Bharat Ratna: नरसिम्हा राव पर कांग्रेस मौन, तो चरण सिंह व स्वामीनाथन पर दिला दी किसान आंदोलन और एमएसपी की याद
निरंतर एक्सेस के लिए सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ रजिस्टर्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
अमर उजाला प्रीमियम लेख सिर्फ सब्सक्राइब्ड पाठकों के लिए ही उपलब्ध हैं
विस्तार
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव और डॉ. एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने की घोषणा की गई है। इसके बाद विभिन्न दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कांग्रेस की तरफ से राज्यसभा सांसद और पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने अपनी बात कही। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, पीवी नरसिम्हा राव, चौधरी चरण सिंह और डॉ. एमएस स्वामीनाथन, भारत के रत्न थे और सदैव रहेंगे। उनका योगदान अभूतपूर्व था, जिसका हर भारतीय सम्मान करता है।
खास बात है कि जयराम रमेश ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को लेकर कुछ नहीं कहा। उन्होंने पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह और डॉ. स्वामीनाथन को लेकर कुछ कहा, मगर साथ ही केंद्र सरकार पर सवाल भी खड़ा कर दिया। जयराम रमेश ने कहा, डॉ. स्वामीनाथन फॉर्मूले के आधार पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का कानूनी दर्जा दिए जाने पर मोदी सरकार चुप है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हठधर्मिता के कारण 700 किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए, मगर सरकार ने किसानों के साथ वादाखिलाफी की। आज भी किसान दिल्ली कूच के लिए तैयार बैठे हैं, मगर सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में किसानों का न्याय दिलाया जाना एक मुख्य उद्देश्य है। 'किसान न्याय' के लिए हमारी मांग है कि स्वामीनाथन फॉर्मूले के आधार पर किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य देने की कानूनी गारंटी दी जाए। यही पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और स्वामीनाथन को सही मायनों में श्रद्धांजलि होगी।
जयराम रमेश से पहले मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दोनों पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव और कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न देने पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और देश के प्रधानमंत्री रहे स्वर्गीय पीवी नरसिम्हा राव, पूर्व प्रधानमंत्री और किसान नेता स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह व किसानों के लिए उल्लेखनीय योगदान करने वाले स्वर्गीय डॉक्टर एमएस स्वामीनाथन को देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न दिए जाने पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर कहा, उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करना, उन महान लोगों के प्रति हमारे राष्ट्र की गहरी कृतज्ञता का प्रमाण है, जिन्होंने इसकी प्रगति की नींव रखी। हमारा इतिहास स्वामीनाथन को एक दुर्लभ प्रतिभा के रूप में याद करता है, जिनकी वैज्ञानिक क्षमता ने हमारे देश को खाद्य संकट के युग से खाद्य सुरक्षा की ओर ले जाने का कठिन कार्य पूरा किया। एक उत्कृष्ट शिक्षाविद, डॉ. स्वामीनाथन की खोजों ने न केवल अभूतपूर्व शोध कार्यों को जन्म दिया, बल्कि उनकी इस समृद्ध विरासत को जारी रखने के लिए कई प्रतिभाशाली लोगों को भी आकार दिया।