{"_id":"6ad467229b1c9f3dd20a0616","slug":"bengal-government-wakes-after-19-deaths-crowd-management-becomes-priority-stampede-what-appeal-minister-make-2026-10-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"19 मौतों के बाद जागी सरकार: भगदड़ के बाद आई भीड़ प्रबंधन की याद, मंत्री ने पूजा समितियों से क्या अपील की?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
19 मौतों के बाद जागी सरकार: भगदड़ के बाद आई भीड़ प्रबंधन की याद, मंत्री ने पूजा समितियों से क्या अपील की?
Sun, 18 Oct 2026 11:58 AM IST
प्रशांत तिवारी
पीटीआई, कोलकाता
पीटीआई, कोलकाता
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Sun, 18 Oct 2026 11:58 AM IST
सार
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच भीड़ बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसमें 19 लोगों की मौत हो गई और 25 लोग घायल हो गए। इसके बाद पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने दुर्गा पूजा समितियों से पुलिस के साथ मिलकर भीड़ प्रबंधन और लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की अपील की है।
विज्ञापन
पश्चिम बंगाल के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से हुई मौतौं के बाद सरकार ने पूजा समितियों को भीड़ संभालने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की हिदायत दी है। उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई थी।
विज्ञापन
हादसे के बाद मंत्री की अपील
पश्चिम बंगाल के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष ने रविवार को दुर्गा पूजा समितियों से अपील की कि वे भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ लोगों की आवाजाही का भी पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आयोजकों को पहले से ही जरूरी इंतजाम करने होंगे, ताकि किसी भी स्थिति में भगदड़ जैसी नौबत न आए।
विज्ञापन
बारिश के बीच उमड़ी भीड़ बनी हादसे की वजह?
दिलीप घोष के मुताबिक, चोरबागान में हुआ हादसा अचानक बड़ी संख्या में लोगों के जुटने और भीड़ के दबाव के कारण हुआ होगा। शनिवार शाम बारिश के बीच पंडाल में लोगों की भीड़ बढ़ गई और हालात बिगड़ गए। इस घटना में 19 लोगों की जान चली गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए।
विज्ञापन
'पहले कभी नहीं हुआ ऐसा हादसा'
दिलीप घोष ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि चोरबागान में जो हुआ, वह बेहद पीड़ादायक है। लोग वर्षों से दुर्गा पूजा पंडालों में दर्शन करने आते रहे हैं, लेकिन पहले इस तरह की घटना सामने नहीं आई थी। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े आयोजनों में लाखों लोगों की भीड़ जुटती है और ऐसे में किसी की जान जाना बेहद दुखद है। इस तरह की त्रासदी को हर हाल में रोकना जरूरी है।
पुलिस के साथ मिलकर बनानी होगी भीड़ संभालने की योजना
मंत्री ने साफ कहा कि दुर्गा पूजा समितियों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। आयोजकों को पुलिस के साथ मिलकर ऐसे इंतजाम करने चाहिए, जिनसे पंडाल में आने और बाहर निकलने वाले लोगों की आवाजाही सुचारु बनी रहे। भीड़ को एक ही जगह जमा होने से रोकना और लोगों के निकलने के रास्ते खुले रखना बेहद जरूरी है। समय रहते सावधानी बरतने से ऐसे हादसों की आशंका कम की जा सकती है।
ये भी पढ़ें: बंगाल पंडाल हादसा LIVE: घायलों से मिलने पहुंचे अमित शाह और सीएम शुभेंदु, पुलिस हिरासत में 14 लोग
घायलों के इलाज का भरोसा
दिलीप घोष ने कहा कि राज्य सरकार हादसे में घायल हुए लोगों को उचित इलाज मुहैया कराने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। हालांकि, 19 लोगों की मौत और 25 लोगों के घायल होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या बड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से पर्याप्त तैयारी की गई थी? हादसे के बाद पूजा समितियों को सतर्क रहने की सलाह देना जरूरी है, लेकिन ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समय रहते ठोस कदम उठाना भी उतना ही अहम है।