महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सवा लाख के पार, 48 घंटे में 140 पुलिसकर्मी भी संक्रमित
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को 3874 नए मरीज सामने आए जबकि 160 से अधिक लोगों की मौत हो गई। वहीं, मुंबई में सबसे ज्यादा 136 मौत दर्ज की गई। राज्य स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,28,205 हो गई है।
वहीं, मुंबई में कोरोना संक्रमितों की संख्या 65,329 तक पहुंच गई हैं। मुंबई के अलावा राज्य के जलगांव में 10, पुणे में 5, औरंगाबाद में 6, सोलापुर, जालना, बीड में एक-एक की मौत हुई है। इस तरह अब तक सूबे में कोरोना संक्रमण से 5984 लोग दम तोड़ चुके हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि कोरोना संक्रमितों के स्वस्थ होने का औसत 50.04 है जबकि मृत्युदर 4.67 फीसदी है। अब तक 64,153 लोग उपचार के उपरांत स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं।
- अब तक 46 पुलिसकर्मियों की मौत
कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र में पुलिसकर्मियों के बड़ी संख्या में संक्रमित होने का सिलसिला लगातार जारी है। बीते 48 घंटे में 140 पुलिसकर्मियों के संक्रमित होने का नया मामला सामने आया है, जिसमें से एक पुलिसकर्मी की मौत भी हो गई है। इससे अब तक कोरोना से मरने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 46 हो गई है।
कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के अलावा पुलिसकर्मी भी बड़ी मुस्तैदी से लड़ रहे हैं। अब तक महाराष्ट्र में 3960 पुलिसकर्मी संक्रमित हो चुके हैं। राज्य पुलिस विभाग के अनुसार अब तक एक पुलिस अधिकारी सहित 46 पुलिसकर्मियों की मौत हो चुकी है, जबकि 2925 पुलिसकर्मी स्वस्थ हुए हैं।
- केईएम में 6 दिन में 64 की मौत
बीएमसी के केईएम अस्पताल में बीते पांच दिन में ऑक्सीजन आपूर्ति में गड़बड़ी के चलते 45 संक्रमितों की मौत हो गई। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने इस मामले में मुंबई की मेयर किशोरी पेडणेकर का इस्तीफा मांगा है। वहीं, केईएम हास्पिटल के डीन डॉ. हेमंत देशमुख ने सफाई दी कि ऑक्सीजन के चलते किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता तो आईसीयू में सभी मरीजों पर इसका असर होता।