Goa: क्या हत्या के इरादे से ही गोवा आई थी सूचना? तीन की बजाय 30000 किराया चुकाया; इन बातों से उठ रहे सवाल
गोवा में स्टार्टअप कंपनी की सीईओ द्वारा अपने बच्चे की हत्या करने के मामले में मिले सबूतों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। इन सबको देखकर यह भी लग रहा है कि सूचना हत्या की फुलप्रूफ प्लानिंग बनाकर गोवा आई थी।
विस्तार
स्टार्टअप कंपनी माइंडफुल एआई की सीईओ सूचना सेठ पर अपने चार साल के बेटे की हत्या का आरोप लगा है। फिलहाल वह पुलिस की हिरासत में हैं। इस बीच, सामने आया है कि सूचना सेठ ने गोवा से बेंगलुरू जाने के लिए कैब के लिए 30,000 रूपये का भुगतान किया था। यह खुलासा उस सर्विस अपार्टमेंट के मैनेजर द्वारा दर्ज कराई गई पुलिस शिकायत में हुआ है, जहां आरोपी महिला ठहरी थी। इन सब तथ्यों को देखने से यह पता लगता है कि हत्यारी मां ने अपने बेटे की हत्या के लिए पहले से ही योजना बना रखी थी और वह पूरी तैयारियों से गोवा आई थी।
कैब के लिए भुगतान किए 30,000 रुपये
सोल बनियान ग्रांडे सर्विस्ड अपार्टमेंट के मैनेजर गगन गंभीर ने अपनी शिकायत में कहा है कि सूचना सेठ ने यह बात छिपाने के लिए कि वह अपने बेटे का शव बैग में भरकर ले जा रही है, कैब से जाने का निर्णय लिया था और संभवत: वह पहले से ही ये योजना बनाकर आई थी। इसीलिए सूचना गोवा से बेंगलुरू जाने के लिए कैब के लिए 30,000 रुपये देने को तैयार हो गई थी।
गोवा से बेंगलुरू का फ्लाइट का किराया आखिरी क्षणों में भी होता है 3000
पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत में यह भी बताया गया है कि जब सूचना चेकआउट कर रही थी तब उसने अपने लिए कैब बुक करने को कहा था। इस पर सर्विस अपार्टमेंट के स्टॉफ ने उससे फ्लाइट लेने का विकल्प भी दिया था। विभिन्न फ्लाइट बुकिंग वेबसाइट्स को देखें तो यह पता चलता है कि गोवा से बेंगलुरु के लिए अखिरी समय में भी अगर टिकट कराया जाए तो प्रति यात्री 2,600 और 3,000 रुपये के बीच में टिकट मिल जाते हैं। बावजूद इसके वह ज्यादा रुपये खर्च कर कैब से जाने की जिद पर अड़ी रही। बाद में उसके अनुरोध पर एक इनोवा क्रिस्टा को बुक किया गया था।
10 जनवरी तक बुक किया था कमरा लेकिन पहले ही छोड़ दिया
सर्विस अपार्टमेंट के मैनेजर ने यह भी कहा कि सूचना सेठ ने 6 जनवरी से 10 जनवरी तक कमरा बुक किया था। इसके लिए उसने पहले ही भुगतान कर दिया था, लेकिन 8 जनवरी को सुबह 12.30 बजे ही उसने चेक आउट कर लिया।
स्टाफ से मंगाई थी कफ सिरप
मैनेजर गंभीर ने यह भी कहा कि सूचना सेठ ने सात जनवरी को शाम 4 बजे के आसपास रिसेप्शन पर फोन करके एक विशेष ब्रांड के कफ सिरप की दो बोतलें मांगी थी। जो स्टॉफ ने उन्हें दी। स्टाफ ने बताया कि सूचना ने कहा था कि बेटे को बहुत खांसी हो रही है। इसके पांच घंटे बाद रात 9.10 बजे के आसपास सेठ ने स्टाफ को बताया कि उसे बेंगलुरु में कुछ जरूरी काम है। इसके लिए उसने कैब बुक करने को कहा। अब पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या सेठ ने अपने बेटे को कफ सिरप के जरिए नशीला पदार्थ दिया और फिर तकिये से उसका मुंह दबा दिया।
दम घुटने से हुई मौत- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा
बता दें कि मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम कर्नाटक हिरियुर जिला अस्पताल में किया गया। अस्पताल के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. कुमार नाइक ने बताया कि पोस्टमार्टम के वक्त रिगॉर मोर्टिस (मरने के बाद मांसपेशियों की जकड़न) खत्म हो चुकी थी। सामने आया है कि तकिया या किसी दूसरे भारी कपड़े की मदद से गला घोंटकर बच्चे की हत्या की गई थी।
खून के धब्बों को लेकर सूचना का दावा
मामले में जानकारी के बाद कुछ पुलिस अधिकारियों ने सोल बनयान ग्रांडे का दौरा किया था। जहां कमरा 404 के निरीक्षण के दौरान लिविंग रूम, बेडरूम और बाथरूम में खून के धब्बे मिले। जब सूचना से इस बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि उस समय उसे मासिक धर्म की अवधि से गुजर रही थी और वह उसी के खून के धब्बे थे। बता दें कि सूचना सेठ ने हत्या को अंजाम देकर आत्महत्या की भी कोशिश की थी। पुलिस ने कहा कि सर्विस अपार्टमेंट में एक तौलिये पर खून के धब्बे पाए गए। यह धब्बे तब पड़े जब वह हत्या के बाद आत्महत्या का प्रयास कर रही थी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.