संगम पर हुई रिर्हसल, मुख्यमंत्री योगी की मौजूदगी में आज एयर शो
शुक्रवार की शाम शहर में एकाएक एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर की गड़गड़ाहट लोगों से सुनाई देने लगी। सिविल लाइंस हो या फिर रामबाग, दारागंज हो या फिर चकिया। शहर का शायद ही ऐसा कोई इलाका होगा, जहां लोगों ने तकरीबन आधे घंटे तक रुक-रुक कर आ रही विमानों की आवाज न सुनी हो।
हर कोई तेज आवाज वाले एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर को देख यह सोचने को मजबूर हो गया कि आखिर माजरा क्या है। संगम नोज और उसके आसपास वाले इलाकों में तो इन एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टरों ने अपनी कलाबाजियां भी खूब दिखाईं। बाद में मालूम पड़ा कि यह एयरफोर्स का रिहर्सल है। क्योंकि शनिवार को एयरफोर्स की ओर से संगम पर एयर शो किया जा रहा है।
युवाओं के वायुसेना के प्रति आकर्षित करने का प्रयास
खास बात यह कि शनिवार की दोपहर होने वाले एयर शो का दीदार सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी करेंगे। संगम नोज पर सीएम भी एयर शो को देखेंगे। दरअसल, यह एयर शो आम लोगों के मन में नीली वर्दी वाले सैनिकों के प्रति सामान्य जागरूकता की भावना को विकसित करने एवं युवाओं को वायु सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करने का माध्यम बताया जा रहा है।
दिन में 2.30 बजे नौ हॉक विमानों वाली सूर्य किरण एयरोबेटिक्स टीम, सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम, एडवांस लाइट हेलीकॉप्टर टीम और आकाशगंगा डाइविंग टीम आसमान में करतब दिखाएगी। कुंभ के पूर्व संगम क्षेत्र में वायु सेना का यह प्रदर्शन पूरे विश्व को देश की हवाई ताकत और समृद्धि का संदेश देगा।