कोरोना का हीरा कारोबार पर कहर, 8000 करोड़ गंवाने के कगार पर सूरत के कारोबारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोनावायरस का असर कारोबार पर पड़ना प्रारंभ हो गया है। हीरों से लेकर कपास तक पर इसका प्रकोप महसूस होने लगा है। जानकारी के मुताबिक देश-विदेश में हीरा कटिंग और पॉलिश के मशहूर सूरत आठ हजार करोड़ गंवाने के मुहाने पर आ गया है।
वहीं चीन को ढाई लाख कपास की गांठों का निर्यात होना था जो अब दो सप्ताह के लिए टल गया है। हीरा व्यापारियों का अंदाजा है कि मार्च तक उनके आठ हजार करोड़ रुपये का कारोबार डूब जाएगा। गौरतलब है कि हांगकांग को बड़ी मात्रा में हीरों का निर्यात किया जाता है और कोरोना के चलते यहां आपातकाल घोषित हो गया है।
इससे कारोबारी गतिविधियां ठप होने लगी हैं और जिन गुजरातियों का वहां पर दफ्तर है वे अब उसे बंद करके वापस आ रहे हैं। गौरतलब है कि भारत दुनिया भर में हीरों की कटाई और पॉलिश के काम का दूसरा नाम है और सूरत इसमें सिरमौर है। देश का हीरा कारोबार 23 अरब डॉलर का है और देश का 80 फीसदी हीरा निर्यात सूरत से ही होता है। हीरे को चमकदार बनाने के इतने अधिक काम के चलते कहा जाता है कि दुनिया में हर 15 में से 14वां हीरा भारत में तैयार होता है।
बाजार जल्द नहीं सुधारा तो होगा कई हजार करोड़ का नुकसान
जेम्स एडं ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिनेश नावादिया ने बताया कि सूरत से हांगकांग को हर साल 50 हजार करोड़ रुपये के हीरों का निर्यात होता है। अगर हालात में जल्द सुधार नहीं हुआ तो सूरत का हीरा कारोबार हजारों करोड़ रुपये का कारोबार गंवा सकता है।
जले पर नमक: रद्द हो सकती है आभूषण प्रदर्शनी
एक हीरा कारोबारी प्रवीण नानावती ने कहा कि इस बात की संभावना है कि हांगकांग में अंतरराष्ट्रीय आभूषण प्रदर्शनी रद्द हो जाए। ऐसा होता है तो सूरत का आभूषण कारोबार बुरी तरह प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि सूरत में बने पालिश हीरे और आभूषण हांगकांग के जरिये दुनियाभर में भेजे जाते हैं। लेकिन अब वहां के खराब हालात से कारोबार पूरी तरह बंद हो गया है।
शादी करने चीन से वापस आए युवक को करना होगा इंतजार
चीन से केरल के कासरगोड में शादी करने वापस आए युवक को पत्नी के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। वह यहां दो सप्ताह पहले आया था पर अब स्वास्थ्य अधिकारियों के कहने पर शादी संबंधी कार्यक्रमों को फिलहाल टाल दिया गया है। उसे बताया गया कि हेल्थ प्रोटोकॉल के चलते वह शादी नहीं कर सकता है क्योंकि उसे कम से कम 28 दिन तक अलग रहना होगा।
लोकसभा में गूंजा मामला
कोरोनावायरस से पीड़ित लोगों के इलाज के लिए केंद्र को उन राज्यों की मदद करनी चाहिए जहां इस बीमारी से पीड़ित लोग पाए गए हैं। लोकसभा में शून्य काल के समय बुधवार को केरल से कांग्रेस सदस्य राम्या हरिदास ने यह मांग रखी। उन्होंने कहा कि केंद्र को न केवल ऐसे राज्यों को स्पेशल पैकेज देना चाहिए बल्कि एक दल को वहां भेजना चाहिए।
हरियाणा : वुहान से लौटने वाले हर शख्स को सरकारी केंद्र से टेस्ट करवाने का निर्देश
हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि जो भी व्यक्ति चीन के वुहान शहर से हरियाणा लौटेगा, उसे सरकारी केंद्र से टेस्ट करवाना होगा। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने बताया कि अभी तक चीन से लौटने वाले 136 लोगों की स्वास्थ्य जांच हो चुकी है। जबकि हर जिले में हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए हैं।
कोरोनावायरस को लेकर चीनी यात्रियों के प्रवेश पर लगी रोक
कोरोनावायरस के कहर को देखते हुए नेपाल से आने वाले चीनी पर्यटकों के बुधवार से भारत में प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। सोनौली के आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।
आव्रजन विभाग के अनुसार यह आदेश पहले से प्रवेश की अनुमति ले चुके चीनी नागरिकों के लिए नहीं है। नए आने वाले चीनी गणराज्य के नागरिकों को भारत में प्रवेश के लिए वीजा एवं एराइवल नहीं दिया जाएगा। बुधवार की शाम भारत से नेपाल जा रहे ताइवान के 113 नागरिकों को इस उहापोह में घंटों रुकना पड़ा कि अगर वह लुंबिनी दर्शन के लिए नेपाल गए तो उन्हें वापसी में भारत प्रवेश की अनुमति मिलेगी या नहीं।
आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने भी इस संबंध में अपने उच्चाधिकारियों से बात की। करीब दो घंटे बाद उन्हें नेपाल जाने दिया गया। बताया कि भारत के रास्ते जाने वाले सभी विदेशी नागरिकों को वापसी की अनुमति मिलेगी, सिर्फ चीन के नागरिकों को नेपाल के रास्ते भारत आने पर बुधवार से प्रतिबंध लगाया गया है।