राहत: लगातार तीसरे दिन कोरोना के नए मामलों में कमी, 24 घंटे में मिले 3.57 लाख से ज्यादा नए मरीज
देश में बीते 24 घंटे में 3.57 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,449 लोगों की मौत हो गई। एक मई की तुलना में बीते तीन दिनों से नए कोरोना मरीजों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है।
विस्तार
देश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के कहर से हाहाकार मचा है। कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी से देश की स्वास्थ्य प्रणाली चरमरा गई। देश भर के अस्पतालों में बेड, वेंटिलेटर, रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की भारी किल्लत जारी है। सैकड़ों लोग बिना इलाज के ही दम तोड़ रहे हैं। वहीं श्मशान घाटों पर शवों के अंतिम संस्कार के लिए कई घंटों का इंतजार करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे में 3.57 लाख से ज्यादा नए कोरोना मरीज मिले हैं और 3,449 लोगों की मौत हो गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में 3,57,229 नए कोरोना मरीज मिल हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 2,02,82,833 हो गई है। वहीं बीते 24 घंटों में 3,449 लोगों की कोरोना से जान चली गई। इसके साथ कोविड से मरने वालों की संख्या 2,22,408 पहुंच गई।
India reports 3,57,229 new COVID19 cases, 3,20,289 discharges and 3,449 deaths in the last 24 hours, as per Union Health Ministry
विज्ञापन विज्ञापन
Total cases: 2,02,82,833
Total recoveries: 1,66,13,292
Death toll: 2,22,408
Active cases: 34,47,133
Total vaccination: 15,89,32,921 pic.twitter.com/Zr1mimN4vH — ANI (@ANI) May 4, 2021
संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार
एक मई की तुलना में बीते तीन दिनों से नए कोरोना मरीजों की संख्या में गिरावट आई है। इसके साथ ही देश ने एक और अनचाहा रिकॉर्ड बना लिया है। भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या दो करोड़ के पार पहुंच गई है। भारत अब दुनिया का दूसरा ऐसा देश है, जहां कोरोना के कुल मरीज दो करोड़ से ज्यादा हो गए हैं। संक्रमण की रफ्तार इतनी तेज है कि महज 137 दिन में मामले एक करोड़ से दो करोड़ के पार पहुंच गए। इससे पहले संक्रमितों की संख्या एक लाख से एक करोड़ तक पहुंचने में 360 दिन लगे थे। मतलब चार माह में कोरोना के मामले दो गुने हो गए।
कोरोना को मात देने वालों की संख्या बढ़ी
स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में 15 फरवरी के बाद से कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। राहत की बात ये है कि लगातार दूसरे दिन ठीक होने वाले मरीजों की संख्या तीन लाख से ज्यादा है। पिछले 24 घंटे में 3,20,289 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट गए हैं, जबकि इससे एक दिन पहले 3,00,732 ठीक हुए थे। इसके साथ ही देश में अब तक 1,66,13,292 मरीज कोरोना वायरस को मात देने में कामयाब हुए हैं। रोजाना के आधार पर दर्ज होने वाले नए कोरोना केसों की तुलना में ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम है। फिलहाल, देश में सक्रिय मामले बढ़कर 34,47,133 पहुंच गए हैं। सक्रिय मामलों की संख्या अमेरिका के बाद सबसे अधिक भारत में है।
टीकाकरण: कल 17.34 लाख लोगों को लगा कोविड टीका
देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान जारी है। अब तक 15,89,32,921 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें से 17,34,714 लोगों का टीकाकरण मंगलवार को हुआ।
बता दें कि 1 मई से कोविड टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो चुका है। इसमें 18 साल से ऊपर के लोगों को कोविड का टीका लगाया जा रहा है। हालांकि, अभी यह सभी राज्यों में शुरू नहीं हुआ है।