सीएम परिकर ने गोवा कैबिनेट से दो बीमार मंत्रियों को हटाया, डिसूजा ने जताई नाराजगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर परिकर ने बीमार चल रहे अपने दो मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर कर उनकी जगह दो नये चेहरों को दी है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
मंत्रिमंडल से बाहर किए गए भाजपा के दोनों मंत्री फ्रांसिस डिसूजा और पांडुरंग मडकईकर पिछले कुछ समय से बीमार हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। शहर विकास मंत्री डिसूजा और बिजली मंत्री मडकईकर को ऐसे वक्त में कैबिनेट से बाहर किया गया है जब मुख्यमंत्री परिकर स्वयं दिल्ली के आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज करा रहे हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि परिकर ने दोनों मंत्रियों को कैबिनेट से बाहर करने की सिफारिश की थी। डिसूजा फिलहाल अमेरिका के एक अस्पताल में भर्ती हैं जबकि जून में आघात लगने के बाद से बीमार चल रहे मडकईकर का इलाज मुंबई के एक अस्पताल में चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि भाजपा के दो नेताओं - निलेश काबराल और मिलिंद नाइक - को सोमवार की शाम राज्यपाल मृदुला सिन्हा मंत्री पद की शपथ दिलाएंगी। नाइक पूर्ववर्ती लक्ष्मीकांत पारसेकर सरकार में बिजली मंत्री रह चुके हैं जबकि काबराल पहली बर मंत्री पद की शपथ लेंगे।
गौरतलब है कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा था कि परिकर मुख्यमंत्री बने रहेंगे, लेकिन कैबिनेट में कुछ फेरबदल जरूर होगा।
डिसूजा ने फैसले पर जताई नाखुशी
गोवा सरकार के फैसले पर हैरानी जताते हुए डिसूजा ने कहा कि क्या पार्टी ने 20 साल की वफादारी का यह इनाम दिया है। उत्तरी गोवा के मापूसा से भाजपा विधायक ने कहा, ‘सरकार ने इतना बड़ा फैसला करने से पहले मुझे विश्वास में लेने की जहमत तक नहीं उठाई। यहां तक कि मैंने रविवार शाम सीएम से बात की थी। उस वक्त उन्होंने मुझे संकेत तक नहीं दिए। जब मैंने सोमवार को परिकर से बात की तो उन्होंने कहा, यह पार्टी आलाकमान का फैसला है।’