Assam News: पुलिस हिरासत में व्यक्ति की मौत के बाद थानाध्यक्ष निलंबित, थाने में आगजनी मामले में तीन गिरफ्तार
असम के बटाद्रवा थाने पर मछली व्यापारी शफीकुल इस्लाम की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी रिहाई के लिए रिश्वत के तौर पर 10,000 रुपये और एक बत्तख की मांग की थी। मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
असम के नगांव जिले में मछली व्यापारी शफीकुल इस्लाम की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत के बाद भीड़ ने शनिवार को बटाद्रवा थाने को आग के हवाले कर दिया था। अब राज्य के डीजीपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बटाद्रवा थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है। पुलिस हिरासत में मौत का मामला सामने आने के बाद डीजीपी भास्कर ज्योति महंता ने कहा, हम शफीकुल इस्लाम की दुर्भाग्यपूर्ण मौत को बहुत गंभीरता से लेते हैं। अगर हमारी ओर से कोई गड़बड़ी हुई है, तो हमारा दोषियों को ढूंढकर उन्हें दंडित करेंगे।
वहीं पुलिस थाने में आगजनी के आरोप में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। असम डीजीपी ने कहा, हमें नहीं लगता कि आगजनी करने वाले मृतकों के शोक संतप्त रिश्तेदार थे। हमारी जानकारी के मुताबिक, मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड वाले रिश्तेदारों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
शुक्रवार शाम हिरासत में लिया गया था मछली व्यापारी
असम पुलिस ने कथित तौर पर शुक्रवार शाम मछली व्यापारी शफीकुल कारोबारी को हिरासत में लिया था। उसे उस समय हिरासत में लिया गया था, जब वह शिवसागर के लिए बस पकड़ने जा रहा था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसे क्यों हिरासत में लिया गया।
रिहाई के लिए 10 हजार रुपये और बत्तख की मांग
परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी रिहाई के लिए रिश्वत के तौर पर 10,000 रुपये और एक बत्तख की मांग की थी। व्यापारी की पत्नी सुबह एक बत्तख लेकर थाने गई थी तो उसे पता चला कि उसके पति को नगांव सिविल अस्पताल ले जाया गया है। वहां पहुंचने के बाद व्यापारी की मौत होने की जानकारी मिली। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया।
#WATCH असम: नागांव में पुलिस हिरासत में एक व्यक्ति की कथित तौर पर मौत होने के बाद भीड़ ने पुलिस स्टेशन पर हमला किया और उसमें आग लगा दी। pic.twitter.com/m1m4sfhS9E
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 21, 2022