{"_id":"5f22ec2f8ebc3e690935689b","slug":"covid-19-infection-rate-less-than-one-percent-in-mumbai-patients-doubling-in-75-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुंबई में एक फीसदी से भी कम हुआ कोरोना संक्रमण दर, 75 दिन में दोगुना हो रहे हैं मरीज","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
मुंबई में एक फीसदी से भी कम हुआ कोरोना संक्रमण दर, 75 दिन में दोगुना हो रहे हैं मरीज
Thu, 30 Jul 2020 09:20 PM IST
Rajeev Rai
सुरेन्द्र मिश्र, मुंबई
सुरेन्द्र मिश्र, मुंबई
Published by: Rajeev Rai
Updated Thu, 30 Jul 2020 09:20 PM IST
विज्ञापन
धारावी में स्वास्थ्यकर्मी
- फोटो : एएनआई
देश में कोरोना संक्रमण की राजधानी बन चुकी मुंबई में अब हालात तेजी से बदल रहे हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के आंकड़े बताते हैं कि महानगर में अब कोरोना संक्रमण की दर एक फीसदी से भी कम हो गई है। वहीं, मरीजों के दोगुना होने का औसत भी 75 दिन हो गया है, जो मुंबई के लिए बेहद ही उत्साहजनक है।
विज्ञापन
बृहन्मुंबई महानगरपालिका ने प्रशासनिक दृष्टि से मुंबई को 24 विभागों में बांटा है, अर्थात बीएमसी के कुल 24 विभाग हैं जिनमें से 18 विभाग में यानि मुंबई के दो तिहाई हिस्से में कोरोना से संक्रमित होने वालों की तादात एक फीसदी से भी कम यानि 0.93 फीसदी हो गई है। इसके अलावा 24 विभाग में से 10 विभाग में कोरोना संक्रमित मरीजों के दोगुना होने की संख्या 72 दिन, चार विभाग में 60 दिन, एक विभाग में 90 दिन से अधिक हो गई है। जबकि अंधेरी, कुर्ला और खार इलाका यानि तीन विभाग में 100 दिन से भी अधिक समय में संक्रमितों की संख्या दोगुनी हो रही है। मुंबई में अब तक 1 लाख 12000 से अधिक कोरोना संक्रमित मिले हैं जिसमें से 85 हजार से ज्यादा लोग स्वस्थ हो चुके हैं जो कि कुल संक्रमितों का 76 फीसदी है। मौजूदा परिस्थिति में मुंबई में करीब 18,000 रोगियों का उपचार शुरू है।
विज्ञापन
कोरोना महामारी से मुक्ति की ओर धारावी
एशिया की सबसे बड़ी और सघन झुग्गी बस्ती धारावी तीन महीने तक कोरोना का हॉटस्पॉट थी लेकिन अब धीरे-धीरे कोरोना महामारी से मुक्ति की ओर बढ़ रही है। बुधवार को यहां मात्र दो संक्रमित मिले। बीते 10 दिनों से यहां बहुत कम संक्रमित सामने आ रहे हैं। फिलहाल धारावी के 83 मरीजों का उपचार शुरू है।
विज्ञापन
अंधेरी में 7209 संक्रमितों में से बचे हैं मात्र 800 संक्रमित
दक्षिण मुंबई और मध्य मुंबई के बाद कोरोना ने पश्चिमी उपनगर और उत्तर मुंबई के अंधेरी, बोरिवली, दहिसर, कांदिवली और मलाड आदि इलाकों में संक्रमितों की संख्या बढ़ गई थी। कोरोना का हॉटस्पॉट बनी अंधेरी में 7121 संक्रमितों में से अब सिर्फ 807 मरीजों का उपचार चालू है। यहां ग्रोथरेट 0.8 फीसदी हो गई है। वहीं, दहिसर की झग्गी बस्तियों में पिछले एक सप्ताह से कोई नए केस नहीं मिले हैं। बीएमसी के सहायक आयुक्त प्रशांत सकपाले ने बताया कि टेस्टिंग, सर्वे और फीवर कैंप पर जोर दे रहे हैं जिससे बड़े पैमाने पर लोग ठीक हो रहे हैं।
महाराष्ट्र में कोविड-19 मरीजों की संख्या चार लाख के पार
उधर महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को सर्वाधिक 11,147 नए मरीज मिलने के साथ प्रदेश में कोविड-19 मरीजों की संख्या चार लाख के पार यानी 4,11,798 हो गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दा गई जानकारी के मुताबिक इस अवधि में 266 लोगों ने अपनी जान संक्रमण की वजह से गंवाई। इसके साथ ही प्रदेश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 14,729 हो गई है। वहीं प्रदेश में संक्रमण मुक्त हुए 8,860 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दी गई जिन्हें मिलाकर ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 2,48,615 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक राज्य में 1,48,454 मरीज उपचाराधीन हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में अब तक 20,70,128 नमूनों की जांच की गई है। राज्य में संक्रमण से ठीक होने की दर 60.37 फीसदी है जबकि मृत्यु दर 3.58 प्रतिशत है।