Congress: 'बजरंग बली' के बाद अब 'गंगा' पर कांग्रेस घेरेगी भाजपा को! इस तरह से हुई है शुरुआत
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
कांग्रेस अब भाजपा को उनके ही उठाए गए मुद्दों से उनको घेरने की योजना बना रही है। इसकी शुरुआत पार्टी ने कर्नाटक में बजरंगबली के माध्यम से की थी। अब अगले चरण में भाजपा को घेरने के लिए कांग्रेस ने गंगा का मुद्दा उठाया है। पार्टी से जुड़े बड़े रणनीतिकारों का कहना है कि आने वाले चुनावों में पार्टी अब ऐसे मुद्दों के साथ भाजपा को न सिर्फ घेरेगी, बल्कि उनके मुद्दों पर उनसे ही सवाल जवाब भी करेगी। इस कड़ी में अब स्वच्छ गंगा मिशन पर पार्टी भाजपा को घेरने की पूरी रूपरेखा तैयार कर चुकी है। शुरुआती चरण में सोशल मीडिया के माध्यम से इस अभियान की शुरुआत की जानी है। जिसको बाद में आगे बढ़ाते हुए घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
कर्नाटक के चुनावों में जिस तरीके से भाजपा की ओर से बजरंग दल बनाम बजरंगबली के मुद्दे को आगे बढ़ाया और फिर उसमें कांग्रेस ने जो रणनीति बनाई, वह उसे सियासी लिहाज से मुफीद लग रही है। यही वजह रही कि पिछले सप्ताह कांग्रेस पार्टी के बड़े नेताओं ने ऐसे उन तमाम मुद्दों को काउंटर करने के लिए एक बड़ी रणनीति बनाई है। इस बैठक में शामिल कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि दरअसल कर्नाटक में उन्होंने जिस तरीके से भाजपा को बजरंग दल से भटका कर बजरंगबली पर पहुंचने से घेरा गया, वह एक बड़ा सफल प्रयोग रहा है। इसीलिए अब अगले चरण में भाजपा की ओर से स्वच्छ गंगा अभियान को एक्सपोज करने के लिए कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गंगा पर खर्च किए गए बजट और गंगा में मिलने वाले नालों समेत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की पूरी दशा को ट्वीट करते हुए सवालिया निशान भी लगाए हैं।
यह भी पढ़ें: Karnataka: मंत्री का दावा- सिद्धारमैया पांच साल तक बने रहेंगे सीएम, शिवकुमार ने कही यह बात; भाजपा ने कसा तंज
कांग्रेस पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता बताते हैं कि उनकी पार्टी ने केंद्र सरकार के स्वच्छ गंगा मिशन पर जो भी सवाल उठाए हैं, वह राज्यसभा में पूछे गए सवालों के जवाब के साथ-साथ प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की अपनी रिपोर्ट के मुताबिक ही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया कहते हैं कि भाजपा ने सिर्फ दिखावे के लिए बड़े-बड़े आयोग और बड़े-बड़े मिशन शुरू किए हैं। जबकि हकीकत में गंगा की स्वच्छता सफाई अभियान और पवित्र गंगा नदी में गिर रहे गंदे नालों से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है कि केंद्र सरकार कितनी सजगता के साथ गंगा की सफाई कर रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ट्वीट करते हुए बीते पांच महीने में गंगा के अलग-अलग घाटों और गिर रहे नालों की तस्वीर भी साझा की है। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सोशल मीडिया पर राज्यसभा में उठाए गए सवाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाते हैं कि गंगा की सफाई का 55 फ़ीसदी बजट खर्च ही नहीं किया जा सका। ऐसे में गंगा की सफाई कितनी जिम्मेदारी के साथ निभाई जा रही है इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र राजपूत कहते हैं कि भाजपा तो धार्मिक भावनाओं और आस्थाओं के साथ खिलवाड़ करते हुए अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाती है। राजपूत कहते हैं कि गंगा के लिए भाजपा ने जिस जोश के साथ स्वच्छता अभियान की बात कही थी वह बीते नौ साल में जहां से चली थी वहीं पर रुकी हुई है। पिछले हफ्ते कांग्रेस की आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि अगले कुछ दिनों में गंगा के स्वच्छता अभियान की हकीकत को परखने के लिए उनकी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौके पर जाकर न सिर्फ जनता को दिखाएंगे, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से इस सच्चाई को सबके सामने भी लेकर आएंगे।
यह भी पढ़ें: Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में BJP का न हो कर्नाटक जैसा हाल, इसलिए दावत खिला कर मनाएंगे रूठे नेताओं को
बजरंगबली के बाद गंगा और गंगा के बाद कांग्रेस पार्टी ऐसे ही और तमाम मुद्दों को लेकर जनता के बीच में चुनावी साल में पहुंचने की तैयारी कर रही है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता बताते हैं कि भाजपा अपनी जिन योजनाओं को लेकर 30 मई से 30 जून के बीच में जनता के बीच जाकर जनसभाएं, बैठक और लोगों से संवाद करने जा रही है, उसकी हकीकत भी कांगेस पार्टी जल्द ही करने वाली है। वह कहते हैं कि भाजपा जिन केंद्र की योजनाओं का जिक्र करके जनता के बीच जाएगी, उन्ही केंद्र की योजनाओं की हकीकत वह जनता के बीच में रखेंगे। इसके लिए बकायदा कांग्रेस में प्रदेश इकाइयों से लेकर जिला इकाई और ब्लॉक, नगर और ग्रामीण स्तर पर सभी कार्यकर्ताओं के लिए पूरा चार्ट भी तैयार भी कर लिया है।