कोरोना मचा रहा कोहराम: कई राज्यों में दैनिक मामलों की संख्या बढ़ी, जानिए पूरे देश का हाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश इस समय कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। रोज ही रिकॉर्ड संख्या में इस बीमारी के नए मामले सामने आ रहे हैं। देश में दो दिन से दैनिक मामलों का आंकड़ा तीन लाख से भी ऊपर जा रहा है, जो कि महामारी की शुरुआत से किसी भी देश में एक दिन में सामने आने वाला सबसे बड़ा आंकड़ा है।
शुक्रवार को देश के कई राज्यों में एक दिन में अब तक के सबसे ज्यादा मामले दर्ज किए गए। इनमें मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल, राजस्थान जैसे राज्य शामिल हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोविड-19 संक्रमण के चलते एक दिन में अब तक की सबसे ज्यादा 199 मौतें दर्ज की गईं। यहां जानिए देश के बाकी राज्यों में कैसे हैं हालात...
मध्यप्रदेश: एक दिन में सर्वाधिक 13590 मामले, 74 मरीजों की मौत
मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक ही दिन में सर्वाधिक 13590 नए मामले सामने आए। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर चार लाख 72 हजार 785 तक पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से प्रदेश में 74 और व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 4937 हो गई है।
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि प्रदेश में शुक्रवार को कोविड-19 के 1782 नए मामले इंदौर में आए, जबकि भोपाल में 1753, ग्वालियर में 1196 और जबलपुर में 806 नए मामले आए। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में कोरोना से कुल संक्रमितों में से अब तक तीन लाख 80 हजार 208 मरीज स्वस्थ होकर घर चले गए हैं और 87,640 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।
पश्चिम बंगाल: 12876 नए मामले मिले, 59 और मरीजों की गई जान
पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को कोविड-19 के 12876 नए मामले आए जो राज्य में एक दिन में आए सर्वाधिक मामले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने यहां जारी बुलेटिन में बताया कि इसके साथ ही राज्य में अबतक कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर सात लाख 13 हजार 780 हो गई है।
बीते 24 घंटे के दौरान 59 लोगों की मौत होने से राज्य में कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 10825 हो गई है। राज्य में गुरुवार से अब तक कुल 6878 मरीज ठीक हुए हैं। पश्चिम बंगाल में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 74,737 है। गत 24 घंटे के दौरान राज्य में 52,646 नमूनों की जांच की गई।
आंध्र प्रदेश में कोरोना संक्रमण के 11766 नए मामले, 10 लाख पार
आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 11,766 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 10 लाख नौ हजार 228 तक पहुंच गई। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश देश का ऐसा पांचवां राज्य बन गया जहां 10 लाख से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। इसके अलावा, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में अब तक 10 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में अंतिम एक लाख मामले पिछले 24 दिनों में दर्ज किए गए। इसी तरह, आंध्र प्रदेश में आठ से नौ लाख का आंकड़ा पहुंचने में 158 दिन लगे क्योंकि पिछले साल 23 अक्तूबर को आठ लाख संक्रमित लोग सामने आ चुके थे। बता दें कि आंध्र प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण का पहला मामला 12 मार्च 2020 को सामने आया था, जिसके बाद एक लाख का आंकड़ा पार करने में 137 दिन लगे।
राजस्थान: कोरोना संक्रमण के 15398 नए मामले, 64 लोगों की मौत
राजस्थान में शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के रिकॉर्ड 15,398 नए मामले आए जिन्हें मिलाकर संक्रमितों की अब तक की कुल संख्या चार लाख 83 हजार 273 हो गई है। वहीं, 64 और मरीजों की मौत हो जाने से राज्य में इस महामारी से अब तक 3453 लोगों की जान जा चुकी है। राज्य में अबतक संक्रमित हुए कुल लोगों में से एक लाख 17 हजार 294 कोरोना रोगी उपचाराधीन हैं।
विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान जयपुर में 3036, जोधपुर में 1921, कोटा में 1051, पाली में 951, उदयपुर में 923, अलवर में 701, अजमेर में 601, सीकर में 585, भीलवाड़ा में 511 व बीकानेर में 612 में नए मरीज सामने आए। आंकड़ों के मुताबिक राज्य में 24 घंटे के दौरान 3618 और मरीज ठीक हुए हैं। इससे राज्य में अब तक कुल तीन लाख 57 हजार 329 मरीज ठीक हो चुके हैं।
केरल: कोरोना वायरस संक्रमण के 28447 नए मामले, 27 की मौत
केरल में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के एक ही दिन में सर्वाधिक 28,447 नए मामले सामने आए, जिसके साथ ही राज्य में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 13,50,501 तक पहुंच गई। राज्य सरकार ने यह जानकारी दी। राज्य में इसी अवधि में कोविड-19 के 5663 मरीजों के ठीक होने के साथ ही अब तक 11 लाख 66 हजार 135 लोग ठीक हो चुके हैं। अब 1.78 लाख मरीज उपचाराधीन हैं।
मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने बताया कि कोविड-19 से 27 और मरीजों की मौत हो गई, जिसके साथ ही मृतक संख्या बढ़कर 5,055 हो गई। केरल में संक्रमण के मामलों में तेजी दर्ज की जा रही है। गुरुवार को संक्रमण के 26,995 नए मामले मिसे थे, वहीं बुधवार को 22,144 और मंगलवार को 19,577 मामले दर्ज किए गए। यहां पिछले 24 घंटे में एक लाख 30 हजार 617 नमूनों की जांच की गई।
उत्तर प्रदेश: कोरोना से 199 मरीजों की मौत, 37238 नए मामले मिले
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण से एक दिन में सर्वाधिक 199 और मरीजों की मौत हो गई और कोविड-19 के रिकार्ड 37,238 नए मामले सामने आए। राज्य में अब तक के कुल संक्रमितों का आंकड़ा दस लाख पार हो गया है। इससे पहले गुरुवार को राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 195 मरीजों की मौत हो गई थी जबकि कोविड-19 के 34,379 नए मामले सामने आए थे।
अपर मुख्य सचिव (सूचना) नवनीत सहगल ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में इस समय कुल दो लाख 73 हजार 653 मरीज उपचाराधीन हैं जिनमें से दो लाख 18 हजार मरीज पृथकवास में और बाकी निजी व सरकारी अस्पतालों में अपना उपचार करा रहे हैं। राज्य में कोरोना की वजह से मरने वालों की संख्या 10,737 हो गई है। वहीं प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 10 लाख 13 हजार 370 हो गई है।
ओडिशा: कोविड-19 के 6215 नए मामले, आठ और मरीजों की मौत
ओडिशा में शुक्रवार को कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक 6,215 नए मामले आने के साथ राज्य में अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 94 हजार 694 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ने बताया कि गत 24 घंटे के दौरान कोरोना वायरस से संक्रमित आठ मरीजों की मौत हुई है जिन्हें मिलाकर अब तक ओडिशा में महामारी से 1973 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
अधिकारी ने बताया कि नए मामलों में 3604 मरीज पृथकवास केंद्रों में आए हैं जबकि 2,611 लोगों के संक्रमित होने का पता संक्रमित के संपर्क की जांच करने के दौरान चला। उन्होंने बताया कि ओडिशा के सभी 30 जिलों में कोविड-19 के मामले आए है। अधिकारी ने बताया कि खुर्दा जिला जिसमें राज्य की राजधानी भुवनेश्वर स्थित है उसमें सबसे अधिक 950 नए मामले आए।
ओडिशा में कोरोना के 39,117 उपचाराधीन मरीज हैं जबकि गत 24 घंटे में 2165 मरीज ठीक हुए जिन्हें मिलाकर अब तक तीन लाख 53 हजार 551 मरीज महामारी को मात दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को 41,538 नमूनों की जांच की गई जिनमें संक्रमण की दर 4.03 फीसदी रही। सभी शहरों में सप्ताहांत में लागू लॉकडाउन की वजह से सरकार इस अवधि में टीकाकरण का काम नहीं करेगी।
स्वास्थ्य विभाग के पीके महापात्रा ने सभी जिलाों के अधिकारियों को पत्र लिखकर शनिवार और रविवार टीकाकरण केंद्र को विषाणु मुक्त कराने को कहा है। विपक्षी भाजपा और कांग्रेस ने सरकार से सभी को मुफ्त में टीका देने की व्यवस्था करने की मांग की है। वहीं, सूत्रों ने बताया कि सरकार 1,600 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च के रूप में सभी को मुफ्त टीका मुहैया कराने के लिए वहन कर सकती है।