फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Bomb blast near Israeli embassy in the Delhi capital amid high alert

इस्राइली दूतावास विस्फोट: हाई अलर्ट के बीच राजधानी में इस्राइली दूतावास के पास बम धमाका

Sat, 30 Jan 2021 04:49 AM IST
Kuldeep Singh अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली Published by: Kuldeep Singh Updated Sat, 30 Jan 2021 04:49 AM IST
विज्ञापन
Bomb blast near Israeli embassy in the Delhi capital amid high alert
इजरायल दूतावास विस्फोट - फोटो : twitter@ani_digital

राजधानी में शुक्रवार शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था वाले वीआईपी लुटियन जोन में एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर इस्राइली दूतावास के पास एक बम विस्फोट हो गया। गणतंत्र दिवस के कारण घोषित हाई अलर्ट के बीच शाम 5.05 बजे दूतावास से महज 150 मीटर दूर जिंदल हाउस के सामने हुए धमाके में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन आसपास खड़ी तीन कारों के शीशे टूट गए।

विज्ञापन


किसी के घायल होने की सूचना नहीं, स्पेशल सेल और एनआईए की टीमें पहुंचीं, इस्राइल ने घोषित किया आतंकी हमला
पूरे इलाके को सील कर दिया गया। इस्राइली विदेश मंत्रालय ने हमले को संदिग्ध हमला बताया है। उधर, विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने तत्काल इस्राइल के विदेश मंत्री गाबी अश्केनजी से धमाके को लेकर बात की और उन्हें कड़ी सुरक्षा का आश्वासन दिया।
विज्ञापन


राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल ने भी अपने इस्राइली एनएसए से बात कर उन्हें घटना की जानकारी दी। इस्राइली दूतावास ने धमाके से अपने यहां किसी तरह का नुकसान नहीं होने की बात कही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आईबी और दिल्ली पुलिस कमिश्नर से घटना की जानकारी ली।

विज्ञापन
विज्ञापन

देर रात तक दिल्ली पुलिस का बम स्क्वॉयड, स्पेशल सेल, राष्ट्रीय जांच एजेंसी व अन्य एजेंसियों के अधिकारी मौके पर जांच कर रहे थे। बम स्क्वॉयड ने किसी अन्य बम की संभावना के चलते पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया। एपीजे अब्दुल कलाम रोड को बंद करते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। फोरेंसिक टीम ने ने धमाके में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की जानकारी लेने के लिए सैंपल एकत्र किए हैं।

घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज में एक चलती कार से किसी व्यक्ति को सड़क किनारे रखे फूलदान में पैकेट फेंकते हुए देखा गया है। कार मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है। सूत्रों ने धमाके में आईईडी के इस्तेमाल की भी संभावना जताई है।

दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल ने बताया कि धमाके के बाद इस्राइली दूतावास से एक व्यक्ति निकला और घटनास्थल का वीडियो बनाने के साथ फोटो भी खींचे। इसके बाद करीब 5.11 बजे सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी गई। दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। मित्तल ने कहा कि धमाका बहुत कम तीव्रता वाला था। इसमें कोई घायल नहीं हुआ है। सिर्फ तीन कारों के शीशे टूटे हैं। शुरुआती जांच के मुताबिक, किसी शरारती तत्व ने सनसनी फैलाने की नीयत से यह धमाका किया है।

एयरपोर्ट, परमाणु संस्थानों की बढ़ाई सुरक्षा
धमाके के बाद हाई अलर्ट जारी करते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने राजधानी में सभी एयरपोर्ट, परमाणु संस्थानों और केंद्र सरकार के भवनों समेत महत्वपूर्ण और संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके अलावा देश में अन्य जगह भी अहम जगहों की सुरक्षा व्यवस्था में लगी सीआईएसएफ यूनिटों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है।

महज दो किमी दूर मौजूद थे राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री
इस्राइली दूतावास विजय चौक से महज दो किलोमीटर दूर है, जहां धमाके के समय राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री समेत देश के तमाम वीआईपी बीटिंग रिट्रीट समारोह में मौजूद थे। इसके बावजूद धमाका अंजाम दिए जाने को सुरक्षा में भारी चूक माना जा रहा है।

वर्ष 2012 में भी निशाना बनी थी दूतावास की कार
एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर ही 2012 में भी इस्राइली दूतावास की कार को निशाना बनाया गया था। तब 13 फरवरी को प्रधानमंत्री आवास के पास चौराहे पर दूतावास की कार में स्टिक बम से धमाका किया गया था। कार में मौजूद राजनयिक की पत्नी समेत चार लोग मामूली घायल हो गए थे। धमाके के पीछे ईरान का हाथ माना गया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इसमें एक पत्रकार समेत कई लोगों को पकड़ा था।

धमाके से पहले सुरक्षा एजेंसियों को आया कॉल
सूत्रों का कहना है कि किसी व्यक्ति ने बम धमाके से पहले सुरक्षा एजेंसियों को कॉल किया था। एजेंसियां कुछ कर पातीं, उससे पहले ही धमाका हो गया। हालांकि इस दावे की किसी भी अधिकारी या सुरक्षा एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है। गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर के महीने में खुफिया एजेंसियों ने भारत में रहने वाले इस्राइली नागरिकों पर हमले का अलर्ट जारी किया था।

इस्राइल ने सभी देशों में किया अलर्ट
इस्राइली समाचार पत्र द टाइम्स ऑफ इस्राइल के मुताबिक, दिल्ली में अपने दूतावास के करीब धमाके के बाद इस्राइल ने सभी देशों में अपने मिशनों को हाई अलर्ट पर रहने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आदेश दिया है। हालांकि पिछले साल नवंबर में ईरान के एक शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक की हत्या के बाद से ही इस्राइल ने दुनियाभर में अपने दूतावासों व अन्य कार्यालयों सतर्क किया हुआ था। तेहरान ने इस हत्या का आरोप इस्राइल पर लगाते हुए बदले की धमकी दी थी।

इस्राइल ने कहा, हमें भारतीय अधिकारियों पर पूरा विश्वास
दिल्ली में अपने दूतावास के करीब बम धमाके के बाद इस्राइल के विदेश मंत्रालय ने अपने सभी राजनयिकों और कर्मचारियों के सुरक्षित होने की घोषणा की। इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से धमाके की जांच के लिए भारतीय अधिकारियों पर पूरा यकीन होने की बात कही गई है।

इस्राइली समाचार पत्र द टाइम्स ऑफ इस्राइल के मुताबिक, इस्राइली प्रधानमंत्री कार्यालय ने कहा कि भारतीय एनएसए अजित डोभाल ने हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बेन-शहाब्बत को फोन कर धमाके की जांच के बारे में अपडेट किया।

बेन-शहाब्बत ने इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का संदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए डोभाल को दिया। नेतन्याहू ने कहा है कि इस्राइल को भारतीय अधिकारियों की योग्यता पर पूरा यकीन है कि वे घटना की सफल जांच करेंगे और इस्राइली व यहूदियों की वहां सुरक्षा करेंगे।

इस्राइली विदेश मंत्रालय ने धमाके के बाद कहा, थोड़ी देर पहले नई दिल्ली में इस्राइली दूतावास के करीब एक धमाका हुआ। कोई जान-माल की हानि नहीं हुई है और दूतावास भवन भी सुरक्षित है। सभी इस्राइली राजनयिक व दूतावास कर्मचारी सुरक्षित हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, भारतीय अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं और इस्राइली अधिकारियों के संपर्क में हैं।

किसने क्या कहा
भारतीय विदेश मंत्री ने मुझे आश्वस्त किया है कि भारतीय अधिकारी सभी इस्राइली राजनयिकों-कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस धमाके में शामिल सभी अपराधियों की पहचान के लिए जुटे रहेेंगे। मैं उन्हें धन्यवाद कहना चाहता हूं और आवश्यकता पड़ने पर इस्राइल की तरफ से पूर्ण सहयोग व मदद का वादा करता हूं।
- गाबी अश्केनाजी, इस्राइली विदेश मंत्री

दिल्ली में इस्राइली दूतावास के करीब धमाके की खबर से चिंतित हूं। एजेंसियां धमाके की प्रकृति और कारण जानने में जुटी हुई हैं। शुक्र है किसी की जान नहीं गई। दिल्ली की शांति भंग करने के किसी भी प्रयास से कठोरता से निपटा जाना चाहिए। - अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री, दिल्ली

दूतावास में सभी लोग सुरक्षित हैं। दूतावास को हाई अलर्ट पर रखा गया है। हम दिल्ली पुलिस का सहयोग कर रहे हैं। - रॉन मल्का, भारत में इस्राइली राजदूत

अभी इस्राइली विदेश मंत्री गाबी अश्केनाजी से इस्राइली दूतावास के बाहर हुए धमाके को लेकर बात की। हम इसे बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। उन्हें दूतावास और इस्राइली राजनयिकों की पूर्ण सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है। धमाके की जांच जारी है और दोषियों को तलाशने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। - एस. जयशंकर, विदेश मंत्री

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed