Congress: अब इन मुद्दों पर कांग्रेस बनाएगी बड़ी सियासी रणनीति, लोकसभा चुनाव से पहले सरकार पर होगी हमलावर
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
कांग्रेस आने वाले चुनाव में कई मुद्दों को जोड़कर सियासी मैदान में उतरने की योजना बना रही है। इन मुद्दों में फिलहाल शुरुआत में कांग्रेस ने पेटीएम मामले पर सरकार को घेरा है। कांग्रेस पार्टी से जुड़े नेताओं की मानें, तो कांग्रेस इसी तरह के मामलों को जोड़कर बड़ी रणनीति बनाने जा रही है। पार्टी से जुड़े रणनीतिकारों के मुताबिक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के साथ-साथ उनके कार्यकर्ता अलग-अलग राज्यों में इन मुद्दों को लेकर जमीन पर उतरने जा रहे हैं।
जैसे-जैसे लोकसभा के चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, कांग्रेस पार्टी चुनावों की रणनीति में धार देती जा रही है। पार्टी से जुड़े नेताओं के मुताबिक पेटीएम मामले पर कांग्रेस ने सख्त रुख अख्तियार करते हुए आगे की बड़ी रणनीति बनाई है। कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि सिर्फ पेटीएम ही नहीं, बल्कि अदाणी मामले को लेकर भी उनकी पार्टी ने बड़ी सियासी रणनीति तैयार की है। उनका कहना है कि भारतीय जनता पार्टी ने जिस तरीके से बड़े कॉरपोरेट घराने को लूट की छूट दी, वही उनका एक प्रमुख चुनावी मुद्दा भी है। इसके अलावा और कई मुद्दों को भी सियासी मैदान में लेकर कांग्रेस आने वाली है।
हालांकि रणनीति के मुताबिक कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने तो पेटीएम मामले पर सोमवार को जमकर नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इतने घपलों के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पेटीएम बैंक को ढील क्यों देती आई। उन्होंने कहा कि मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपी पेटीएम फाउंडर विजय शेखर पर कड़ी कारवाई क्यों नहीं की गई। कांग्रेस ने आरोप लगाते हुए कहा नोटबंदी को पेटीएम हमेशा जश्न की तरह मानता रहा। उस पर रिजर्व बैंक ने कानूनों का उल्लंघन करने पर कड़े प्रतिबंध भी लगाए। बावजूद इसके अब तक इस मामले में केंद्र सरकार की ओर से न तो कोई कड़ी कार्रवाई की गई है और न ही कंपनी के मालिक के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।
कांग्रेस पार्टी के रणनीतिकारों के मुताबिक जैसे ही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा समाप्त होगी, इन मुद्दों के साथ अलग-अलग राज्यों में कार्यकर्ता सियासी मैदान में उतरेंगे। इसमें सिर्फ पेटीएम, अदाणी जैसे मामले ही नहीं, बल्कि वह सभी मामले होंगे जिस पर केंद्र सरकार ने चुप्पी साधी और उनको प्रश्रय दिया। कांग्रेस पार्टी के रणनीतिकारों के मुताबिक ऐसे मुद्दों को पार्टी प्रदेश स्तर, जिला स्तर, नगर और ब्लॉक स्तर पर बड़े आंदोलन के रूप में जमीन पर उतारने जा रही है। योजना के मुताबिक शुरुआती दौर में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के अलावा अलग-अलग राज्यों में स्थानीय मुद्दों और ऐसे बड़े मुद्दों के साथ कार्यकर्ता जमीन पर उतरेंगे।
वहीं इस पूरे मामले में कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता सुप्रिया कहती हैं कि आरबीआई ने कई बार पेटीएम पेमेंट बैंक और पेटीएम के बीच ट्रांजेक्शन डाटा ट्रैफिक को लेकर चिंता जताई थी। लेकिन विजय शेखर शर्मा ने कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पेटीएम ने नियम-कानून की खूब धज्जियां उड़ाईं। कांग्रेस प्रवक्ता का कहना है कि पेटीएम पर आरबीआई की कार्रवाई की एक बड़ी वजह उसमें चीनी निवेश का होना और उसका चीन के साथ डाटा शेयर करना भी बताया जा रहा है। इतने सारे उल्लंघनों के बाद भी पेटीएम पेमेंट बैंक को इतनी लंबी ढील क्यों दी गई। मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप पर ईडी ने अब तक क्या कार्यवाही की। कांग्रेस पार्टी की प्रवक्ता ने आरोप लगाए कि बगैर केंद्र सरकार की सरपरस्ती के इस तरीके के घोटाले नहीं हो सकते। सुप्रिया ने कहा कि ऐसे मामलों को उनकी पार्टी जनता के बीच लेकर जाएगी।