{"_id":"5e60a8638ebc3eeb454a8305","slug":"coronavirus-in-india-live-updates-know-all-information-related-corona","type":"story","status":"publish","title_hn":"Coronavirus Live update: भारत में कोरोना से जुड़ी हर जानकारी और अपडेट","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Coronavirus Live update: भारत में कोरोना से जुड़ी हर जानकारी और अपडेट
Thu, 05 Mar 2020 11:05 PM IST
देव कश्यप
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: देव कश्यप
Updated Thu, 05 Mar 2020 11:05 PM IST
सार
भारत में अब कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 30 हो गई है। इनमें से 14भारतीय और 16 विदेशी नागरिक शामिल हैं। 14 भारतीयों में से केरल में मिले तीन को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। बाकी 11 मरीजों में दिल्ली, तेलंगाना, जयपुर, गुड़गांव और गुरुवार को गाजियाबाद में मिले एक-एक मरीज शामिल हैं। वहीं आगरा में एक ही परिवार के छह मरीज मिले हैं।
विज्ञापन
कोरोनावायरस से जुड़ी हर जानकारी
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चीन के वुहान शहर से फैला कोरोनावायरस भारत समेत दुनिया के 70 देशों में फैल चुका है। दुनिया के विभिन्न हिस्सों में 3,000 से अधिक लोगों की मौत कोरोनावायरस के कारण हो चुकी है और संक्रमण के 89,000 से अधिक मामले सामने आए हैं। भारत में अब तक कोरोनावायरस से संक्रमित 30 मरीजों की पुष्टि हुई है।
विज्ञापन
यहां पढ़े भारत में कोरोनावायरस से जुड़ी सभी जानकारी:-
- स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन कोरोनावायरस से निपटने में तैयारियों का जायजा लेने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पहुंचे।
दिल्ली एनसीआर सहित उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में गुरुवार को हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट के बीच भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के प्रमुख डॉ. बलराम भार्गव ने कहा है कि मौसम के बदले मिजाज का इस वायरस की सक्रियता पर कोई खास असर नहीं होगा। उन्होंने तापमान में गिरावट से इस वायरस का संक्रमण तेजी से होने की आशंकाओं को नकारते हुए कहा कि अब तक के अध्ययनों में इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई है। - देश में कोरोना वायरस के 30 मामले सामने आने के बीच सरकार ने गुरुवार को कहा कि देश में दवाओं और उसके कच्चे माल की कोई कमी नहीं है। दवाओं के विनिर्माण के लिए अगले तीन माह तक कच्चे माल की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है।
- इटली और दक्षिण कोरिया से आने वाले यात्रियों को हवाई अड्डों पर अपने संबद्ध देशों के स्वास्थ्य प्राधिकरणों से मान्यता प्राप्त लैब से कोरोना वायरस की जांच से संबंधित चिकित्सा प्रमाणपत्र दिखाना होगा। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के एक अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
- दुनिया के कई देशों में तेजी से फैल रहे कोरोना वायरस के मद्देनजर राष्ट्रपति भवन का मशहूर मुगल गार्डन शनिवार से आम लोगों के लिए बंद रहेगा। राष्ट्रपति भवन ने आज एक बयान में कहा कि कोविड-19 कोरोना वायरस को लेकर राष्ट्रपति भवन में उठाए जा रहे एहतियाती कदम के तहत बड़ी संख्या में लोगों के जमावड़े से बचने के लिए मुगल गार्डन सात मार्च से यानी शनिवार से आम लोगों के लिए बंद रहेगा ताकि यहां ज्यादा संख्या में लोग जमा न हो पाए।
- तेलंगाना के स्वास्थ्य मंत्री ई. राजेन्द्र ने बताया कि राज्य से कोरोना वायरस के संक्रमण की जांच के लिए भेजे गए दोनों नूमनों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। नमूनों को जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेजा गया था।
- महाराष्ट्र में कोरोना वायरस की स्थिति पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि अगले दस से 15 दिनों तक सतर्क रहने की जरूरत है।
- कोरोनावायरस से भारत का 34.8 करोड़ डॉलर का व्यापार प्रभावित होने की आशंका है संयुक्तराष्ट्र की एक रपट के अनुसार कोरोना वायरस वजह से आर्थिक तौर पर प्रभावित होने वाले शीर्ष 15 देशों में भारत भी शामिल है। इस वायरस के प्रकोप का असर चीन के विनिर्माण उद्योग पर पड़ा है जिसकी वजह से वैश्विक व्यापार प्रभावित हुआ है।
- श्रीनगर: कोरोना वायरस से प्रभावित देशों की हाल में यात्रा करने वाले पांच लोगों को स्वास्थ्य अधिकारियों ने एसकेआईएमएस अस्पताल में पृथक वार्ड में रखा है। इन लोगों में वायरस के लक्षण दिखे हैं।
- दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने जानकारी दी कि कोरोनवायरस के मद्देनजर दिल्ली के सभी सरकारी और निजी प्राइमरी स्कूल (कक्षा 5वीं तक) कल से 31 मार्च तक बंद रहेंगे।
- गाजियाबाद में कोरोनोवायरस का एक और मामला सामने आया है। इसके बाद संक्रमित मरीजों की संख्या 30 हो गई है।
- आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक गाजियाबाद में मिला संक्रमित मरीज पहले ईरान की यात्रा करके आया है।
- इटली से लौटे अलीगढ़ के दो युवाओं को छह दिन से जांच के नाम पर टहलाए जाने के बाद गुरुवार को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
- भारतीय चिकित्सा दल ईरान पहुंच चुका है। शाम तक जांच लैब बनाने का काम पूरा हो जाएगा।
- विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि भारतीय चिकित्सा दल आज ईरान पहुंचेगा, कोरोनावायरस की जांच शुरू करने के लिए शाम तक कोम में पहला क्लिनिक स्थापित होने की संभावना है।
- कोरोनावायरस के कारण फंसे भारतीयों की वापसी के लिए ईरान के अधिकारियों के साथ साजोसामान पर काम कर रहे हैं।
- कोरोनावायरस से निपटने के लिए सावधानी बरतने की अपील के बीच निर्दलीय सांसद नवनीत कौर राणा गुरुवार को लोकसभा में मास्क पहनकर पहुंची।
- संसद परिसर में भी कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद, जयराम रमेश और कुछ अन्य नेता हैंड सेनेटाइजर का इस्तेमाल करते देखे गए।
- मथुरा के वृंदावन में स्थित इस्कॉन मंदिर प्रशासन ने विदेशी नागरिकों से निवेदन किया है कि वो दो महीने तक मंदिर की यात्रा पर न आएं। अगर उन्हें मंदिर में आना है तो मेडिकल सर्टिफिकेट उपलब्ध कराना होगा कि वो कोरोनावायरस से संक्रमित नहीं हैं।
- कोरोनावायरस की वजह से दिल्ली में 36वां अंतर भू-वैज्ञानिक कांग्रेस का आयोजन स्थगित कर दिया गया है। आठ मार्च को होना था।
- सिक्किम सरकार ने कहा कि अब तक राज्य में आने वाले 4.06 लाख से अधिक यात्रियों की जांच की जा चुकी है, लेकिन संक्रमण का कोई भी मामला सामना नहीं आया है।
- जम्मू-कश्मीर में कोरोनावायरस के तीन और संदिग्ध मरीज बुधवार को जीएमसी पहुंचे। तीनों संदिग्धों में से दो ईरान और एक दक्षिण कोरिया की यात्रा कर लौटा है।
- लखनऊ में मीट, अधपका मांस और मछली खुले में बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। होटलों और रेस्तरां को साफ-सफाई और स्वच्छता का ध्यान रखने का निर्देश दिए गए हैं।
- इटली के 14 नागरिकों को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया।
- स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डा. हर्षवर्धन ने कहा कि देश में कोरोनावायरस से उत्पन्न हालात के बारे में गुरुवार को राज्यसभा में जानकारी दी।
- अब तक संक्रमण के 3542 संदिग्ध मामलों में कोरोना वायरस का परीक्षण कराया गया है। इनमें 29 मामलों में इसके संक्रमण की पुष्टि हुई है।
- 92 नमूनों के परीक्षण का परिणाम आना अभी बाकी है। कारोना वायरस से संक्रमण के संभावित मरीजों के इलाज के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं।
- आगरा में एक ही परिवार के छह संक्रमित मरीज हैं जिनके संपर्क में आए 25 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव पाई गई है।
- कर्नाटक सरकार ने बंगलूरू स्थित सभी कंपनियों के उन कर्मचारियों को घर से काम करने की सलाह दी है जिन्हें फ्लू जैसे लक्षण हों।
- सीबीएसई ने परीक्षा केंद्रों पर छात्रों को मास्क पहनकर और सेनेटाइजर लेकर आने की अनुमति दे दी है।
- ग्रेटर नोएडा में बीती रात एक चीनी नागरिक ने खुद को घर में बंद कर लिया। उसे लगा कि वह कोरोनावायरस की चपेट में है। जांच के बाद उसका सैंपल निगेटिव आया है।
- सभी विदेशी यात्रियों की कोरोनावायरस के लक्षणों के लिए जांच की जाएगी।
- अब तक हवाई अड्डों पर 5,89,000 लोगों की जबकि सीमाओं पर दस लाख से भी ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग की गई है।
- विदेशों से आने वाले सभी यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाएगी। अब तक सिर्फ 12 देशों से आने वाले यात्रियों की हवाईअड्डों पर थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही थी।
- कोरोनावायरस की दवा अभी तक विकसित नहीं हो पाई है इसलिए विशेष सावधानी बरतें।
- कोरोनावायरस का संक्रमण थूक से भी फैल सकता है, लेकिन सावधानी रखकर इसका बचाव किया जा सकता है। लोग मास्क लगाएं और हाथों को अच्छी तरह धोएं।
विज्ञापन
विज्ञापन