Ahmedabad plane crash: विमान को गति नहीं मिली या दोनों इंजन हुए थे फेल? कब मिलेंगे इन सवालों के जवाब; जानें
फ्लैप्स और स्लैट्स के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं
विशेषज्ञों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि क्या विमान के फ्लैप्स और स्लैट्स को ठीक से बढ़ाया गया था। अगर ऐसा नहीं हुआ था, तो जांचकर्ता यह जानना चाहेंगे कि ऐसा क्यों हुआ। क्या पायलटों ने इन्हें नहीं बढ़ाने का निर्णय लिया या वह ऐसा करने में असफल रहे? क्या कोई तकनीकी खराबी थी जिसके कारण पायलट उन भागों को विस्तारित नहीं कर पाए? विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि अगर स्लैट्स और फ्लैप्स को बढ़ा भी दिया गयो तो यह पता करना मुश्किल होगा कि उनका उचित तरीके से विस्तार हुआ था या नहीं।
विंग स्लैट्स और फ्लैप्स की सेटिंग पर सवाल
अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड के दुर्घटना जांचकर्ता रह चुके जेफ गुजेटी कहते हैं कि कोई भी विमान जब उड़ान भरता है तो उसके पंख के पीछे के प्लैप और सामने के स्लैट्स को आमतौर पर बढ़ाया जाता है ताकि विमान की गति बढ़ने पर अधिक लिफ्ट बनाने के लिए ज्यादा सतह क्षेत्र मिल सके। जैसा कि एअर इंडिया का विमान उड़ान भरते ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया, इससे उसके विंग स्लैट्स और फ्लैप्स की सेटिंग के बारे में सवाल उठता है, जो ईंधन से पूरी तरह भरे एक बड़े जेट में उड़ान भरने के लिए महत्वपूर्ण है।
एयर लाइन पायलट एसोसिएशन के पूर्व जांचकर्ता और ओहियो स्टेट यूनिवर्सिटी में विमानन सुरक्षा के सहायक प्रोफेसर शॉन प्रुचनिकी ने कहा कि विमानों को केवल एक इंजन के साथ उड़ान भरने के लिए डिजाइन किया जाता है। पायलटों को भी एक इंजन के सहारे विमान को उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जाता है। उन्हें लगता है कि 787 ड्रीमलाइनर के शायद दोनों इंजन खराब हो गए होंगे। अगर ऐसा हुआ होगा तो यह सबसे खराब होगा। उड़ान भरने के तुरंत बाद, जबकि विमान कुछ फीट की ऊंचाई पर हो, दोनों इंजन के खराब होने पर पायलट के पास आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त समय नहीं था। विमान को ऊपर उठने के लिए थ्रस्ट की जरूरत होती है जो इंजन प्रदान करते हैं। ऐसे में जांचकर्ता यह जानना चाहेंगे कि क्या किसी कारण से इंजन पर्याप्त थ्रस्ट देने में विफल रहे। इंजन के खराब होने पर कभी-कभी कुछ संकेत मिलते हैं- जैसे धुआं, आग, फ्लैश। लेकिन नीचे उतरते विमान के धुंधले वीडियो में इस हादसे के मामले में इनमें से कोई भी स्पष्ट रूप से नजर नहीं आता है। एक वीडियो में विमान के उड़ान भरने के कुछ समय बाद धूल उड़ती दिखाई देती है, लेकिन विशेषज्ञों ने कहा कि ऐसा इंजन के कारण हो सकता है या फिर पंखों के सिरे के हवा में गड़बड़ी के कारण हो सकता है।