फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Corona Vaccine Dry Run In India, Know Updates From All States, No Mistakes In Vaccination, Learn Where And What Happened In Rehearsal

कोरोना हारेगा : टीकाकरण में ना रहे कोई चूक, जानें पूर्वाभ्यास में कहां क्या हुआ

Sun, 03 Jan 2021 12:08 AM IST
योगेश साहू न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: योगेश साहू Updated Sun, 03 Jan 2021 12:08 AM IST
विज्ञापन
Corona Vaccine Dry Run In India, Know Updates From All States, No Mistakes In Vaccination, Learn Where And What Happened In Rehearsal
कोरोना वैक्सीन (फाइल फोटो) - फोटो : PTI

देश के कई राज्यों में कोरोना के खात्मे के लिए की जा रही तैयारी के तहत ड्राय रन चलाया जा रहा है। टीकाकरण के लिए ड्राय रन या पूर्वाभ्यास इस वजह से जरूरी है ताकि इसमें आने वाली परेशानियों, समस्याओं और खामियों का अभी से पता लगाया जा सके। ताकि जब पूरे देश की आबादी को टीकाकरण की आवश्यकता हो तो किसी भी तरह की चूक या अड़चन ना आने पाए। बहरहाल, कोरोना वैक्सीन के पूर्वाभ्यास को लेकर केंद्र सरकार की ओर से जानकारी दी गई है। सरकार ने बताया कि इसके तहत देशभर के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 125 जिलों में के 286 स्थलों पर सत्र आयोजित किए गए। प्रशासन ने इस मॉक ड्रिल के तहत करीब 1,14,100 वैक्सीनेटरों को प्रशिक्षित किया। वहीं अब तक 75 लाख से अधिक लाभार्थियों को को-विन सॉफ्टवेयर के माध्यम से पंजीकृत किया गया है। आइए जानते हैं किस राज्य में किस प्रकार से इसको अंजाम दिया गया...

विज्ञापन

राजस्थान : सात जिलों के 19 केंद्र, 42 दिन के अंतर से लगेगा टीका

राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र द्वारा जारी प्रोटोकाल के तहत शनिवार को राज्य के सात जिलों के 19 केंद्र पर कोरोना वायरस टीकाकरण का पूर्वाभ्यास आयोजित किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट किया कि कोरोना (वायरस संक्रमण) के खिलाफ इस लड़ाई में शनिवार का दिन राजस्थान के लिए महत्वपूर्ण है। आज से प्रदेश के सात जिलों में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया जा रहा है। वास्तविक टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू होने से पहले उसके लिए अचूक व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि मैं सभी प्रदेशवासियों को आश्वस्त करता हूं कि हम प्रदेश को टीकाकरण प्रक्रिया में भी देशभर में अग्रणी रखेंगे। राज्य सरकार की प्रदेश में बिना किसी परेशानी के, तय समय में और केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक टीकाकरण की पूरी तैयारी है।

चिकित्सा विभाग के सचिव सिद्धार्थ महाजन ने जयपुर के तीन केन्द्रों पर जाकर टीकाकरण के पूर्वाभ्यास की तैयारियों का जायजा लिया। महाजन ने कहा कि केन्द्र द्वारा जारी प्रोटोकाल के तहत शनिवार को राज्य के सात जिलों के 19 केन्द्रों पर टीकाकरण का पूर्वाभ्यास शुरू किया गया है और राजस्थान टीकाकरण के पहले चरण के लिये पूरी तरह तैयार है।

अजमेर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ के. के. सोनी ने बताया कि पहले चरण में अजमेर के लगभग बीस हजार स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण 42 दिन के अंतराल में किया जाएगा और दूसरा टीका लगवाने के लिए मोबाइल फोन पर प्राप्त संदेश दिखाना होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

गुजरात : चार जिलों में दूसरा चरण शुरू

कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के लिए पूर्वाभ्यास के दूसरे चरण में शनिवार को गुजरात के चार जिलों में विभिन्न केंद्रों पर 300 लाभार्थी शामिल हुए। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। पूर्वाभ्यास का पहला चरण गांधीनगर और राजकोट जिलों के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित किया गया, जिसका समापन मंगलवार को हुआ।

टीकाकरण पूर्वाभ्यास के दूसरे दौर के लिए चार जिलों आणंद, वलसाड, दाहोद और भावनगर का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि पूर्वाभ्यास में 300 स्वास्थ्य कर्मियों को डमी टीके दिए जा रहे हैं। यह अभ्यास इस उद्देश्य के लिए चयनित चार जिलों के 12 केंद्रों में आयोजित किया जा रहा है।

पूर्वाभ्यास में लाभार्थियों के लिए को-विन ऐप्लीकेशन में डाटा फीड के जरिए यूजर आईडी बनाया जाता है, जिसका इस्तेमाल कर लाभार्थियों का चयन किया जाता है और टीकाकरण केंद्र के स्थान के साथ उन्हें संदेश भेजे जाते हैं। टीकाकरण के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था पर भी नजर रखी जाती है, जिसके तहत असली टीकाकरण अभियान में किया गया सब कुछ दोहराया जाएगा।

पूर्वाभ्यास का पहला चरण 28-29 दिसंबर को गांधीनगर और राजकोट जिलों में आयोजित किया गया था। गुजरात के स्वास्थ्य आयुक्त जयप्रकाश शिवहरे ने शुक्रवार को बताया था कि राज्य सरकार ने पहले ही 16,000 टीका लगाने वालों को प्रशिक्षित किया है और वास्तविक टीकाकरण अभियान की घोषणा होने की स्थिति में अपनी तैयारी के लिए एक करोड़ टीकों की खुराक जमा करने के लिए कोल्ड चेन की अवसंरचना बनाई गई है।

विज्ञापन

गोवा : पूर्वाभ्यास सफल

कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को गोवा में सफलतापूर्वक पूर्वाभ्यास (ड्राय रन) किया गया। गोवा के स्वास्थ्य सचिव अमित सतीजा ने संवाददाताओं को बताया कि पूर्वाभ्यास पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कॉर्लिम, पणजी और अल्डोना के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में किया गया, जो उत्तरी गोवा में स्थित हैं।

उन्होंने बताया कि पूर्वाभ्यास के दौरान सभी जरूरी रणनीति, नियमों के वास्तविक क्रियान्वयन, कोविड-19 टीकाकरण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया आदि को परखा गया और इसमें स्वास्थ्य कर्मियों ने भी हिस्सा लिया।

हालांकि, इस दौरान किसी भी लाभार्थी को कोविड-19 का वास्तविक टीका नहीं दिया गया। सतीजा ने पूर्वाभ्यास को सफल करार दिया है। स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि गोवा में कोविड-19 टीके के भंडारण के लिए शीतगृह की पर्याप्त व्यवस्था है, जिसकी मंजूरी मिलनी आवश्यक है। गौरतलब है कि गोवा दो जिलों उत्तर एवं दक्षिण गोवा में बंटा हुआ है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने टीकों की खुराक को रखने के लिए और ‘आइस बैंकों’ को मंजूरी दी है। सतीजा ने कहा कि गोवा में टीके की भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए निजी अस्पतालों की भी मदद ली जा रही है।

गौरतलब है कि भारत के केंद्रीय औषधि प्राधिकारी की विशेषज्ञ समिति (एसईसी)ने शुक्रवार को ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित टीके कोविशील्ड के आपात इस्तेमाल की अनुमति देने की अनुशंसा की, जिसका उत्पादन सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया भी कर रहा है और अगले कुछ दिनों में टीके को लगाने का रास्ता साफ हो गया। उल्लेखनीय है एसईसी ने अपनी अनुशंसा भारत के औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) को अंतिम मंजूरी के लिए भेज दी है।

सीखने वाला अनुभव रहा: तमिलनाडु सरकार

तमिलनाडु में शनिवार को 17 केंद्रों पर सफलतापूर्वक कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया गया और यह सीखने वाला अनुभव रहा। एक शीर्ष अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव जे राधाकृष्णन ने कहा कि कुल मिलाकर पूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

यह पूर्वाभ्यास चेन्नई, तिरुवल्लूर, नीलगिरी, तिरुनेलवेली और कोयंबटूर के पांच जिलों में तीन-तीन केंद्रों पर आयोजित किया गया। सचिव ने कहा कि हमें यह सीखने को मिला कि टीकाकरण के लिए निर्धारित कक्ष बहुत बड़ा होना चाहिए। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) और यूनिसेफ के अधिकारियों ने भी इस अभियान को देखा।

आरंभिक जानकारी का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 2000 कर्मियों और 510 प्रतिभागियों को शामिल करते हुए इस पूर्वाभ्यास के परिणाम संतोषजनक रहे। अब इन परिणामों के आधार पर राज्य में टीकाकरण की प्रस्तावित योजना की तैयारी करनी होगी।

जे राधाकृष्णन ने कहा कि टीकाकरण के लिए छह लाख स्वास्थ्य कर्मियों ने पहले ही पंजीकरण करा लिया है और अन्य आवश्यक सेवाओं के कर्मचारी अपना पंजीकरण कराने के लिए तैयार हैं जिसके बाद बुजुर्गों और अन्य बीमारियों वाले लोगों का पंजीकरण किया जाएगा।

पुडुचेरी : नौ स्वास्थ्य केंद्रों पर हुई रिहर्सल

मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने शनिवार को सरकारी जनरल अस्पताल में कोविड-19 टीकाकरण के पूर्वाभ्यास के प्रबंध से संबंधित जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह केंद्र शासित प्रदेश में नौ स्वास्थ्य केंद्रों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य योजना और कार्यान्वयन के बीच की कड़ी की जांच करना व परिचालन व्यवहार्यता का मूल्यांकन करना है।

बता दें कि पुडुचेरी में कोरोना वायरस के सिर्फ 10 नए मामले सामने आए, जिससे शनिवार को इस वायरस के संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 38,174 हो गई। केंद्र शासित प्रदेश में कोविड-19 की वजह से कोई मौत नहीं होने से मृतक संख्या 633 पर बनी रही।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के निदेशक एस मोहन कुमार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि शनिवार को सुबह 10 बजे समाप्त होने वाले 24 घंटों में 30 रोगियों के ठीक होने के बाद अब तक स्वस्थ हो चुके लोगों की कुल संख्या बढ़कर 37,195 हो गई, जबकि अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 346 है।

पिछले 24 घंटों में कुल 2,378 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 10 में संक्रमण का पता चला। केंद्र शासित प्रदेश में मृत्यु दर और ठीक होने की दर क्रमशः 1.66 प्रतिशत और 97.44 प्रतिशत है। अब तक 4.91 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है।

असम : जब वास्तविक टीका उपलब्ध न हो तब तक पूर्वाभ्यास जारी रहेगा

असम में कोविड-19 का वास्तविक टीका उपलब्ध होने तक नियमित तौर पर टीकाकरण का अभ्यास जारी रहेगा ताकि चिकित्साकर्मी इसके लिए तैयार हो सकें और जरूरी ढांचागत तैयारियां पूरी की जा सके। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के मिशन निदेशक लक्ष्मणन एस ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग राज्य में लोगों को टीका देने से पहले हर तरह की बाधा को दूर कर लेना चाहता है।

उन्होंने कहा कि आज, हम गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल, सोनापुर सिविल अस्पताल और खानपारा राज्य डिस्पेंसरी में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास कर रहे हैं। यह सतत प्रक्रिया है और तब तक जारी रहेगी जब तक वास्तविक टीका हमें नहीं मिल जाता। वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि एनएचएम और राज्य स्वास्थ्य विभाग पूर्वाभ्यास की मौजूदा प्रक्रिया में राज्य के ज्यादा से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों तक आने वाले दिनों में पहुंचने की कोशिश करेंगे।

लक्ष्मणन ने कहा कि हमारा उद्देश्य हमारे कर्मचारियों को तैयार करना, राज्य के तंत्रों का उन्नयन और टीका पहुंचाने के ढांचों में सुधार करना है। हम नहीं चाहते हैं कि वास्तविक टीका आने पर लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़े। इस पूर्वाभ्यास से खामियों का पता लगाकर उसे दूर किया जाएगा। आंध्र प्रदेश, गुजरात और पंजाब के साथ असम में कोविड-19 टीके का पूर्वाभ्यास 28 दिसंबर से नलबाड़ी और सोनितपुर जिलों में शुरू हुआ।

इन दो जिलों के प्रत्येक पांच-पांच स्वास्थ्य केंद्रों पर पूर्वाभ्यास अगले दिन भी जारी रहा और सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अभ्यास की निगरानी की। इस अभ्यास के तहत टीकाकरण के लाभार्थियों की सूची अपलोड की गई और सभी केंद्रों पर तैयारियों से संबंधित अभ्यास किया गया। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के राज्य निगरानी चिकित्सा अधिकारी ने कई केंद्रों का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य अधिकारियों और जिला प्रशासनों के साथ टीके से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की।

केरल : चार जिले और 25 स्वास्थ्य कार्यकर्ता

केरल के चार जिलों में शनिवार को आयोजित टीकाकरण पूर्वाभ्यास में कम से कम 25 स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। यह पूर्वाभ्यास कोविड का टीका पहुंचने से पहले टीकाकरण के लिए राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र की तैयारियों का जायजा लेने के लिए किया गया। टीकाकरण का पूर्वाभ्यास चार जिलों- तिरुवनंतपुरम, इडुक्की, वायनाड और पलक्कड़ में सुबह नौ बजे से पूर्वाह्न 11 बजे तक आयोजित किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया कि पहले चरण में, सरकारी और निजी क्षेत्र के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मेडिकल छात्रों और आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को टीका लगाया जाएगा और अब तक 3.13 लाख लोगों का इसके लिए पंजीकरण किया गया है।

राज्य की स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने यहां पेरूरक्कड़ स्थित राजकीय जिला अस्पताल में आयोजित पूर्वाभ्यास में भाग लेते हुए कहा कि राज्य सभी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को कोविड-19 का टीका लगाने की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने कहा कि केंद्र ने हमें सूचित किया है कि राज्य को दो-तीन दिनों के भीतर टीके का पर्याप्त भंडार प्राप्त होगा। राज्य ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के बाद, वरिष्ठ नागरिक टीकाकरण के लिए सरकार की प्राथमिकता सूची में हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि वायरल संक्रमण राज्य में बहुत ही नियंत्रित है जबकि यह कई अन्य राज्यों में बहुत तेजी से फैला था। शैलजा ने टीका वितरण के मामले में भी दक्षिणी राज्य को प्राथमिकता देने की मांग की।

भोपाल : तीन अस्पतालों में ड्राय रन

मध्यप्रदेश के भोपाल के तीन अस्पतालों में कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (ड्राय रन) किया गया। मध्यप्रदेश में कोविड-19 टीकाकरण का यह पहला पूर्वाभ्यास था। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी है। अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण का पूर्वाभ्यास गांधी नगर स्वास्थ्य केन्द्र, एल.एन. मेडिकल कॉलेज और गोविंदपुरा स्वास्थ्य केन्द्र में किया गया और इसमें करीब 75 स्वास्थ्य कर्मी पहुंचे।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने के लिए इन स्वास्थ्य केन्द्रों में बुलाया गया और उन्हें डमी टीकाकरण कर 30 मिनट तक केन्द्र में प्रतीक्षा करने को कहा गया, जैसा की असली टीका लगने के बाद इसका निरीक्षण करने के लिए किया जाएगा।

अधिकारी ने कहा कि असली टीका लगने के बाद यदि किसी व्यक्ति को स्वास्थ्य संबंधी कोई परेशानी होती है, तो उसका उपचार तुरंत किया जाएगा। इसलिए टीकाकरण के बाद व्यक्ति को 30 मिनट उसी केन्द्र में रुकना होगा। उन्होंने दावा किया,‘‘पूर्वाभ्यास के दौरान सब कुछ ठीक रहा। कोई गड़बड़ नहीं हुई। 

कोल्ड चेन के जरिए 'डमी टीकों' को टीकाकरण केन्द्र तक सही समय पर पहुंचाया गया एवं कोविड-19 टीकाकरण के सभी प्रोटोकॉल का पालन किया गया। अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत जब भी मध्यप्रदेश में कोविड-19 के टीके लगने की शुरुआत होगी, तो सबसे पहले करीब 20,000 से 25,000 कोरोना योद्धाओं को यह टीका लगाया जाएगा।

मध्यप्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने गोविंदपुरा स्वास्थ्य केन्द्र में इस पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया। सारंग ने मीडिया से कहा कि मैंने गोविंदपुरा स्वास्थ्य केन्द्र में कोविड-19 टीकाकरण के इस पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया। टीकाकरण के लिए सारी सुविधाएं चाक चौबंद हैं। प्रदेश में टीकाकरण का रोडमैप पूरी तरह से तैयार है।

बंगाल : 75 स्वास्थ्य कर्मी हुए शामिल

पश्चिम बंगाल के तीन केंद्रों पर कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास शनिवार को चल रहा है जिसमें कम से कम 75 स्वास्थ्यकर्मी हिस्सा ले रहे हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पूर्वाभ्यास सुबह नौ बजे दत्ताबाद और मध्यग्राम में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उत्तर 24 परगना जिले में अमदांगा ग्रामीण अस्पताल में शुरू हुआ।

अधिकारी ने बताया कि तीन केंद्रों पर कम से कम 75 लोग कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं। टीकाकरण पूर्वाभ्यास के लिए उनसे अपने नाम पंजीकृत करवाने को कहा गया है। इस पूर्वाभ्यास के बाद कम से कम आधे घंटे तक उनकी सेहत पर नजर रखी जाएगी। यह राष्ट्रव्यापी पूर्वाभ्यास असल टीकाकरण कार्यक्रम आरंभ होने से पहले अधिकारियों की इससे संबंधित तैयारियों का आकलन करने के लिए किया जा रहा है।

केंद्र सरकार ने कहा था कि दो जनवरी तक सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में पूर्वाभ्यास पूरा हो जाए ताकि योजना और कार्यान्वयन के बीच जुड़ाव की जांच हो सके और चुनौतियों की पहचान की जा सके। इससे पहले टीकाकरण का पूर्वाभ्यास पंजाब, आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात में 28 तथा 29 दिसंबर को हो चुका है।

दिल्ली : बाधाएं पहचानीं और सीखा प्रबंधन

राष्ट्रीय राजधानी में तीन स्थलों पर कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास शनिवार को शुरू किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रशासन दो जनवरी से इस गतिविधि को शुरू करेंगे ताकि योजना और लागू करने के बीच समन्वय की जांच की जा सके और इसमें आने वाली बाधाओं की पहचान की जा सके।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यहां कहा कि गुरु तेग बहादुर अस्पताल, शाहदरा, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, दरियागंज और वेंकेटेश्वर अस्पताल, द्वारका दिल्ली के तीन स्थल हैं, जिसका चयन राष्ट्रीय राजधानी में टीकाकरण के पूर्वाभ्यास के लिए किया गया है। 

हालिया स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार दिल्ली के स्वास्थ्य सचिव की अध्यक्षता में शुक्रवार को एक वीडियो कॉन्फ्रेंस (ऑनलाइन सम्मेलन) तीन चुनिंदा स्थलों पर कोविड-19 टीकाकरण के पूर्वाभ्यास को लेकर किया गया था। इन स्थानों में मध्य जिले, शाहदरा जिले और दक्षिण-पश्चिम जिले के एक-एक केंद्र शामिल हैं। फ्रीजर लगाने से लेकर इस पूरी प्रक्रिया के लिए कोल्ड चेन उपकरण स्थापित करने और जब कभी टीका उपलब्ध हो तो उसे दिल्ली सरकार के एक अस्पताल में रखने के प्रबंधन किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 24 दिसंबर को कहा था कि दिल्ली सरकार टीका प्राप्त करने, उसे रखने और शहर में टीकाकरण के पहले चरण में प्राथमिकता वाले श्रेणी के 51 लाख लोगों को लगाने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इनमें स्वास्थ्य कर्मी, कोविड-19 से लड़ने में अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे लोग, 50 साल से ज्यादा उम्र के लोग तथा बीमारियों से ग्रस्त 50 साल से कम उम्र के लोग शामिल हैं।

आंध्र प्रदेश : 13 जिलों में 32 छोटी और 26 बड़ी घटनाएं

अमरावती, दो जनवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के सभी 13 जिलों में 39 स्थानों पर कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास (ड्राय रन) किया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके तहत स्वास्थ्य अधिकारियों ने टीकाकरण के बाद प्रतिकूल घटनाओं से निपटने की तैयारियों का परीक्षण किया।

देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया गया। स्वास्थ्य आयुक्त कटमनेनी भास्कर ने कहा कि सभी जिलों में पूर्वाभ्यास के दौरान लगभग 32 छोटी और 26 बड़ी घटनाएं निर्मित की गईं।

भास्कर ने बताया कि ये घटनाएं वास्तविक नहीं हैं, लेकिन हमने टीकाकरण के बाद प्रतिकूल घटनाओं से निपटने की तैयारियों का परीक्षण करने के लिए कुछ आभासी (डमी) स्थितियां उत्पन्न कीं। सब कुछ योजना के अनुसार हुआ। अब हम जब भी वास्तविक टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होता है, उसके लिए तैयार हैं।’’ चुनिंदा स्थानों पर पूर्वाभ्यास के लिए चुने गए निर्दिष्ट समूहों के 975 पूर्व-चिन्हित लाभार्थियों में से कुल 954 को ‘डमी वैक्सीन’ दी गई।

भास्कर ने कहा कि शेष 21 को विभिन्न समस्याओं के कारण टीका नहीं लगाया गया था। उन्होंने कहा कि इनके परिणाम उत्साहजनक हैं। सभी जिलों में चले पूर्वाभ्यास के परिणाम पर एक समीक्षा रिपोर्ट आगे की कार्यवाही के सुझाव के लिए राज्य कार्य दल को भेजी जाएगी। आयुक्त ने कहा कि हम केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय को भी फीडबैक भेजेंगे।

सिक्किम : खूबियों और खामियों का पता चला

सिक्किम सरकार ने शनिवार को यहां एक शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया। राज्य में टीकाकरण अधिकारी डॉ. पी डेंजोंगपा ने बताया कि यह पूर्वाभ्यास सुचारू रूप से हुआ और इससे खूबियों एवं खामियां का पता चला। सिक्किम में राज्य सरकार के कार्यालय चार जनवरी के बाद खुलेंगे।

टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि सिक्किम के छोटा राज्य होने के कारण केंद्र ने एक ही स्थान पर पूर्वाभ्यास की अनुमति दी थी। उन्होंने कहा कि हम वास्तविक कोविड-19 टीकाकरण करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हमने प्रशीतित भंडारण (कोल्ड स्टोरेज) इकाइयों को मजबूत किया है। सभी जिला अस्पतालों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी बुनियादी ढांचा हैं क्योंकि राज्यभर में पहले अन्य नियमित टीकाकरण अभियान चलाये गए हैं।

उत्तराखंड और मिजोरम में भी मॉक ड्रिल

देशभर में चल रहे कोविड-19 टीकाकरण अभ्यास के तहत शनिवार को उत्तराखंड में भी पूर्वाभ्यास किया गया। अधिकारियों ने बताया कि देहरादून जिले में पांच स्वास्थ्य केन्द्रों में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास सफल रहा।

कोविड-19 टीकाकरण नोडल अधिकारी तथा एनएचएम की अभियान निदेशक सोनिका ने कहा कि महात्मा गांधी शताब्दी अस्पताल, खुरूबा शहरी स्वास्थ्य केन्द्र, भानियावाला प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र तथा भोगपुर और रानीपोखरी के राजकीय एलोपैथिक अस्पताल में पूर्वाभ्यास किया गया।

उन्होंने कहा कि सुबह नौ बजे से शुरू हुए पूर्वाभ्यास के दौरान 123 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य तय किया गया था। अधिकारी ने कहा कि राज्य के नोडल अधिकारी ने सफलतापूर्वक पूर्वाभ्यास के लिये प्रत्येक अस्पतालों में पर्यवेक्षकों की तैनाती कर रखी थी।

पूर्वाभ्यास संपन्न होने के बाद एनएचएम निदेशक ने विस्तृत रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि राज्य में होने वाले कोविड-19 टीकाकरण के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं।

वहीं, मिजोरम सरकार ने भी कोविड-19 टीकाकरण का सफलतापूर्वक पूर्वाभ्यास किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य अधिकारियों और वरिष्ठ डॉक्टरों की निगरानी में आइजोल के दो जन स्वास्थ्य केन्द्रों में 23-23 लोगों को प्रयोग के तौर पर टीके लगाए गए। अधिकारी ने कहा कि पूर्वाभ्यास से हमें वास्तविक अभियान की तैयारियों की समीक्षा में मदद मिली है।

चंडीगढ़, हरियाणा के पंचकूला में पूर्वाभ्यास

कोविड-19 टीकाकरण अभियान चलाने की तैयारियों के तहत शनिवार को केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ और हरियाणा के पंचकूला जिले में इसका पूर्वाभ्यास किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। 

हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) राजीव अरोड़ा ने बताया कि राज्य के पंचकूला जिले में चार स्थानों पर यह पूर्वाभ्यास किया गया, जिनमें शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दो-दो स्थान शामिल किए गए थे। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र शासित क्षेत्र चंडीगढ़ के प्रशासन ने भी शहर में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया।

नगालैंड में 75 प्रतिभागियों पर टीकाकरण का पूर्वाभ्यास

नगालैंड सरकार ने शनिवार को दिमापुर में तीन स्थानों पर 75 प्रतिभागियों पर कोविड-19 के टीकाकरण के लिए पूर्वाभ्यास किया। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि दीमापुर जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेदजिफेमा और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, डनकैन बस्ती, दीमापुर में 25-25 प्रतिभागियों पर पूर्वाभ्यास किया गया।

प्रदेश टीकाकरण अधिकारी डॉ. रित थुर ने कहा कि हम कोविड-19 टीकाकरण की प्रक्रिया के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों के अनुसार इन केंद्रों में प्रतीक्षा, टीकाकरण और निगरानी के लिए तीन कक्ष हैं। प्रत्येक टीकाकरण दल में पांच-पांच सदस्य हैं।

अधिकारी ने बताया कि टीकाकरण शुरू होने पर पहले चरण में कुल 19,654 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाएगा। दूसरे चरण में अग्रिम मोर्चे पर रहकर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को और तीसरे चरण में बुजुर्गों तथा बच्चों को टीका लगाया जाएगा।

त्रिपुरा : डमी टीके लगाए

त्रिपुरा सरकार ने शनिवार को राज्य के तीन स्थानों पर कोविड-19 टीकाकरण का पूर्वाभ्यास आयोजित किया। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, त्रिपुरा के निदेशक डॉ. सिद्धार्थ जायसवाल ने बताया कि अगरतला के इंदिरा गांधी मेमोरियल अस्पताल और पश्चिम त्रिपुरा जिले के बोरखा और गांधीग्राम में दो पीएचसी में कुल 25 आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को ‘डमी’ टीके लगाए गए।

उन्होंने कहा कि तीनों चिकित्सा केंद्रों पर छह-छह सदस्यों की टीमों ने स्वयंसेवकों को डमी टीके लगाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, समाज कल्याण और गृह विभाग के कुल 180 लोगों को इस उद्देश्य के लिए प्रशिक्षित किया गया है।

एक अन्य स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि इस बीच, त्रिपुरा में आठ और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद राज्य में मामलों की कुल संख्या बढ़कर 33,276 हो गई है। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण से कोई और मौत नहीं होने से राज्य में मृतकों की संख्या 382 पर बनी रही।

अधिकारी ने बताया कि त्रिपुरा में अब 99 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि अब तक 32,772 लोग इस बीमारी से स्वस्थ हो चुके हैं और 23 मरीज दूसरे राज्यों में जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि 59 और लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed