फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Canada India Row Canadian PM Trudeau isolated by accusing India

Canada-India Row: भारत पर आरोप लगाकर अलग-थलग पड़े कनाडाई पीएम, मित्र देशों ने ही मांग लिए सबूत, जानें घटनाक्रम

Thu, 21 Sep 2023 07:44 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: जलज मिश्रा Updated Thu, 21 Sep 2023 07:44 AM IST
सार

कनाडा के पीएम को किसी भी देश से इस मुद्दे पर उम्मीद के मुताबिक समर्थन हासिल नहीं हुआ है। कनाडा में जहां विपक्ष और आम लोग ट्रूडो से उनके आरोपों को साबित करने वाले सबूत मांग रहे हैं।

विज्ञापन
Canada India Row Canadian PM Trudeau isolated by accusing India
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आरोप भारत पर इस उम्मीद में लगाया कि उन्हें अमेरिका, ब्रिटेन व ऑस्ट्रेलिया से समर्थन मिलेगा और ये देश भारत पर दबाव बनाएंगे। ट्रूडो कयास लगा रहे थे कि भारत पर निज्जर की हत्या के झूठे आरोप लगाकर उनकी सरकार खालिस्तानी आतंकियों और भारत विरोधी गतिविधियों को संरक्षण देने की वास्तविकता और जवाबदेही से बच जाएगी, लेकिन इसमें उन्हें पूरी तरह सफलता नहीं मिली है।
विज्ञापन


कनाडा के पीएम को किसी भी देश से इस मुद्दे पर उम्मीद के मुताबिक समर्थन हासिल नहीं हुआ है। कनाडा में जहां विपक्ष और आम लोग ट्रूडो से उनके आरोपों को साबित करने वाले सबूत मांग रहे हैं। आपस में खुफिया सूचना साझा करने के मकसद से बने अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और कनाडा के समूह फाइव आई अलायंस के चारों देशों ने कनाडा को आरोपों की जांच में मदद देने का वादा जरूर किया है, लेकिन कोई भी कनाडाई पीएम के भरोसेमंद आरोपों (क्रेडिबल एलिगेशन) पर भरोसा करने को तैयार नहीं है।
विज्ञापन


संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने आईं ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वांग ने मंगलवार को इस मुद्दे पर कोई भी टिप्पणी करने से इन्कार करते हुए कहा कि हम इस मामले की पूरी जांच चाहते हैं। वहीं, ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने भी यही बात दोहराते हुए कहा कि कनाडा ने गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी गहराई से जांच जरूरी है। जबकि अमेरिका की राष्ट्रीय रक्षा परिषद के प्रवक्ता एडमिरल जॉन किर्बी ने कहा, आरोप बेहद गंभीर हैं। आरोपों की सच्चाई जानने के लिए जांच जरूरी है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


फाइव आई अलायंस ने खींचे हाथ
अमेरिकी अखबार वाशिंगटन पोस्ट ने व्हाइट हाउस के हवाले से लिखा कि कनाडाई पीएम के आरोपों से सप्ताह भर पहले भी कनाडाई अधिकारियों ने फाइव आई अलायंस से निज्जर की हत्या के मामले में साझा सार्वजनिक अलोचना की मांग की थी, लेकिन ट्रूडो की इस मांग को सभी देशों ने खारिज कर दिया था। कनाडा के सरकारी प्रसारक (सीबीसी) ने लिखा कि फाइव आई सहयोगियों ने कनाडा-भारत विवाद में शामिल होने में बहुत कम रुचि दिखाई।

ट्रूडो की गठबंधन सरकार में दरारें
मौजूदा मुद्दे पर कनाडा के सत्ताधारी गठबंधन में भी दरारें हैं। ट्रूडो की लिबरल पार्टी के नेता भारत से संबंध बनाए रखने के पक्ष में हैं। ट्रूडो के आपात प्रतिक्रिया मंत्री हरजीत सज्जन कहते हैं, कनाडा को भारत से रिश्ते तल्ख बनाने की जरूरत नहीं। देश की प्रथम हिंदू कैबिनेट मंत्री अनीता आनंद भी विवेक से काम लेने के पक्ष में हैं।

प्रवासी भारतीयों के खिलाफ हिंसा की दुनियाभर में हुई तीखी आलोचना
दुनियाभर में रह रहे प्रवासी भारतीयों के संगठन इंडियन वर्ल्ड फोरम ने कनाडा में भारतीय प्रवासियों के विरुद्ध हिंसक घटनाओं की निंदा की है। इसके साथ ही कनाडाई सरकार से प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा की मांग की गई है। संगठन ने कहा कि कनाडा को अर्शदीप सिंह धल्ला और गुरपतवंत सिंह पन्नू जैसे आतंकियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

साजिश नहीं सहेंगे सिख : बिट्टा
सिख नेता एमएस बिट्टा ने कहा कि सिख भारत को तोड़ने की किसी भी साजिश को नहीं सहेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता मनु सिंघवी ने घोषित आतंकी के बचाव में ट्रूडो के उतरने को शर्मनाक बताया है।

विदेश मंत्रालय भारतीय समुदाय की सुरक्षा के लिए अधिकारियों के संपर्क में
कनाडा में भारतीय समुदाय के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा, भारतीय उच्चायोग और महावाणिज्य दूतावास कनाडा में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए कनाडाई अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे। मंत्रालय ने कनाडा में रहने वाले भारतीय नागरिकों और छात्रों को ओटावा में भारतीय उच्चायोग या टोरंटो और वैंकूवर में भारत के महावाणिज्य दूतावासों की संबंधित वेबसाइटों या http://madad.gov.in पर पंजीकरण कराने को कहा है। 

कूटनीतिक खींचतान के बीच अगले सप्ताह भारत आएंगे कनाडाई डिप्टी आर्मी चीफ
भारत-कनाडा में कूटनीतिक खींचतान के बीच कनाडाई सेना ने साफ किया कि इससे दोनों देशों के सैन्य संबंधों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। नई दिल्ली स्थित कनाडाई उच्चायोग में कनाडाई रक्षा अधिकारी कर्नल टॉड ब्रेथवेट ने कहा, कनाडाई सेना के डिप्टी चीफ मेजर जनरल पीटर स्कॉट अगले हफ्ते एक सम्मेलन में भाग लेने दिल्ली आएंगे।


खालिस्तान समर्थक कनाडाई रैपर का भारत में शो रद्द
खालिस्तान समर्थक कनाडाई रैपर शुभ (शुभनीत सिंह) का स्टिल रोलिन इंडिया टूर रद्द कर दिया गया है। शो के लिए टिकट बुकिंग की सुविधा देने वाली एप बुक माय शो ने इसकी पुष्टि की है। रैपर ने शो की घोषणा करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट में भारत के नक्शे में पंजाब और जम्मू-कश्मीर को अलग दिखाया था। इस हरकत से सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग शो के बहिष्कार और शुभनीत से माफी मांगने के लिए कहने लगे। इसी बीच शो के स्पॉन्सर बोट ऑडियो ने भी एलान किया कि भारत विरोधी रैपर के शो को प्रायोजित नहीं किया जाएगा। बोट के एलान के बाद बुक माय शो ने भी टूर को रद्द कर दिया और लोगों को शो के टिकट की धनराशी 7 से 10 दिनों के भीतर लौटाने का वादा किया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed