असमः एआईयूडीएफ के विधायक गिरफ्तार, पहलागांव आतंकी हमले के लिए सरकार को बताया था जिम्मेदार
पहलगाम आतंकी हमले पर भारत विरोधी टिप्पणी करने वाले असम के एआईयूडीएफ विधायक अमीनुल इस्लाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विधायक ने इस हमले के लिए मोदी और शाह को जिम्मेदार बताया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
असम पुलिस ने गुरुवार को ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के ढिंग से विधायक अमीनुल इस्लाम को विवादास्पद बयान देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। विधायक ने दावा किया था कि पहलगाम में हुआ आतंकी हमला केंद्र सरकार की साजिश है। इस बीच, पार्टी प्रमुख ने इस्लाम के बयान के खुद को अलग कर लिया है। जबकि मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने बुधवार को ही कहा था कि जो भी असम की भूमि से पाकिस्तान का समर्थन करेगा, चाहे वह कितना ही बड़ा व्यक्ति क्यों न हो, हम उसे नहीं बख्शेंगे।
ढिंग से विधायक अमीनुल इस्लाम ने बुधवार को कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह 2018 के पुलवामा हमले के पीछे थे और अब वही लोग पहलगाम हमले में भी शामिल हैं। यह बयान उन्होंने अपने क्षेत्र में होने वाले आगामी पंचायत चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के दौरान दिया।
उन्होंने कहा था, मुझे लगता है कि पुलवामा हमले में, जिसमें 2018 में केंद्र सरकार की भूमिका थी। भाजपा ने पुलवामा हमले के मुद्दे पर 2019 के आम चुनावों में मतदाताओं का ध्रुवीकरण
किया और चुनाव जीता। मैंने जांच की मांग की थी लेकिन कुछ नहीं हुआ। मुझे विश्वास है कि जैसे पुलवामा में हुआ, वैसे ही नरेंद्र मोदी सरकार की पहलगाम हमले में भी भूमिका है। अगर सरकार सच सामने नहीं लाती है, तो हमें मानने के लिए बाध्य होना पड़ेगा कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह दोनों इन दोनों हमलों के पीछे थे।
इसके अलावा, इस्लाम ने यह भी दावा किया था कि आतंकियों ने हमला करते समय पीड़ितों की पहचान की पुष्टि नहीं की थी और अंधेरे का फायदा उठाकर पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। जबकि उल्लेखनीय रूप से यह हमला दोपहर के समय हुआ था और घटना के वीडियो भी सामने आए हैं। साथ ही, कई बचे हुए लोगों ने पुष्टि की है कि हमलावरों ने पीड़ितों का धर्म जानने के बाद उन पर हमला किया।
अमीनुल इस्लाम के बयान के बाद आक्रोश फैल गया, जिसके चलते पुलिस ने उन्हें नागांव ज़िले के ढिंग स्थित उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें पूछताछ के लिए ढिंग से गुवाहाटी स्थानांतरित किया जा रहा है।
MEA: साउथ ब्लॉक पहुंचे कई देशों के राजदूत, विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने दी पहलगाम आतंकी हमले की जानकारी
इस्लाम का बयान उनके निजी विचारः बदरुद्दीन
इस बीच, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने पार्टी विधायक अमीनुल इस्लाम के उस विवादास्पद बयान से अपनी पार्टी को अलग कर लिया है। अजमल ने कहा, मुझे बताया गया है कि पार्टी के विधायक अमीनुल इस्लाम को पहलगाम हमले पर उनके बयान के कारण गिरफ्तार किया गया है। मैंने उनका बयान सुना है, और यह दुर्भाग्यपूर्ण है। अजमल ने स्पष्ट किया कि इस्लाम के विचार उनके व्यक्तिगत विचार हैं और पार्टी की आधिकारिक सोच नहीं हैं। उन्होंने कहा, हम अपने राज्य की सरकार के साथ खड़े हैं, क्योंकि आतंकवादी न जाति देखते हैं, न धर्म।
I have instructed @assampolice to take the strictest possible action against anyone who is supporting Pakistan in the wake of the #PahalgamTerroristAttack.
Accordingly, Hon'ble MLA Aminul Islam has been arrested today on charges of sedition.
I repeat, nobody will be spared. pic.twitter.com/AArbD5Ps34
— Himanta Biswa Sarma (@himantabiswa) April 24, 2025
असम की धरती पर पाकिस्तान का समर्थन, गद्दारों को बख्शेंगे नहींः हिमंत
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने पाकिस्तान का समर्थन करने वालों को लेकर सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि असम की धरती पर कोई भी, चाहे वह कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अगर पाकिस्तान का पक्ष लेता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पंचायती चुनाव में वक्तव्य देते हुए, हिमंत ने कहा, खुले कानों से सुन लो, अगर असम की धरती पर कोई पाकिस्तान की दलाली करेगा, तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा, मैंने सोशल मीडिया पर देखा है कि कुछ लोग यहां पाकिस्तान का समर्थन कर रहे हैं। मैं साफ कर देना चाहता हूं—असम की धरती से जो भी पाकिस्तान का समर्थन करेगा, चाहे वह कोई भी हो, कितना भी ताकतवर क्यों न हो, हम ऐसे गद्दारों को नहीं छोड़ेंगे।