कांग्रेस ने उठाया सवाल, क्या पीएम ने चीन मामले पर सर्वदलीय बैठक में नहीं बताए सही तथ्य?
कांग्रेस ने लद्दाख के गतिरोध वाले इलाकों में चीनी सैनिकों की गतिविधियां बढ़ने से जुड़ी खबरों की पृष्ठभूमि में बृहस्पतिवार को सरकार पर सेना का मनोबल गिराने का आरोप लगाया। इसके साथ ही पार्टी ने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सर्वदलीय बैठक के दौरान एवं देश के समक्ष सही तथ्य नहीं रखे? पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह दावा भी किया कि सरकार चीन से लड़ने के बजाय देश के विपक्ष खासकर कांग्रेस से लड़ने में पूरी ताकत झोंक रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुरजेवाला ने वीडियो लिंक के माध्यम से कहा, 'मोदी सरकार देश को बता रही है कि गलवां घाटी, पैंगोंग त्सो झील इलाके और हॉट स्प्रिंग्स में चीनी सेना को पीछे हटा यथास्थिति बनाए रखने की बातचीत जारी है। लेकिन, आज अखबारों में छपी खबरों, उपग्रहों से ली गई तस्वीरों और फौज के पूर्व जनरलों के बयानों से साफ है कि चीन की गतिविधि बढ़ गई है।' उन्होंने कहा कि चीनी सेना ने पीछे हटने के बजाय पीपी-14 प्वाइंट, गलवां घाटी, लद्दाख में फिर टेंट लगा कर कब्जा कर लिया है।
उन्होंने कहा, 'चीनी सेना ने पैंगोंग त्सो इलाके में फिंगर-4 व फिंगर-8 के बीच नए सैन्य साजो-सामान बढ़ा नए बंकरों का निर्माण कर लिया है। चीन ने पूर्वी लद्दाख सेक्टर में भी तोपखाने व बख्तरबंद रेजिमेंट के साथ लगभग 10,000 सैनिक तैनात किए हैं।' सुरजेवाला ने खबरों का हवाला देते हुए दावा किया कि चीनी सेना ने दौलत बेग ओल्डी व डेपसांग सेक्टर में भी अपने सैन्य कैंपों व वाहनों का जमावड़ा बना लिया है, जहां कभी भी उसकी इस प्रकार की मौजूदगी नहीं रही।
सीमा पर लगातार संख्या बढ़ा रहा है चीन : सुरजेवाला
सुरजेवाला ने ने सवाल किया, 'क्या प्रधानमंत्री जी ने सर्वदलीय बैठक में मौजूद पार्टियों को चीनी घुसपैठ के बारे में सही तथ्य नहीं बताए? चीन द्वारा पीपी-14 प्वाइंट के साथ नए टेंट लगा कर कब्जा करना, पैंगोंग त्सो इलाके में फिंगर-4 से फिंगर-8 के बीच नए निर्माण और नए बंकर बना कर भारत की सरजमीं पर नए सिरे से कब्जा करने के चीनी दुस्साहस पर प्रधानमंत्री और रक्षामंत्री क्या कहेंगे?'
कांग्रेस नेता ने पूछा, 'सेना के पूर्व अधिकारियों और खबरों के माध्यम से जो जानकारियां सामने आई हैं उन पर प्रधानमंत्री क्या देश को विश्वास में लेंगे? क्या चीन की सेना ने दौलत बेग ओल्डी, डेपसांग सेक्टर व पूर्वी लद्दाख में बख्तरबंद रेजिमेंट व तोपखानों का जमावड़ा बना रखा है? क्या मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा के बारे में इस मामले का संज्ञान लिया है?'
हमारे हथियार अंडे देने के लिए नहीं : अधीर रंजन
वहीं, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि चीन को करारा जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कह हमारे पास हथियार 'अंडे देने के लिए' नहीं रखे हैं। चौधरी ने ट्वीट किया, 'चीनी सेना को किसी भी कीमत पर पीछे खदेड़ना होगा। हमारे हथियार अंडे देने के लिए नहीं हैं । सेना को जवाबी कार्रवाई करनी चाहिए, चीनी आक्रामकता का मुंहतोड़ जवाब दिया जाना चाहिए।'