आंध्रप्रदेश: जिन्ना टावर पर फहराया गया तिरंगा, विवाद को लेकर राज्य सरकार ने कही यह बात
जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराने के बाद आंध्रप्रदेश की गृह मंत्री सुचित्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रही थी।
विस्तार
आंध्रप्रदेश के गुंटूर में तमाम विवादों के बीच राज्य सरकार ने गुरुवार (तीन फरवरी) को जिन्ना टावर पर तिरंगा फहरा दिया। इस कार्यक्रम का आयोजन गुंटूर नगर निगम की ओर से किया गया। वहीं, आंध्रप्रदेश की गृह मंत्री मेकाथोटी सुचित्रा ने तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में वाईएसआर कांग्रेस के विधायक, मेयर कवति मनोहर नायडू आदि लोग शामिल हुए। गौर करने वाली बात है कि भाजपा ने वाईएसआर कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार से जिन्ना टावर का नाम बदलने की मांग की थी।
26 जनवरी से पहले हुई थी तिरंगा फहराने की कोशिश
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस से पहले कुछ लोगों ने जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराने की कोशिश की थी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। इसके बाद भाजपा और अन्य दलों ने राज्य सरकार पर दबाव बनाया, जिसके चलते गुंटूर नगर निगम ने जिन्ना टावर को तिरंगे के रंग में रंगवा दिया।
गृह मंत्री ने लगाया यह आरोप
जिन्ना टावर पर तिरंगा फहराने के बाद आंध्रप्रदेश की गृह मंत्री सुचित्रा ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक इमारत की वजह से कुछ भी गलत नहीं हुआ है। यह इमारत आजादी से पहले स्वतंत्रता संग्राम की पहचान के रूप में बनवाई गई थी। जो लोग जिन्ना टावर पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें इतिहास पढ़ना चाहिए।