुर रेलवे स्टेशनों के बीच हुई। उन्होंने कहा, चारों ने भावनगर से गांधीधाम जाते समय एक यात्री ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। पुलिस ने कहा कि गढ़डा तालुका के नाना सखपर गांव का मंगाभाई विजुडा हाल ही में एक रिश्तेदार की हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार होने के बाद जमानत पर बाहर आया था।
आयरिश महिला की शिकायत पर तीन आरोपी गिरफ्तार
साइबर धोखाधड़ी की मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत तीन लोगों को ईडी ने कोलकाता और खड़गपुर में तलाशी के बाद पटना से नितेश कुमार और कोलकाता से सागर यादव, संतोष कुमार को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां प. बंगाल के खड़गपुर स्थित एक कॉल सेंटर के माध्यम से एक आयरलैंड की महिला के साथ धोखाधड़ी की शिकायत के आधार पर की गई हैं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कहा, महिला ने शिकायत में उससे 950 यूरो (84,941 रुपये) की धोखाधड़ी का आरोप लगाया था। जांच में पता चला है कि आठ से 10 लोगों का एक समूह लगातार विदेशी नागरिकों से धोखाधड़ी करने की घटनाओं में शामिल है।