सामान के बहिष्कार पर बौखलाया चीन, भारत को दी धमकी
दिवाली के सीजन में चीन निर्मित सामान के बहिष्कार की अपील को लेकर चीन ने भारत को चेतावनी दी है। चीन ने सीधे कहा है कि इस तरह के कदमों से दोनों देश के रिश्ते तो बिगड़ेंगे ही साथ ही चीन की कंपनियों का भारत में निवेश का भी भारी नुकसान होगा। नई दिल्ली स्थित चीनी दूतावास की ओर से बाकायदा बयान जारी कर भारत को चेताया गया है।
चीन ने जोर देकर कहा है कि इस तरह के बहिष्कार के कदम से उसके निर्यात के कारोबार पर तो कुछ खास ज्यादा असर नहीं पड़ेगा, बल्कि बिना किसी दूसरे उचित इंतजाम के बायकाट करने से सबसे ज्यादा नुकसान तो भारतीय व्यापारी और ग्राहकों का ही होगा।
चीनी दूतावास ने भारत को बताया है कि दुनिया भर में चीन अपने सामान का व्यापार करने वाला सबसे बड़ा देश है। चीन ने साल 2015 में 2276.5 अरब डॉलर का सामन निर्यात किया था। भारत कुल चीनी निर्यात का सिर्फ दो फीसदी सामान ही वहां से आयात करता है। इसलिए चीन के सामान के बहिष्कार करने से उसके निर्यात के कारोबार पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
चीन इस तरह के बहिष्कार से चिंतित है
चीनी दूतावास की ओर से जारी बयान में आगे कहा गया है, ‘चीन इस तरह के बहिष्कार से चिंतित है। इसका भारत में निवेश करने वाले चीन इंटरप्रेन्यूर पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। इसके साथ ही दोनों देशों के द्विपक्षीय सहयोग पर भी असर पड़ेगा। जो चीन और भारत दोनों देश के लोग देखना पसंद नहीं करेंगे।’
बयान में यह भी कहा गया है कि यह बहिष्कार सिर्फ दीवाली के सामानों तक सीमित नहीं रहेगा। इसका असर आगे भी चीन के दूसरे उत्पादों पर भी देखने को मिल सकता है। चीन का मानना है कि अगर ऐसा लंबे समय तक चला तो इससे न केवल चीनी सामानों की बिक्री प्रभावित होगी बल्कि इससे भारत में उपभोक्ताओं पर भी बुरा असर पड़ेगा।