चॉपर घोटाला : मिशेल से पूछा जा रहा किसे-किसे मिली रिश्वत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीबीआई ने दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी क्रिस्चियन मिशेल से सवाल-जवाब का दौर जारी रखा। इस दौरान उससे पूछा गया कि अगस्ता-वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकॉप्टर सौदे में दी गई रिश्वत की रकम किस-किसको दी गई। मिशेल को भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे करीब 3600 करोड़ रुपये के इस सौदे में बिचौलिया होने के चलते गिरफ्तार किया गया है।
सीबीआई सूत्रों ने बताया कि पूछताछ में मिशेल और फिनेमैकेनिका व अगस्ता-वेस्टलैंड के बीच हुए विभिन्न अनुबंधों की पुष्टि की गई और उसे इन कंपनियों से मिले भुगतान की जानकारी ली गई। पूछताछ कर रही टीम के पास इटली की जांच एजेंसियों की तरफ से उपलब्ध कराए गए कागजातों के साथ ही विभिन्न छापों के दौरान सीबीआई को मिले कागजात भी मौजूद थे।
सूत्रों ने कहा कि पूछताछ के दौरान बहुत सारे कागजातों की पुष्टि की जानी है और सवालों के जरिए रिश्वत पाने वालों की कड़ी में खाली रह गए स्थानों को भरने की भी कोशिश की गई। सूत्रों के अनुसार, मिशेल ने जांच टीम के अधिकतर सवालों का जवाब दिया है।
पूछताछ के दौरान मौजूद रही मेडिकल टीम
सीबीआई के प्रवक्ता अभिषेक दयाल के मुताबिक, 57 वर्षीय मिशेल को पूछताछ के दौरान लगातार मेडिकल टीम की निगरानी में रखा गया, जो अपने साथ स्वास्थ्य जांच से जुड़े उपकरणों के मॉनीटर लिए हुए थी। उसे सीबीआई कैंटीन में ही बनाया गया सामान्य भारतीय खाना दिया गया।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि कस्टडी में पूछताछ से जुड़ी सभी प्रक्रियाओं व आदेशों का पालन किया जा रहा है। साथ ही बताया कि मिशेल को रात में भरपूर नींद लेने व आराम करने का समय दिया जा रहा है।