फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Assembly Election Results 2022 PM Modi Likely Address Party Workers Latest News In Hindi

Election Results 2022: भाजपा की जीत पर पीएम मोदी बोले- परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त हो रहा

Thu, 10 Mar 2022 09:03 PM IST
अभिषेक दीक्षित न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिषेक दीक्षित Updated Thu, 10 Mar 2022 09:03 PM IST
सार

पार्टी के इस प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय पहुंचे। पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई अन्य शीर्ष नेता भी पार्टी मुख्यालय पर मौजूद रहे।

विज्ञापन
Assembly Election Results 2022 PM Modi Likely Address Party Workers Latest News In Hindi
पीएम मोदी - फोटो : ANI

विस्तार

विधानसभा चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भाजपा सरकार बनाने जा रही है। पार्टी के इस प्रदर्शन का जश्न मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई दिल्ली के भाजपा मुख्यालय पहुंचे। पीएम के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई अन्य शीर्ष नेता भी पार्टी मुख्यालय पर मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी के अन्य नेताओं ने उन्हें सम्मानित किया। इसके बाद यहां पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

विज्ञापन


इस दौरान पीएम ने परिवारवाद और जातिवाद को लेकर विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त हो रहा है। ये देश का कितना बड़ा दुर्भाग्य है कि घोटाले से घिरे लोग अब जांच एजेंसियों को रोकने के लिए अपने इकोसिस्टम के साथ मिलकर नए-नए तरीके खोजते हैं। इन लोगों को देश की न्यायपालिका पर भी भरोसा नहीं है। पहले हजारों करोड़ों का भ्रष्टाचार करो, फिर जांच भी नहीं होने दो। और जांच हो तो उस पर दबाव बनाओ। ये उनकी प्रवृत्ति है। ऐसे में आज के परिणाम आने वाले दिनों की राजनीति के लिए नया रास्ता तय करेंगे। 
विज्ञापन


कार्यकर्ताओं ने वादा निभाया
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे युवाओं ने जिस प्रकार भाजपा को समर्थन दिया है, वह अपने आप में बहुत बड़ा संदेश है। मुझे इस बात का भी संतोष है कि फर्स्ट टाइम वोटर्स ने बढ़चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया और भाजपा की जीत पक्की की। चुनाव  के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने ये विजयी पताका लहराई है। मैं भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करता हूं। जनता-जनार्दन का दिल जीतने में, विश्वास जीतने में हम सफल रहे और पूरे पार्टी का नेतृत्व जिन्होंने किया। जिन्होंने लगातार मार्गदर्शन किया, ऐसे हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का मैं अभिनंदन करता हूं, बधाई देता हूं।
विज्ञापन
विज्ञापन


एनडीए के लिए जीत का चौका लगाया
उन्होंने कहा कि सभी छोटे-मोटे कार्यकर्ताओं ने उनके अथक परिश्रम से एनडीए के लिए जीत का चौका लगाया है। साथियों उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए, लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी सीएम को दोबारा चुने जाने का यह पहला उदाहरण है।

यूपी में 37 साल बाद भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आई
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 37 साल बाद भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्य यूपी, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद भाजपा के वोट शेयर में वृद्धि हुई है। गोवा में सारे अनुमान गलत निकल गए। वहां की जनता ने तीसरी बार सेवा करने का अवसर दिया। 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में भाजपा की सीटों की संख्या बढ़ी है। उत्तराखंड में भी भाजपा ने नया इतिहास रचा है। राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दोबारा सत्ता में आई है। एक पहाड़ी राज्य, एक समुद्र तटीय राज्य और एक मां गंगा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त राज्य और एक पूर्वोत्तर में स्थित राज्य। भाजपा को चारों तरफ से आशीर्वाद मिला है।

हर इंसान तक सुविधा पहुंचाने के लिए क्या करना पड़ता है? मुझे पता: मोदी
उन्होंने कहा कि भाजपा की नीति, भाजपा की नीयत और भाजपा के निर्णयों पर लोगों को अपार विश्वास है। साथियों ये चुनाव नतीजे भाजपा की प्रो-पुअर, प्रोएक्टिव गवर्नेंस पर एक प्रकार से बड़ी मजबूत मुहर लगाते हैं। पहले जनता अपने ही हक के लिए सरकार के दरवाजे खटखटाती थी। बिजली, पानी, गैस, टेलिफोन। बहुत बुनियादी सुविधाओं, सामान्य जरूरतों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे। पैसे देने पड़ते थे। कुछ साधन संपन्न लोगों तक सुविधा पहुंचने के रास्ते अलग थे। देश में गरीबों के नाम पर घोषणाएं बहुत हुईं। योजनाएं भी बहुत हुईं, लेकिन उस योजनाओं का जो हकदार था, उसके लिए ये हक उसको मिले, बिना परेशानी के मिले, उसके लिए गुड गवर्नेंस, डिलीवरी का बड़ा महत्व होता है, लेकिन भाजपा ये समझती है। मैं लंबे अरसे तक सीएम के नाते काम कर के आया हूं। इसलिए मुझे पता है कि आखिरी इंसान तक सुविधा पहुंचाने के लिए क्या करना पड़ता है।

पीएम मोदी के संबोधन की कुछ अहम बातें

  • उन्होंने कहा कि भाजपा गरीब को भरोसा देती है कि प्रत्येक गरीब तक सरकार ने निर्णय की दी गई सुविधाएं जरूर पहुंचेंगी। मैं गरीब के घर तक उसका हक पहुंचाए बिना चैन से बैठने वाला इंसान नहीं हूं। उन्होंने कहा कि दो दशक से भी ज्यादा समय तक मुझे सेवा करने का अवसर मिला है। सरकार में कितनी दिक्कतें होती हैं, इसको भलि-भांति जानता हूं। इसके बावजूद मैंने जैसी हिम्मत की है, शायद कोई न कर पाए। वो हिम्मत मैंने लाल किले से अपने भाषण में व्यक्त की थी। 
  • उन्होंने कहा कि मैंने कहा था कि अब भाजपा को जहां जहां सेवा करने का अवसर मिलेगा, वहां उन योजनाओं के हकदारों को 100 फीसदी सैचुरेशन यानी हर योजना का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाने की हिम्मत की। नीयत साफ होती है, गरीबों के प्रति करुणा होती है, तो ऐसे निर्णय करने की ताकत हिम्मत पैदा होती है। हम हर गरीब तक पहुंचेंगे। शत-प्रतिशत लाभार्थी तक पहुंचेंगे। आज हम देश की महिलाओं, अपनी बहन-बेटियों को नमन करता हूं। चुनाव के नतीजों ने मेरी माताओं-बहनों बेटियों का बड़ा योगदान है।
  • उन्होंने कहा कि कभी-कभी कुछ ऐसी घटनाएं हो जाती थीं कि सब चिंता करते थे कि मोदी जी आप अपनी सुरक्षा क्यों नहीं करते? तो मैं यही कहता था कि स्त्री शक्ति का आशीर्वाद मुझे मिला है। भारत की मां बहन बेटियां निरंतर भाजपा पर विश्वास कर रही हैं। उन्हें विश्वास है कि सरकार उनकी छोटी से छोटी जरूरतों को भी ध्यान में रखती है। इन चुनाव के नतीजों ने एक बात और साफ कर दी है कि राज्यों की जनता को, मैं सभी ज्ञानियों को कहता हूं कि देश के विकास के लिए सभी पुरानी और घिसी पिटी रिपोर्टों को छोड़ दें। 


ज्ञानी लोग यूपी की जनता को सिर्फ जातिवाद के तराजू से तौलते थे: मोदी
उन्होंने कहा कि मैं खुद दुख अनुभव करता था कि ज्ञानी लोग यूपी की जनता को सिर्फ जातिवाद के तराजू से तौलते थे। मैं समझता हूं कि यूपी के नागरिकों को जातिवाद की बाड़ेबंदी में बांध कर वे पूरे यूपी और उसके नागरिकों का अपमान करते थे। कुछ लोग ये कह कर यूपी को बदनाम करते हैं कि यहां के चुनाव में तो जाति ही जाति है, लेकिन यूपी के लोगों ने दिखा दिया है। 2014, 2017 और 2021 के बाद अब 2022 में देख रहे हैं कि हर बार यूपी के लोगों ने विकासवाद की राजनीति को ही चुना है। 

पीएम बोले- यूपी के लोगों ने इनको सबक दिया
उन्होंने कहा कि यूपी के लोगों ने इनको सबक दिया है और ये सबक उन्हें सीखना होगा कि यूपी का व्यक्ति पढ़ा लिखा है। उन्होंने सबक दिया है कि जाति की गरिमा और जाति का मान देश को जोड़ने के लिए होना चाहिए, देश को तोड़ने के लिए नहीं होना चाहिए। ये यूपी के लोगों ने चार चुनाव में कर के दिखाया है। मैं ये भी कहूंगा कि 2019 के चुनाव नतीजों के बाद कुछ राजनीतिक ज्ञानियों ने कहा था कि भाई 2019 की जीत में क्या है, ये तो 2017 में ही तय हो गई थी। क्योंकि 2017 में यूपी का नतीजा आय़ा था। मैं मानता हूं कि इस बार ये ज्ञानी जरूर कहेंगे कि 2022 के नतीजों ने 2024 के नतीजे तय कर दिए हैं।

उन्होंने कहा कि आज पंजाब के भाजपा कार्यकर्ताओं की भी विशेष प्रशंसा करुंगा। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में जिस प्रकार पार्टी का झंडा बुलंद किया है, वह आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की मजबूती को, देश की मजबूती को एक अहम स्थान के तौर पर विकसित करेंगे। ये मेरा विश्वास है। पंजाब में भाजपा एक शक्ति के रूप में उभरनी है, ये मैं अपनी आंखों के सामने देख रहा हूं। 

कोरोना से लड़ाई के बीच हुए चुनाव
उन्होंने कहा कि ये चुनाव ऐसे समय में हुए थे, जब दुनिया 100 साल के सबसे बड़े संकट कोरोना महामारी से लड़ रही थी। ये जैसे कुछ कम था, तो युद्ध ने भी विश्व की चिंताएं बढ़ाई हैं। इन परिस्थितियों में दुनियाभर की सप्लाई चेन छिन्न-भिन्न हो गई है। भारत ने इन समस्याओं से निपटने के लिए जो कदम उठाए, आर्थिक स्तर पर जो फैसले लिए। गरीब कल्याण के लिए जो फैसले लिए। उन्होंने भारत को संभलकर आगे बढ़ने में बहुत मदद की है। भारत बच पाया है क्योंकि हमारी नीतियां जमीन से जुड़ी रहीं। हमारे प्रयास निष्ठा के मार्ग पर बढ़ते रहे। जहां-जहां डबल इंजन की सरकार रही, वहां जनता के हितों की डबल सुरक्षा हुई और विकास कार्यों की गति भी तेज हुई। 

यूक्रेन-रूस युद्ध का भी जिक्र किया
उन्होंने कहा कि इस समय जो युद्ध चल रहा है, उसका प्रभाव प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से दुनिया के हर देश पर पड़ रहा है। बातचीत से हर समस्या को सुलझाने के पक्ष में है। लेकिन जो देश सीधे जंग लड़ रहे हैं। भारत का उनका आर्थिक और सुरक्षा की दृष्टि से नाता है। भारत की बहुत सारी जरूरतें इन देशों से जुड़ी हैं। भारत बाहर से जो कच्चा तेल मंगाता है, उसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से बढ़ रही हैं। कोयला हो, गैस हो, फर्टिलाइजर हो सभी की कीमतों में उछाल आ रहा है। युद्ध के कारण पूरी दुनिया में महंगाई बढ़ रही है। विकासशील देशों को इस वक्त कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। इस वैश्विक संकट में इस बार के बजट पर नजर डालें तो एक विश्वास पैदा होता है। देश आत्मनिर्भर भारत के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। 

उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि दुनियाभर में बने इस वातावरण में उथल-पुथल से भरे माहौल में भारत की जनता ने विशेषकर की उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों ने अपनी दूरदृष्टि का परिचय दिया है। भारत के मतदाताओं ने जिस तरह इन चुनावों में सरकारों के लिए वोट दिया है, वह इस बात का परिचायक है कि लोकतंत्र भारतीयों की रगों में है।

गरीबों को घर, राशन और वैक्सीन पर बात की
उन्होंने कहा कि आज इस संकट की स्थिति में मैं अपनी कुछ चिंताएं व्यक्त करना चाहता हूं। देश का नागरिक राष्ट्रनिर्माण में जुटा है, लेकिन हमारे यहां कुछ लोग लगातार राजनीति का स्तर गिराते जा रहे हैं। इन चुनावों में मैंने लगातार विकास की बात की। गरीबों को घर, राशन, वैक्सीन, आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात की।

उन्होंने कहा कि मैंने राज्य के लोगों को बताया था कि मैं किसी के परिवार के खिलाफ नहीं हूं। मैं लोकतंत्र की चिंता करता हूं और सभी ज्ञानियों को कहता हूं कि लोकतंत्र के तराजू पर इन चीजों को तौल के देखो। मैंने लोगों को बताया कि कैसे परिवारवादी राजनीति उनके राज्य का कितना नुकसान कराती है। मुझे खुशी है कि मतदाताओं ने इस बात को समझते हुए विकास को वोट दिया और लोकतंत्र को मजबूत किया।

परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर साधा निशाना

  • उन्होंने कहा कि परिवारवादी राजनीति का सूर्यास्त हो रहा है। ये देश का कितना बड़ा दुर्भाग्य है कि घोटाले से घिरे लोग अब जांच एजेंसियों को रोकने के लिए अपने इकोसिस्टम के साथ मिलकर नए-नए तरीके खोजते हैं। इन लोगों को देश की न्यायपालिका पर भी भरोसा नहीं है। पहले हजारों करोड़ों का भ्रष्टाचार करो, फिर जांच भी नहीं होने दो। और जांच हो तो उस पर दबाव बनाओ। ये उनकी प्रवृत्ति है। 
  • उन्होंने कहा कि ये लोग किसी भ्रष्टाचारी पर कार्रवाई होते ही उसे धर्म का, जाति का और प्रदेश का रंग देने लगते हैं। ये नए तौर तरीके शुरू हुए हैं। किसी माफिया पर कोई अदालत फैसला सुनाती है, तो उसे भी ये धर्म और जाति से जोड़ देते हैं। मैं सभी ईमानदार लोगों से आग्रह करना चाहता हूं कि ऐसे माफियाओं को अपने समाज, संप्रदाय और जाति से दूर निकालने के लिए कोशिश करें। इस संप्रदाय मजबूत होगा, समाज मजबूत होगा। 
  • उन्होंने कहा कि यूपी में हमारी विजय का एक कारण यह भी है कि वहां के लोगों ने कई दशक से ऐसी राजनीति का नुकसान सहा है। मैं बनारस का सांसद होने के नाते। यूपी के लोगों के प्यार और आशीर्वाद ने मुझे भी यूपी वाला बना दिया है। मैं अपने अनुभव से कह सकता हूं कि जाति को बदनाम करने वालों से संप्रदाय को बदनाम करने वालों से अब दूर रहना है और राज्य के विकास को ही सर्वोच्च प्राथमिकता देनी है। आजादी के 75वें वर्ष को देखते हुए इन चुनाव परिणामों का बहुत महत्व है।


परिणाम आने वाले 25 वर्षों के संकल्पों का प्रतिबिंब: मोदी
उन्होंने कहा कि ये चुनाव परिणाम आने वाले 25 वर्षों के हमारे राष्ट्रीय संकल्पों को प्रतिबिंबित करते हैं। यहां दो पटरियों पर एक साथ तेजी से काम करने वाले हैं। एक तरफ गांव, गरीब, छोटे किसान, लघु उद्मी, उनके कल्याण पर हमारा जोर है। दूसरी तरफ देश के संसाधनों और युवाओं  को नई शक्ति देकर हम आत्मनिर्भर बना रहे हैं। देश का युवा अपने हुनर और क्षमता से दुनिया को समाधान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि यह चुनाव परिणाम आने वाले 25 वर्षों के हमारे राष्ट्रीय संकल्पों को प्रतिबिंबित करते हैं। यहां दो पटरियों पर एक साथ तेजी से काम करने वाले हैं। एक तरफ गांव, गरीब, छोटे किसान, लघु उद्मी, उनके कल्याण पर हमारा जोर है। दूसरी तरफ देश के संसाधनों और युवाओं  को नई शक्ति देकर हम आत्मनिर्भर बना रहे हैं। देश का युवा अपने हुनर और क्षमता से दुनिया को समाधान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि चुनौतियां कितनी भी कठिन क्यों न हो, लेकिन जीतने का संकल्प हमारा उससे भी बड़ा होगा। साथियों इतना बड़ा भव्य विजन भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए दिया गया है। इसलिए हमारे मतदाता अभिनंदन के अधिकारी हैं।

नड्डा बोले- भाजपा को उत्तर प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया

  • इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चार बार नरेंद्र मोदी को प्रदेश की जनता ने लगातार अपना आशीर्वाद दिया है। 2014 लोकसभा में प्रचंड जीत हासिल हुई थी, 2017 में प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया था। 2019 में जनता ने फिर से लोकसभा में आशीर्वाद दिया था। इस बार 2022 में चौथी बार भाजपा को उत्तर प्रदेश की जनता ने आशीर्वाद दिया है।
  • नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदली है। लंबे समय तक एक राजनीति चल रही थी। वह राजनीति थी भाई, भतीजावाद, भ्रष्टाचार, सांप्रदायिकता, जातिवाद, परिवारवाद, क्षेत्रवाद। इनकी राजनीति लंबे समय से चल रही थी।
  • उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदल दी है। अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति है। काम करोगे, जनता के बीच में जाओगे और जनता का आशीर्वाद लोगे। आज विकास की राजनीति है, महिला सशक्तिकरण, किसानों का सशक्तिकरण की राजनीति है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed