बड़ी पहल : उड़ान योजना के तहत 22 नए विमानों का परिचालन शुरू, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दी जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश के दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई सेवा से जोड़ने के क्रम में उड़ान योजना के तहत पिछले तीन दिनों में 22 नए विमानों का परिचालन शुरू किया गया जिनमें से छह मार्ग पूर्वोत्तर भारत के हैं। नागर विमानन मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत पिछले तीन दिन के दौरान 22 नयी उड़ानें शुरू हुई हैं।
उड़े देश का आम नागरिक यानी उड़ान योजना के तहत उड़ानों से वंचित या सीमित उड़ानों वाले हवाईअड्डों से परिचालन के लिए प्रोत्साहित करने को केंद्र, राज्य सरकारों और हवाईअड्डा परिचालकों द्वारा एयरलाइंस को वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाता है।
मंत्रालय ने बयान में कहा कि आज की तारीख तक उड़ान के तहत तक 57 कम उड़ानों या बिना उड़ानों वाले हवाईअड्डों से 347 मार्गों पर परिचालन शुरू किया जा चुका है।
रविवार को उड़ान योजना के तहत 18 नई उड़ानें शुरू हुईं। इनमें गोरखपुर-लखनऊ, कुरनूल-बेंगलुरु, कुरनूल-विशाखापत्तनम, कुरनूल-चेन्नई, आगरा-बंगलूरू, आगरा-भोपाल, प्रयागराज-भुवनेश्वर और प्रयागराज-भोपाल मार्ग शामिल हैं।
डीजीसीए ने हर हफ्ते 18,843 उड़ानों को मंजूरी दी
विमानन नियामक डीजीसीए ने मंगलवार को कहा कि उसने ग्रीष्मकालीन समयसारिणी के लिए 108 हवाई अड्डों से प्रति सप्ताह 18,843 उड़ानों को मंजूरी दी है। ग्रीष्मकालीन समयसारिणी मार्च के अंतिम रविवार से शुरू होती है और अक्तूबर के अंतिम रविवार तक चलती है।
इस साल की ग्रीष्मकालीन समयसारिणी के लिए उड़ानों की संख्या को मंजूरी देते समय इस बात को ध्यान में रखा गया है कि विमानन कंपनियों को कोविड-पूर्व के मुकाबले 80 प्रतिशत से अधिक उड़ानों के संचालन की अनुमति नहीं है।
नागर विमानन महानिदेशालय ने ट्वीट किया कि गौरतलब है कि 108 हवाई अड्डों से प्रति सप्ताह 18,843 प्रस्थानों को अंतिम रूप दिया गया है। इन 108 हवाई अड्डों में बरेली, बिलासपुर, कुरनूल और रूपसी नए हवाई अड्डे हैं, जहां से विमान उड़ान भरेंगे।
डीजीसीए ने कहा कि इनमें इंडिगो की 8,749 साप्ताहिक उड़ानें, स्पाइसजेट की 2,854 साप्ताहिक उड़ानें, गोएयर की 1,747 साप्ताहिक उड़ानें, एयर इंडिया की 1,683 साप्ताहिक उड़ानें, विस्तारा की 1,288 साप्ताहिक उड़ानें और एयरएशिया की 1,243 साप्ताहिक उड़ानें शामिल हैं।