Child Vaccination: 12 से 14 साल के बच्चों का टीकाकरण आज से शुरू, लग रही कोर्बेवैक्स वैक्सीन, यहां जानें सबकुछ
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के मौके पर आज से 12 से 14 साल के बच्चों का कोविड-19 टीकाकरण शुरू हो जाएगा। इस आयु वर्ग के लाभार्थियों को केवल हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल-ई द्वारा विकसित कोर्बेवैक्स टीका लगाया जाएगा। केंद्र सरकार ने राज्यों से निर्धारित केंद्रों पर समर्पित कोविड-19 टीकाकरण सत्र आयोजित करने और टीका लगाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए कहा है, ताकि बच्चों के टीकाकरण के दौरान टीकों के मिश्रण से बचा जा सके।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए देश में आज यानी बुधवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के मौके पर 12 से 14 साल के बच्चों का कोविड-19 टीकाकरण शुरू हो जाएगा। इस आयु वर्ग के लाभार्थियों को केवल हैदराबाद स्थित बायोलॉजिकल-ई द्वारा विकसित कोर्बेवैक्स टीका लगाया जाएगा। लाभार्थी ऑनलाइन पंजीकरण के अलावा सीधे टीकाकरण केंद्र पर जाकर भी वैक्सीन लगवा सकेंगे। देश में इस आयुवर्ग के 4,74,73,000 बच्चों को टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करना है।
12-14 साल के बच्चों के टीकाकरण के लिए क्या हैं दिशा-निर्देश
केंद्र सरकार ने राज्यों से निर्धारित केंद्रों पर समर्पित कोविड-19 टीकाकरण सत्र आयोजित करने और टीका लगाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण देने को कहा है, ताकि 12 से 14 साल के बच्चों के टीकाकरण के दौरान टीकों के मिश्रण से बचा जा सके। कोविन वेबसाइट पर पंजीयन की सुविधा भी बुधवार से शुरू होगी। इन बच्चों के लिए ऑनसाइट पंजीयन की सुविधा भी दी गई है।
केंद्र ने सभी राज्यों से स्पष्ट कहा है कि 12 वर्ष से कम आयु के बच्चों को टीकाकरण में शामिल नहीं किया जा सकता है। टीका देने से पहले उक्त केंद्र के मुख्य अधिकारी की यह जिम्मेदारी होगी कि उम्र संबंधी दस्तावेज की जांच करने के बाद ही बच्चे का टीकाकरण किया जाए। मार्च 2022 तक इनकी आयु 12 से 14 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों से हुई बातचीत में कहा, “12 से 14 साल के बच्चों के टीकाकरण के दौरान टीकों का मिश्रण न हो, यह सुनिश्चत करने के लिए टीका लगाने वालों और टीकाकरण टीम को प्रशिक्षण देने की जरूरत है।” उन्होंने राज्यों से कहा है कि विशेष टीकाकरण केंद्र बनाए जाएं जहां सिर्फ इस उम्र के बच्चों को ही वैक्सीन के डोज दिए जाएं।
भूषण ने कहा, “टीकों का मिश्रण रोकने के लिए राज्यों को निर्धारित कोविड-19 टीकाकरण केंद्रों पर समर्पित टीकाकरण सत्र आयोजित करने का निर्देश दिया गया है।” स्वास्थ्य सचिव के मुताबिक, राज्यों से उपलब्ध कोविड-19 टीकों का उनके इस्तेमाल की तिथि के हिसाब से विवेकपूर्ण प्रयोग सुनिश्चित करने को भी कहा गया है। बता दें कि 14 से 15 साल तक की उम्र के बच्चों को 15 से 18 साल के आयुवर्ग के लोगों के टीकाकरण में पहले ही शामिल किया जा चुका है। इस आयुवर्ग के बच्चों को भारत बॉयोटेक द्वारा तैयार पूर्णत: स्वदेशी वैक्सीन कोवाक्सिन दी जा रही है।
28 दिन के अंतराल पर लेनी होंगी दो खुराक
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों के साथ एक सूची भी साझा की है जिसके अनुसार देश में 12 से 13 साल के बीच 1,21,43,000 लड़के और 1,13,27,000 लड़कियां हैं। इसी तरह 13 से 14 साल के 1,22,50,000 लड़के और 1,14,23,000 लड़कियां हैं जिन्हें कोर्बेवैक्स की दो खुराक 28 दिन के अंतराल में देनी अनिवार्य है।
60 से अधिक उम्र वाले लगवा सकेंगे बूस्टर डोज
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि 60 साल से अधिक उम्र के लोगों को एहतियाती डोज लगाए जा रहे हैं। इसमें उन लोगों को प्राथमिकता दी जाए, जिन्हें दूसरी खुराक लिए नौ माह से ज्यादा का वक्त हो चुका है। अब तक करीब एक करोड़ 87 लाख लोगों को पहली और करीब डेढ़ करोड़ को दूसरी डोज दी जा चुकी है। ऐसे में जिन लोगों के दूसरी डोज का समय नौ माह हो चुका है उन्हें एहतियाती डोज दी जाएगी। एहतियाती डोज उसी कंपनी की दी जाएगी, जिसके दोनों डोज पहले दिए जा चुके हैं।
अधिक जोखिम वाले बच्चों पर केंद्रित रहेगा टीकाकरण
नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑफ इम्युनाइजेशन (एनटीएजीआई) के कोविड-19 वर्किंग ग्रुप के चेयरमैन डॉ. डीके अरोड़ा का कहना है कि हमारा प्राथमिक फोकस पहले से ऐसी बीमारियों से जूझ रहे बच्चों पर है, लेकिन ऐसा कोई डाटा उपलब्ध नहीं होने के कारण सभी बच्चों के टीकाकरण का निर्णय लिया गया है। आइए हम आपको बताते हैं देश के अन्य राज्यों में कोर्बेवैक्स वैक्सीन को लेकर क्या है तैयारी...
उत्तर प्रदेश में पहले दिन 200 बूथों पर लॉन्च होगी कार्बेवैक्स वैक्सीन
देश में सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। यहां 12 से 14 साल के किशोरों को कोरोना से बचाने के लिए बुधवार से टीकाकरण शुरू किया जाएगा। पहले दिन 200 बूथों पर कार्बेवैक्स वैक्सीन लॉन्च की जाएगी। इस संबंध में मंगलवार को सभी जिला टीकाकरण प्रभारियों को प्रशिक्षण भी दे दिया गया है।
प्रदेश में एक करोड़ 25 लाख किशोरों का टीकाकरण किया जाएगा। इसका ब्योरा कोविन पोर्टल पर भी रहेगा। इसी तरह अन्य उम्र समूह का टीकाकरण पहले की तरह चलता रहेगा। राज्य टीकाकरण प्रभारी डॉ. अजय घई ने बताया कि वैक्सीन जिलों में पहुंच गई है। होली के बाद स्कूलों में शिविर लगाकर टीकाकरण किया जाएगा।
दिल्ली : छह लाख से ज्यादा बच्चों को लगेगा टीका
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में छह लाख से ज्यादा बच्चों को बुधवार से टीका मिलना शुरू होगा। 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों को कोर्बेवैक्स की खुराक मिलेगी। इसे लेकर अभिभावकों ने भी खुशी जाहिर की है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राजधानी में इस आयुवर्ग के करीब 6.07 लाख बच्चे हैं। इनमें से करीब 99 फीसदी स्कूल जाते हैं। इन बच्चों का टीकाकरण एक महीने में पूरा किया जा सकता है। यह लक्ष्य हासिल करने के लिए विभाग की ओर से सभी जिला प्रशासन को निर्देश जारी किए गए हैं।
हरियाणा : बच्चों का टीकाकरण शुरू
हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा ने बताया कि 16 मार्च से पूरे हरियाणा में 12-14 वर्ष के बच्चों के टीकाकरण की शुरुआत होगी। प्रदेश में तकरीबन 14 लाख बच्चों को वैक्सीन लगेगी। अरोड़ा ने कहा कि सौ फीसदी लक्ष्य हासिल करने के मकसद से अधिकारियों को काम करना होगा।
राजस्थान: 30 लाख से ज्यादा बच्चों को लगने हैं टीके
राजस्थान में बुधवार से 12 से 14 साल आयु वर्ग के किशोरों-किशोरियों का कोविड टीकाकरण किया जाएगा। अभिभावक इसके लिए ऑफलाइन या ऑनलाइन पंजीकरण करवाकर स्थानीय टीका केंद्र से टीका लगवा सकते हैं। राज्य के चिकित्सा मंत्री परसादी लाल मीणा ने प्रदेश के 12 से 14 साल आयु वर्ग के किशोरों के अभिभावकों से टीका लगवाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश को केंद्र सरकार से कोर्बेवैक्स टीके की 30 लाख से ज्यादा खुराक मिल चुकी हैं और उन्हें सभी जिलों को उपलब्ध करवा दिया गया है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार 12 और 13 साल आयु के 15 लाख 91 हजार, 13 और 14 साल आयु के 14 लाख 96 हजार लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाना है। प्रदेश में 12 से 14 साल आयु वर्ग के कुल 30 लाख 87 हजार लक्षित लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाना है।
महाराष्ट्र : आज से शुरू होगा 12-14 आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण
महाराष्ट्र सरकार के जनस्वास्थ्य राज्य मंत्री राजेंद्र पाटिल याद्रवकर ने कहा कि राज्य में 12-14 साल के बच्चों का कोविड-19 रोधी टीकाकरण बुधवार से शुरू हो जाएगा। इस बीच, सोमवार तक राज्य में कुल 15,78,15,000 टीके की खुराक दी जा चुकी है।
ओडिशा: स्कूलों से शुरू होगा टीकाकरण, 15.21 लाख से अधिक बच्चों को लगेंगे टीके
ओडिशा सरकार ने मंगलवार को कहा कि राज्य 12-14 साल के बच्चों के लिए बुधवार से कोविड-19 टीकाकरण शुरू करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस समूह के लिए टीकाकरण पहले चरण में स्कूलों से शुरू होगा और बाद में इसे अन्य स्थानों तक बढ़ाया जाएगा, जहां बच्चों को कोर्बेवैक्स का टीका लगाया जाएगा। परिवार कल्याण निदेशक बिजय पाणिग्रही, जो टीकाकरण के नोडल अधिकारी भी हैं, ने कहा कि पंजीकरण ऑनलाइन/ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकेगा।
असम: आज से 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों का टीकाकरण
असम के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग ने मंगलवार को सभी जिलों के उपायुक्तों को 16 मार्च से 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए कोविड-19 रोधी 'कोर्बेवैक्स' वैक्सीन के टीकाकरण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था। राज्य में आज से टीकाकरण शुरू हो जाएगा। टीका केवल उन्हीं बच्चों को दिया जाएगा, जो टीकाकरण की तिथि पर 12 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं।
गुजरात : 23 लाख बच्चों का टीकाकरण होगा
गुजरात में 12 से 14 साल के करीब 23 लाख बच्चों का कोरोना रोधी टीकाकरण बुधवार से शुरू हो जाएगा। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल गांधीनगर जिले के बरेज गांव के एक स्कूल से अभियान की शुरुआत करेंगे। राज्य के टीकाकरण अधिकारी नयन जानी ने कहा कि हमने राज्य भर में स्कूलों को इस संबंध में निर्देश दे दिए हैं। हमारे अनुमान के अनुसार, इस आयु वर्ग में लगभग 23 लाख बच्चे हैं। केंद्र ने हमें इसके लिए पहले ही 23 लाख खुराक दे दी हैं।
पश्चिम बंगाल: केंद्र से मंगलवार को ही मिली है एसओपी, आएंगी अड़चनें
पश्चिम बंगाल सरकार कुछ बाधाओं के बावजूद बुधवार से 12-14 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि चूंकि मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) केंद्र से मंगलवार को ही प्राप्त हुई थी, इसलिए इसे रात भर में जिला और ग्राम स्वास्थ्य केंद्रों में भेजना एक चुनौती है। उन्होंने कहा टीकाकरण के लिए निर्धारित टीका कोर्बेवैक्स अभी तक राज्य के सभी जिलों तक नहीं पहुंच पाया है। वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, बंगाल में 12-14 वर्ष आयु वर्ग के 47 लाख से अधिक बच्चों को कोर्बेवैक्स का टीका दिया जाना है जबकि हमारे पास 31 लाख खुराक का ही स्टॉक है।
मध्यप्रदेश: 23 मार्च से शुरू होगा टीकाकरण
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) मध्यप्रदेश के संचालक टीकाकरण डॉ. संतोष शुक्ला ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में 12 से 14 वर्ष के आयुवर्ग के किशोरों का कोविड-19 रोधी टीकाकरण 23 मार्च से शुरू होगा। दरअसल, प्रदेश में प्रशिक्षण और तैयारियां पूरी करने के लिए टीकाकरण स्थगित किया गया है। शुक्ला ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रदेश में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं का कोविड-19 रोधी टीकाकरण कोविन पोर्टल में आवश्यक संशोधन के बाद शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 2008, 2009 और 15 मार्च 2010 तक जन्मे सभी बालक/बालिकाओं को कोर्बेवैक्स टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्कूली शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर उचित वातावरण निर्माण एवं सूचीकरण शुरू कर दिया गया है।
गोवा: 12-14 वर्ष की आयु के 50 हजार बच्चों का आज से टीकाकरण शुरू
राज्य के स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि गोवा में 12 से 14 वर्ष की आयु के कम से कम 50,000 बच्चे बुधवार से शुरू होने वाले अभियान के दौरान कोविड-19 रोधी वैक्सीन लेने के लिए पात्र हैं। राज्य के टीकाकरण अधिकारी डॉ. राजेंद्र बोरकर ने कहा कि टीके की खुराक या तो स्कूलों या सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य केंद्रों में दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य भर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आदि जैसे 40 केंद्र हैं।
छत्तीसगढ़: 13.21 लाख किशोरों-किशोरियों का होगा टीकाकरण
छत्तीसगढ़ में बुधवार से 12 से 14 साल आयुवर्ग के किशोरों-किशोरियों को कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा। राज्य के जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि इस आयु वर्ग के 13 लाख 21 हजार 286 बच्चों के टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है और पात्र लाभार्थी कोविन-एप पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
त्रिपुरा: 1.37 लाख बच्चों को टीका लगाया जाएगा
त्रिपुरा सरकार ने आज से शुरू हो रहे टीकाकरण अभियान में 1.37 लाख लाभार्थियों को कवर करने की योजना बनाई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन त्रिपुरा के निदेशक डॉ. सिद्धार्थ जायसवाल ने मंगलवार को कहा, "12 से 14 साल के बच्चों को कोर्बेवैक्स वैक्सीन दी जाएगी। हम सभी योग्य छात्रों-छात्राओं को अधिक टीकाकरण केंद्र खोलकर कवर करने के लिए शिक्षा विभाग के साथ बातचीत कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रत्येक जिले में दो टीकाकरण केंद्र होंगे और इनकी संख्या बाद में बढ़ाई जाएगी।
पुडुचेरी: मुख्यमंत्री करेंगे टीकाकरण का शुभारंभ
पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन रंगासामी बुधवार को 12 से 14 साल के बच्चों के लिए कोविड-19 रोधी टीकाकरण की शुरुआत करेंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री बुधवार सुबह 11 बजे इंदिरा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय में टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे।
देश में अब तक कोविड-19 रोधी टीके की कुल 180.58 करोड़ से ज्यादा खुराक दी गई: सरकार
देश में मंगलवार तक कोविड-19 रोधी टीके की कुल 180.58 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने कहा कि मंगलवार को शाम सात बजे तक टीके की 16,54,073 खुराक दी गईं। मंत्रालय ने कहा कि अब तक चिह्नित वर्ग के लाभार्थियों को टीके की 2,14,59,117 एहतियाती खुराक दी जा चुकी हैं। देश में अब तक टीके की कुल 180.58 करोड़ से अधिक (1,80,58,30,502) खुराक दी जा चुकी हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.