सिगरेट की तलब ने विमान को कराया 3 घंटे लेट, आरोपी यात्री को उतारा गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक यात्री की सिगरेट की तलब के चलते एक विमान के यात्रियों को हवाई अड्डे पर 3 घंटे इंतजार करना पड़ गया। मामला शुक्रवार को विस्तारा एयरलाइंस के अमृतसर से वाया दिल्ली होते हुए कोलकाता जा रहे विमान का है, जिसमें सिगरेट पीने लिए अड़ते हुए अभद्र व्यवहार करने पर विमान स्टाफ को एक यात्री जबरन दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतारना पड़ा। हालांकि इस यात्री के माफी मांग लेने पर उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।
दरअसल विस्तारा एयरलाइंस का विमान यूके-707 शुक्रवार शाम को जब कोलकाता के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने को रनवे पर पहुंचा तो एक यात्री ने केबिन क्रू से सिगरेट पीने की इजाजत मांगी। क्रू के मना करने पर भी उस यात्री ने लंबी फ्लाइट होने के कारण तलब लगने की बात कही। एयरलाइंस प्रवक्ता के मुताबिक, विमान के कैप्टन ने तत्काल यात्री को एक चेतावनी पत्र जारी किया और इसके बाद उसके नहीं मानने और अभद्र व्यवहार करने पर विमान को रनवे से दोबारा पार्किंग में मोड़ लिया गया। यहां पर यात्री को सामान समेत नीचे उतार दिया गया।
इस यात्री के अभद्र व्यवहार का नतीजा यह हुआ कि रनवे पर उड़ने वाले विमानों की लंबी कतार होने के चलते इस विमान को पार्किंग में ही खड़े रहना पड़ा। करीब 3 घंटे इंतजार करने के बाद विमान ने कोलकाता के लिए उड़ान भरी। इस सारे हंगामे के चलते 7.30 बजे कोलकाता पहुंचने वाला विमान करीब साढ़े तीन घंटे की देरी से रात में 11 बजे वहां पहुंचा।
जाते समय भी इसी विमान में हुई थी ऐसी ही घटना
मजे की बात यह है कि इसी विमान को दिल्ली से अमृतसर उड़ान भरते समय भी एक यात्री के कारण देरी का सामना करना पड़ा था। हालांकि एयरलाइंस प्रवक्ता के मुताबिक, तब विमान के रनवे पर पहुंचने के बाद एक यात्री ने निजी आपात परेशानी के कारण परिवार के साथ नीचे उतारने का आग्रह किया था। तब भी विमान को दोबारा सिक्योरिटी चेकिंग से गुजरना पड़ा था, जिसके चलते देरी हो गई थी।
मुंबई में उड़ने के बाद दोबारा उतारना पड़ा विमान
कुवैत एयरवेज के एक विमान केयू-304 को तकनीकी खामी के चलते शनिवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद दोबारा नीचे उतारना पड़ा। कुवैत जा रहे इस विमान के केबिन में हवा का दबाव कम हो जाने के कारण नियंत्रण में परेशानी बन गई थी। एक अधिकारी के मुताबिक, पायलट ने मुंबई एटीसी को समस्या बताते हुए दोबारा उतरने की इजाजत मांगी। विमान को आपात स्थिति में रनवे संख्या 09/27 पर सकुशल उतारा गया। किसी यात्री को चोट आदि की कोई सूचना नहीं है। बाद में इसी रनवे से विमान ने दोबारा कुवैत के लिए रवाना किया गया।