कर्नाटक: वरिष्ठ भाजपा नेता बसनगौड़ा पाटिल का दावा, कांग्रेस के संपर्क में हैं पार्टी के कुछ विधायक और मंत्री
दूसरी पार्टियों का साथ छोड़ भाजपा में शामिल होकर विधायक और मंत्री बने कुछ नेताओं की मंशा पर वरिष्ठ भाजपा विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने संदेह व्यक्त किया है और मंत्रिमंडल में जल्द बदलाव करने की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कर्नाटक मंत्रिमंडल में जल्द फेरबदल पर जोर देते हुए भाजपा के वरिष्ठ विधायक बसनगौड़ा पाटिल यतनाल ने दावा किया है कि अन्य पार्टियों से भगवा दल में शामिल हुए कुछ विधायक और मंत्री कांग्रेस नेतृत्व के संपर्क में हैं। यतनाल ने कहा कि ये नेता 2023 विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम घोषित होते ही एक बार फिर पार्टी बदलेंगे और जहाज से कूद जाएंगे। इसी बीच, यतनाल के इस दावे का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेताओं डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया ने कहा है कि भाजपा और जेडीएस (जनता दल सेक्युलर) के कुछ नेता हमारे संपर्क में हैं।
यतनाल ने कहा, 'कई लोगों ने डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के घर जाने के लिए टिकट बुक किए हैं, अगर आप इनका साथ आगे भी देते रहेंगे तो भाजपा कैसे अपनी जगह बनाए रख पाएगी? भाजपा को बचाने के लिए जल्द से जल्द मंत्रिमंडल में बदलाव होना चाहिए और अच्छे व प्रभावी लोगों को इसमें शामिल करना चाहिए।' उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए सरकार को प्रभावी तरह से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि जो लोग राज्य में पार्टी के हितैषी नहीं हैं उनको समय रहते किनारे करना होगा।
'जिस दिन चुनाव कार्यक्रम घोषित होगा उसी दिन इस्तीफा दे देंगे कुछ लोग'
उन्होंने कहा, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को इस बात की जानकारी है कि कौन सा विधायक पार्टी छोड़ेगा और कौन हमारे साथ रहेगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस बारे में जानते हैं और वह इस बारे में उचित फैसला लेंगे... मैं यह नहीं कर रहा हूं कि ऐसे सभी लोग जो दूसरी पार्टियों से भाजपा में आए हैं वो सभी वफादार नहीं हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे जरूर हैं। एक बार जब निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव के लिए तिथियों का एलान कर दिया जाएगा, उसी दोपहर को वह भाजपा और मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे और पार्टी को छोड़कर चले जाएंगे।
भाजपा और जेडीएस के लोग हमारे संपर्क में, पर नाम नहीं बताएंगे: कांग्रेस
वहीं, कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धारमैया और प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने भी दावा किया है कि भाजपा और जेडीएस के कुछ नेता हमारे संपर्क में हैं। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में कोई और जानकारी देने से इनकार कर दिया। सिद्धारमैया ने कहा कि यह सच है कि वह हमारे संपर्क में हैं, लेकिन मैं उनके नाम नहीं लूंगा... यह सच है कि भाजपा और जेडीएस, दोनों दलों के लोग हमारे संपर्क में हैं... ये लोग कितने हैं, कौन हैं, इसकी जानकारी हम नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने के लिए उन्हें हमारी पार्टी में विश्वास होना चाहिए। उन्हें पार्टी नेतृत्व स्वीकार करके हमारे साथ जुड़ना चाहिए और उन्हें बिना किसी शर्त के शामिल होना चाहिए। वहीं, शिवकुमार ने कहा कि राजनीति में ऐसे मुद्दों पर खुले में चर्चा नहीं की जाती है।
कांग्रेस ने बीके हरिप्रसाद को विधान परिषद के नेता के रूप में चुना गया है। वहीं, प्रकाश राठौड़ को मुख्य सचेतक और के गोविंदराज को कर्नाटक विधान परिषद में कांग्रेस पार्टी के उप नेता के रूप में नियुक्त किया है। वहीं, कांग्रेस ने कर्नाटक दक्षिण ग्रैजुएट निर्वाचन क्षेत्र से मधु जी मेडेगौड़ा और कर्नाटक पश्चिम शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बसवराज गुरिकारा को विधान परिषद चुनाव के लिए मैदान में उतारा है।