{"_id":"66d6afcf16f2004f5305ec71","slug":"cm-revanth-reddy-sneers-at-ktr-in-telangana-flood-fight-news-updates-2024-09-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"रार: तेलंगाना में बाढ़ की हालत पर KTR के आरोपों पर CM रेड्डी का पलटवार, कहा- अमेरिका से मजे में ट्वीट कर रहे","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
रार: तेलंगाना में बाढ़ की हालत पर KTR के आरोपों पर CM रेड्डी का पलटवार, कहा- अमेरिका से मजे में ट्वीट कर रहे
Tue, 03 Sep 2024 12:12 PM IST
काव्या मिश्रा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हैदराबाद
Published by: काव्या मिश्रा
Updated Tue, 03 Sep 2024 12:12 PM IST
सार
तेलंगाना में बाढ़ के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। इस बीच, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और पूर्व मंत्री केटी रामा राव के बीच एक तकरार शुरू हो गई है।
विज्ञापन
रेवंत रेड्डी और केटीआर के बीच जुबानी जंग शुरू
- फोटो : एएनआई
विस्तार
तेलंगाना खतरनाक बाढ़ की चपेट में है। यहां के खम्मम जिले में सैकड़ों गांव जलमग्न हो चुके हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और पूर्व मंत्री व भारत राष्ट्र समिति के नेता केटी रामा राव के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। बता दें, राव को केटीआर के नाम से भी जाना जाता है।
विज्ञापन
आंध्र प्रदेश की तुलना कर तेलंगाना सरकार की किरकिरी की
केटीआर ने राज्य की तुलना पड़ोसी आंध्र प्रदेश से की। उन्होंने सवाल किया कि आंध्र में मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बचाव अभियान के लिए छह हेलीकॉप्टर और 10 नौकाओं की मदद ली। उसी तरह तेलंगाना में कांग्रेस सरकार बचाव कार्य के लिए हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था क्यों नहीं कर सकी।
विज्ञापन
सरकार का भयावह रवैया
भारत राष्ट्र समिति के नेता ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, 'राज्य में बाढ़ के हालात से निपटने में सरकार का भयावह रवैया है! खम्मम में स्थिति और भी खराब है। खम्मम क्षेत्र से तीन मंत्री हैं, लेकिन वहां के लोगों को कोई मदद नहीं है। उदासीनता से तंग आकर जनता सड़कों पर उतर आई है। वे बुनियादी सहायता और मदद की मांग कर रहे हैं।'
विज्ञापन
पूर्व मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) के बेटे ने आगे कहा, 'पड़ोसी आंध्र प्रदेश में नायडू सरकार द्वारा छह बचाव हेलीकॉप्टरों और 150 बचाव नौकाओं का इस्तेमाल किया जा रहा है। अनुमान लगाइए कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री कितने हेलीकॉप्टरों और नौकाओं से लोगों की जान बचाने में सफल रहे? जीरो।'
मुआवजे राशि पर भी साधा निशाना
बीआरएस नेता ने बाढ़ पीड़ितों के लिए घोषित पांच लाख मुआवजे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'आपने विपक्ष में रहते हुए 25 लाख रुपये मुआवजे की मांग की थी। अब क्या आप सिर्फ पांच लाख रुपये देंगे और अपने हाथ खड़े कर देंगे?'
CM रेड्डी का पलटवार
इन आरोपों पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने पलटवार किया। विपक्ष पर कीचड़ उछालने और आपदा के दौरान राजनीति करने का आरोप लगाते हुए रेड्डी ने कहा कि केसीआर अपने फार्महाउस से बाहर नहीं निकले और केटीआर अमेरिका में अपनी छुट्टियों के दौरान मजे से ट्वीट कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह और उनके मंत्री लोगों की सहायता के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और लोगों को यह भरोसा दिलाने के लिए संदेश दे रहे हैं कि सरकार उनके साथ खड़ी है।
राज्य के मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने कहा कि राज्य सरकार के पास सबूत हैं,जो दिखाते हैं कि हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण प्रभावित क्षेत्रों में उड़ान नहीं भर सका। वहीं, राज्य की महिला एवं बाल विकास मंत्री सीताखा ने मुआवजे की राशि पर बीआरएस की आलोचना का जवाब दिया है। उन्होंने सत्ता में रहते हुए बाढ़ पीड़ितों को 25 लाख रुपये क्यों नहीं दिए? जो नेता 10 साल से सत्ता में हैं और मुआवजे में एक पैसा नहीं दिया, वे जहर फैला रहे हैं।
यह है मामला
गौरतलब है, तेलंगाना में बाढ़ से अब तक कम से कम 16 लोगों की मौत हो चुकी है और पांच हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री रेड्डी ने केंद्र से राज्य में बाढ़ को प्राकृतिक आपदा घोषित करने और 2,000 करोड़ रुपये की तत्काल सहायता प्रदान करने का आग्रह किया है। राज्य सरकार ने आपदा में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए पांच लाख रुपये और फसल नुकसान के लिए 10,000 रुपये प्रति एकड़ सहायता की घोषणा की है।